जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उप्र राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डा. देवेन्द्र शर्मा ने कहा है कि यदि देश का प्रत्येक नागरिक अधिकतम दो संतान ही पैदा करे तो बच्चों का पालन पोषण ढंग से किया जा सकता है। वह शनिवार को गोंडा जिले के सर्किट हाउस में पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे। उनसे पूछा गया था कि आपकी नजर में कितने बच्चे पैदा करके लोग उनका ढंग से पालन पोषण कर सकते हैं? उन्होंने कहा कि मैने खुद दो ही बच्चे पैदा किए हैं। उन्होंने बताया कि बरसात का मौसम होने के कारण तमाम स्कूल कालेजों के आसपास जल-जमाव की स्थिति हो जाती है। ऐसी दशा में वहां पर मच्छरों का प्रकोप होने की संभावना बलवती रहती है। इसलिए सभी सरकारी तथा प्राइवेट स्कूल व कालेजों को आयोग की तरफ से निर्देशीत किया गया है कि वे बच्चों की सुरक्षा के लिए आसपास के क्षेत्रों में एण्टीलार्वा का छिड़काव करें। अध्यक्ष ने कहा कि स्कूल, कालेजों से 100 मीटर की परिधि के अंदर पान, बीड़ी, सिगरेट अथवा दारू आदि की दुकानें नहीं होनी चाहिए। यह सुनिष्चित करने के लिए प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देषित किया गया है। दारू के ठेके की दुकानों पर 21 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को शराब न बेंचने के लिए बोर्ड लगवाने को कहा गया है। स्कूलों में एक शिक्षक की अगुवाई में पांच-छह बच्चों को मिलाकर प्रहरी क्लब बनाने की कार्यवाही प्रचलित है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार कोरोना में अनाथ हुए बच्चों की परवरिश के लिए आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।
इससे पूर्व उन्होंने जिला कारागार, पोर्टरगंज स्थित बाल गृह शिशु व विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण केन्द्र, बाल गृह बालिका व बालक, वन स्टाप सेंटर, जिला चिकित्सालय के पीकू वार्ड आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को जिला कारागार में महिलाओं के साथ रह रहे बच्चों के लिए झूले की व्यवस्था कराने को कहा। अध्यक्ष ने इटियाथोक में स्थित प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र व कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का भी निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केन्द्र पर उन्होंने अन्नप्रासन भी कराया। बाद में उन्होंने बाल संरक्षण को लेकर जनपदीय अधिकारियों के साथ बैठक कर किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, चाइल्ड लाइन, स्ट्रीट चिल्ड्रेन, बाल विवाह, बालश्रम उन्मूलन सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, नगर मजिस्ट्रेट चन्द्रशेखर, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेमचन्द यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चैधरी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बबिता वर्मा, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति प्रेमशंकर लाल श्रीवास्तव व सदस्य राम कृपाल शुक्ला, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सत्येन्द्र प्रताप सिंह, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी जयप्रकाश यादव, संरक्षण अधिकारी चन्द्रमोहन वर्मा व मनोज उपाध्याय, चाइड लाइन कोलैब के अतुल पाण्डेय व रेलवे के देवीदयाल तिवारी, मौजूद रहे।
Informer की आवश्यकता
गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं : संपर्क करें : 9565000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com
