कार्यभार सम्हालने के बाद आयुक्त से किया औपचारिक मुलाकात, मांगा कार्यालय
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के होम्योपैथी चिकित्सालय में नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ अल्का कपिल ने सोमवार को कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। बाद में उन्होंने देवीपाटन मण्डल के आयुक्त एमपी अग्रवाल से शिष्टाचार भेंटकर विभागीय कार्यो की जानकारी दी। डा. अल्का ने आयुक्त से अपने कार्यालय के भवन के लिये अनुरोध किया। बताते चलें कि जिले में होम्योपैथी चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के लिए अलग से न तो कहीं कार्यालय बना है और न ही इससे पूर्व इस पद पर किसी की तैनाती की गई थी। जिला चिकित्सालय परिसर में ही तीन कमरों में गोंडा का होम्योपैथिक चिकित्सालय संचालित है। यहां आने से पूर्व डॉ अल्का वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी के पद पर अयोध्या जिले में तैनात थीं। कार्यभार सम्हालने के बाद उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों के साथ बैठक की। उनके साथ प्रान्तीय होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी सेवा संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ चन्द्र गोपाल पाण्डेय, अयोध्या के वरिष्ठ चिकित्सधिकारी द्वय डॉ धर्मेंद्र कुमार सिंह व डॉ रईस अहमद भी मौजूद थे। जिले के निवासी डॉ पाण्डेय ने बताया कि पहली बार प्रदेश के सभी मण्डलों में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की नियुक्ति की गयी है। उन्होंने कहा कि मण्डल स्तरीय अधिकारी के तैनाती से होम्योपैथिक चिकित्सा में न केवल गुणात्मक सुधार होगा, बल्कि ड्रग लाइसेंस बनवाने व उसके नवीनीकरण के लिये लोगों को निदेशालय नहीं जाना पड़ेगा। विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों के अवकाश और सेवानिवृत्ति लाभ आदि के प्रकरण निस्तारण की काफी हद तक जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के दायित्वों में शामिल है।
यह भी पढें : अपराधियों को अदालत से सजा दिलाओ, इनाम पाओ-DIG
महत्वपूर्ण सूचना
गोंडा जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।
