Wednesday, March 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda Capsule : DM ने डायट प्राचार्य समेत 20 का वेतन रोका

Gonda Capsule : DM ने डायट प्राचार्य समेत 20 का वेतन रोका

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बड़ी कार्यवाही करते हुए डायट प्राचार्य समेत 20 कर्मचारियों का वेतन रोक दिया है। इनमें प्रवक्ता, वैयक्तिक सहायक से लेकर प्रयोगशाला सहायक तक शामिल हैं। बता दें कि डीएम के आदेश पर नगर मजिस्ट्रेट चन्द्रशेखर ने सोमवार को सुबह 10.15 बजे डायट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आशुलिपिक कक्ष, अभिलेख कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष, स्काउट गाइड कक्ष, उप प्राचार्य कक्ष, विज्ञान स्टोर कक्षा, कार्यालय कक्ष एवं वाद कक्ष बंद पाए गए। इस दौरान उपस्थिति पंजिका के जांच में पाया गया कि कुछ अधिकारी और कर्मचारियों द्वारा बीते कई दिनों से उपस्थिति दर्ज नहीं कराई गई थी। डायट प्राचार्य अतुल कुमार तिवारी भी इस निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी द्वारा सभी अनुपस्थित अधिकारी व कर्मचारियों का वेतन रोकने के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही, सभी से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है।

सीडीओ ने चौपाल लगाकर किया सुनवाई

गोंडा की मुख्य विकास अधिकारी अधिकारी एम अरुन्मौली ने मंगलवार को छपिया विकास खंड की ग्राम पंचायतों उल्लहा, संगवा, सिसईरानीपुर, बभनीखास, खालेगांव तथा शीतलगंज में चौपाल लगाकर ग्रामवासियों की समस्याओं को सुना। उन्होंने कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया। अन्य शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। जनचौपाल में सभी सरकारी विभागों द्वारा अपने विभाग द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। सीडीओ ने लेखपालों को निर्देशित किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न होने पाए। ग्राम सभा की जमीन को सुरक्षित रखा जाए। चौपाल के दौरान सीडीओ ने सभी ग्रामवासियों से कहा कि भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा बहुत सी जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर ग्रामीण अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं। योजनाओं में दी जाने वाली धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थी के खाते में भेजी जाती है। कई बार लाभार्थी का आधार बैंक खाते से लिंक न होने के कारण सहायता राशि पहुंचने में दिक्कत होती है। अतः सभी ग्रामवासी अपना आधार बैंक में जाकर लिंक करा लें जिससे उन्हें पेंशन सहित अन्य योजनाओं का लाभ समय से मिल सके। इस अवसर पर एसडीएम मनकापुर, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, सभी संबंधित गावों के राजस्व निरीक्षक, लेखपाल सहित सभी संबंधित विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

20 हजार का इनामिया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस ने मंगलवार को तड़के एक मुठभेड़ के दौरान पिछले दिनों पुलिस अभिरक्षा से फरार 20 हजार रुपए के इनामिया बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने आज यहां बताया कि थाना कोतवाली नगर की पुलिस द्वारा पिछले दिनों एक मोटर साइकिल चोर मनीष तिवारी पुत्र बनवारी लाल तिवारी निवासी ख्वाजा जोत थाना धानेपुर जनपद गोंडा को गिरफ्तार किया गया था। चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाते समय वह पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हो गया था। मनीष की गिरफ्तारी पर 20 हजार का इनाम घोषित कर थाना कोतवाली नगर, एसओजी व सर्विलांस सहित कुल 08 टीमें गठित की गयी थी। एसपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बीती रात कोतवाली नगर के सोनी गुमटी के पास पुलिस द्वारा उसकी घेराबंदी की गई। उसने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। आत्म रक्षा में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली में बदमाश को बाएं पैर में गोली लगी है। उसके पास से 01 अदद 315 बोर का अवैध असलहा तथा कारतूस बरामद हुए हैं। एसपी ने कहा कि मनीष तिवारी का पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल गोण्डा में इलाज चल रहा है। स्थानीय थाने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उसके खिलाफ कानपुर नगर समेत कई जिलों में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार कर्ता टीम में प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह, एसओजी प्रभारी संतोष कुमार सिंह, यशवंत यादव, आनंद यादव, महेंद्र यादव, रणधीर सिंह, अंशुमन व हृदय नारायण दीक्षित शामिल रहे।

1100 शिक्षक जाएंगे दिल्ली रैली में

राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मंच गोंडा के सह संयोजक वीर विक्रम सिंह तथा जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में आगामी 10 अगस्त को नयी दिल्ली के रामलीला मैदान में पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन के सम्बंध में तैयारी बैठक करके समीक्षा की गई। सह संयोजक ने कहा कि सभी शिक्षक और कर्मचारी एक दिन का आकस्मिक अवकाश लेकर ट्रेन, बसों तथा निजी गाड़ियों से इस ऐतिहासिक आन्दोलन में प्रतिभाग करेंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि गोंडा जनपद से लगभग 1100 शिक्षक एवं कर्मचारी आंदोलन के तीसरे चरण में पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में दिल्ली के रामलीला मैदान में हुंकार भरेंगे। जिला कोषाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि यह महा रैली पुरानी पेंशन बहाली की दिशा में निर्णायक सिद्ध होगी। इसके बाद देश का कर्मचारी और शिक्षक एनपीएस को किसी भी दशा में स्वीकार नहीं करेगा। जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि पेंशन बहाली मंच द्वारा स्थानीय प्रशासन को संगठन के माध्यम से दिल्ली जाने की सूचना दी जा चुकी है। इस मौके पर प्रान्तीय कोषाध्यक्ष सुरेश सिंह, मुजेहना के ब्लाक अध्यक्ष तोता राम पांडेय, असगर अली, जनार्दन पांडेय, देव प्रकाश पांडेय, रूपेश पांडेय, सुशील कुमार, धर्मेन्द्र प्रताप, यशवन्त पांडेय, राम जियावन, रवि तिवारी, माधव राम शुक्ला, देव प्रकाश पांडेय, राम किंकर सिंह आदि उपस्थित रहे।

विद्यालय में चोरी

कौड़िया थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम कटुवा नाला स्थित श्री बजरंग बहादुर सिंह इंटर कॉलेज में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने स्टाफ रूम का ताला तोड़कर स्टाफ रूम में रखे बक्से को खंगालकर उसमें रखी कुछ किताबें और फाईल चोरी कर ले गए। विद्यालय के अध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार सिंह ने स्थानीय पुलिस चौकी पर तहरीर देकर बताया कि जब अध्यापक और बच्चे स्कूल पहुंचे तो देखा कि स्टाफ रूम का ताला टूटा हुआ था एवं बक्से में रखी किताबें, फाइलें बिखरी पड़ी थीं। चोरों ने मुख्य कार्यालय का ताला तोड़ने की कोशिश की लेकिन नहीं तोड़ पाए। मुख्य कार्यालय में विद्यालय संबंधी समस्त अभिलेख सुरक्षित रखे हैं। चौकी प्रभारी दुबहा बाजार प्रेमानंद ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच करके उचित वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

नव प्रवेशी छात्र छात्राओं का दीक्षारंभ

व्यक्तित्व विकास के लिए छात्र-छात्राओं को नीति एवं नैतिकता का बोध कराना आवश्यक है, क्योंकि नैतिकता से ही अच्छे और बुरे, व्यवहार और आचरण में अंतर करने का विवेकपूर्ण परख करना विद्यार्थी सीख पाते हैं। यह बात श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर रवींद्र कुमार पांडेय ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में बोलते हुए कही। वह कालेज के विज्ञान संकाय में बी.एससी. कृषि, जीव विज्ञान एवं गणित, बी.बी.ए. एवं बी.सी.ए. प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ समोराह में बोल रहे थे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नीति शास्त्र, नैतिकता, मानवता और जीवन के मूल्यों की जानकारी देते हुए सद् आचरण, संवेदनशील, व्यवहार कुशल, मानवतावादी, उदारवादी, परोपकारी, प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने का सुझाव दिया। यह जानकारी देते हुए कालेज के मीडिया प्रभारी प्रोफेसर शिव शरण शुक्ला ने बताया कि दीक्षारंभ समारोह में प्रोफेसर संजय कुमार पांडे, डॉ मनीष शर्मा, डॉ. अश्वनी मिश्रा, प्रोफेसर श्रवण कुमार श्रीवास्तव, डॉ. रेखा शर्मा, डॉ .शिशिर त्रिपाठी, डॉ पुनीत कुमार, डॉ घनश्याम द्विवेदी, डॉ स्मिता सिंह, डॉ धर्मेंद्र प्रताप सिंह, डॉ विनय पांडे, डॉ स्मृति शिशिर, डॉ शैलजा सिंह, डॉ प्रतिभा सिंह, इंजीनियर अभय द्विवेदी, डॉ संदीप शाही आदि मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि छात्र छात्राओं को नीति, नैतिकता, मानवीय मूल्य, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की विस्तृत जानकारी देने के लिए विज्ञान संकाय के सभी विभागों द्वारा 10 अगस्त तक दीक्षारंभ कार्यक्रम चलाया जाएगा, जिसमें सभी छात्र छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य है।

तुलसी जयंती पर सेमिनार का आयोजन

अवध संस्कृति उत्कर्ष समिति के संयोजन में गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर आगामी 23 अगस्त को ‘तुलसीदास जन्म भूमि विवाद’ पर विमर्श व उनके साहित्यिक सांस्कृतिक अवदान पर राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन नई दिल्ली स्थित गांधी शांति प्रतिष्ठान में किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए अवध संस्कृति उत्कर्ष समिति के अध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि मीडिया पार्टनर संग्रह टाइम्स व उदय सर्वोदय के सहयोग से आयोजित इस राष्ट्रीय सेमिनार में ‘गोस्वामी तुलसीदास व अवधी साहित्य’ पर विद्वान साहित्यकारों द्वारा विमर्श, वरिष्ठ साहित्यकारों का सम्मान, अवधी में काव्य पाठ एवं डा. श्रीनारायण तिवारी द्वारा लिखित गोंडा जनपद और तुलसीदास का विमोचन भी होगा। सेमिनार में हिन्दी साहित्य संस्थान से साहित्य भूषण से विभूषित वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सूर्यपाल सिंह के मुख्य आतिथ्य में हिन्दी के विद्वान व समीक्षक अनिल कुमार राय, डा. बजरंग विहारी तिवारी, समाजसेवी सूर्य कांत सिंह, सरोज कुमारी, राहुल देव, रमा शंकर सिंह, डा. लक्ष्मीकांत पांडेय, डा. रघुनाथ पाण्डेय, सुल्तान भारती, मनोज सुल्तानपुरी, प्रांजल धर सहित अनेक विद्वान व समीक्षक प्रतिभाग करेंगे। संयोजक संग्राम सिंह ने बताया कि सेमिनार के पश्चात संग्रह टाइम्स पब्लिकेशन द्वारा प्रकाशित एवं डा. श्री नारायण तिवारी द्वारा लिखित पुस्तक ’गोण्डा जनपद और तुलसीदास’ का लोकार्पण भी किया जाएगा। सेमिनार में साहित्यकार डॉ. एसपी सिंह, प्रो. अनिल राय, अवधी अभिनेता रमेश दूबे रमेशवा, डॉ. श्री नारायण तिवारी, उद्योगपति ठाकुर सूर्यकांत सिंह को अवध संस्कृति सम्मान 2023 तथा ए.सी.पी. सूरजभान सिंह और डॉ. लक्ष्मीकान्त पाण्डेय को हरिश्चंद्र सम्मान 2023 से सम्मानित किया जाएगा। प्रख्यात अवधी लोक गायक शिवपूजन शुक्ल, कवि विशाल, मनोज मिश्र, कप्तान, जयवीर सिह ’सरस’ के ’काव्य पाठ’ से सेमिनार का समापन किया जाएगा। लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोंडा के हिन्दी विभागाध्यक्ष व शोध केन्द्र निदेशक डॉ. शैलेन्द्र नाथ मिश्र कार्यक्रम का संचालन करेंगे।

अंग्रेजी माध्यम के स्कूलां में रही तालाबंदी

बीते दिनों आजमगढ़ जिले में एक छात्रा की दुखद मौत के मामले में विद्यालय की प्रधानाचार्य व एक शिक्षक की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को गोंडा जिले के अंग्रेजी माध्यम के सभी विद्यालय बंद रहे। इन विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों ने कचहरी पहुंचकर नगर मजिस्ट्रेट को एक मांग पत्र सौंपा। गिरफ्तारी का विरोध करते हुए मॉडर्न पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य वीर गौरव सिंह ने सहयोगी शिक्षकों के साथ छात्रा की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए मौन धारण किया तथा प्रबंधक डॉ. शेर बहादुर सिंह के साथ बांह पर काली पट्टी बांधकर गिरफ्तारी पर आक्रोश व्यक्त किया। इसी प्रकार से फुलवारी पब्लिक स्कूल भी आज बंद रहा। विद्यालय की प्रबंधक नीता सिंह ने कहा कि हम मृत छात्रा के परिवार के प्रति गहरी सहानुभूति रखते हैं, किन्तु उचित सबूतों के अभाव में प्रधानाचार्य व शिक्षक को गिरफ्तार करना अनुचित है। इस मौके पर विद्यालय के अध्यक्ष वीर विक्रम सिंह, मालती सिंह, सचिव क्रांति कुमार सिंह, प्रधानाचार्या शैव्या मिश्रा, अभिषेक शर्मा, सौम्या द्विवेदी, ज्योति चौरसिया, हर्षित सिंह, राहुल पांडे, ज्ञानेंद्र सिंह, आलोक द्विवेदी, दिनेश सोनी, नागेंद्र सिंह, अजीम सिद्दकी, अंजली ओझा, संगीता शुक्ला, सुषमा पांडे, निशी मिश्रा, शालिनी सिंह, चांदनी द्विवेदी, सोनू शुक्ला, आशा पाठक, मल्लिका टंडन, दिव्या सिंह, अपर्णा शर्मा, श्रीजना राय, बिमला राय, कुसुम छेत्री, श्वेता सिंह, रश्मि चौरसिया आदि मौजूद रहे।

50 हजार रिश्वत लेने का आरोपी लेखपाल निलम्बित

गोंडा जिले के मनकापुर तहसील में तैनात एक लेखपाल को एक किसान से 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में निलम्बित कर दिया गया है। यह जानकारी देते हुए एसडीएम मनकापुर ने बताया कि पिछले दिनों सोशल मीडिया पर पर आरोपी लेखपाल का एक वीडियो वायरल हुआ था। बीते शनिवार को डीएम नेहा शर्मा को संपूर्ण समाधान दिवस में कलेनिया निवासी संजय तिवारी ने प्रार्थना पत्र देकर मामले की शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार, लेखपाल अंजनी कुमार ने उससे कृषि पट्टा आवंटन के लिए 50 हजार रुपये ले लिए थे। सुबूत के रूप में संजय ने कुछ रिकॉर्डिंग भी पेश की। इस पर डीएम ने तत्काल जांच के आदेश दिए थे। प्रशासन द्वारा कराई गई जांच में शिकायत सही पाई जाने पर रानीपुर क्षेत्र के लेखपाल अंजनी कुमार मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया। निलम्बन अवधि में उन्हें रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय से सम्बद्ध किया गया है।

20 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार

गोंडा जिले के मनकापुर थाने की पुलिस ने एएनएम के घर पत्र डालकर बीस लाख रुपए की रंगदारी मांगने वाले आरोपी को गिरफ्तार करके घटना का खुलासा किया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सौरभ वर्मा ने बताया कि बनकसिया शिव रतन सिंह निवासी कृष्ण गोपाल शुक्ला के घर में बीस लाख रुपए की रंगदारी मांगने का धमकी भरा पत्र मिला था। पुलिस ने प्रकरण की छानबीन के उपरान्त साक्ष्य संकलित करते हुए मंगलवार की सुबह ग्राम मरौचा स्थित नहर पुलिया के पास से रवि शुक्ला को गिरफ्तार किया। उसे आवश्यक लिखा-पढ़ी के बाद न्यायालय भेजा गया। सीओ के अनुसार वैज्ञानिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और हस्तलेख विशेषज्ञ के विश्लेषण आदि साक्ष्यों के अवलोकन से रवि शुक्ला का नाम प्रकाश में आया था। आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि पूर्व में कृष्ण गोपाल शुक्ला ने अपने घर में हुई चोरी में उसके ऊपर संदेह जाहिर किया था। आरोपी ने कहा कि उसकी पुश्तैनी जमीन पर कृष्ण गोपाल द्वारा कब्जा किए जाने से वह क्षुब्ध था। परिणाम स्वरूप उन्हें परेशान करने की नीयत से यह पत्र उसके घर में फेंका था।

कौशल विकास के लिए आवेदन आमंत्रित

गोंडा के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में कौशल विकास के अंतर्गत शार्ट टर्म कोर्स करने के इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र भरकर कार्यालय में जमा कराएं। यह जानकारी प्रधानाचार्य अनिल वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि कक्षा आठ, हाईस्कूल और आईटीआई पास युवा सूर्य मित्र, ओडीओपी, और न्यू एज कोर्स में हिस्सा ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी कार्यदेशक विजय कुमार से निःशुल्क आवदेन प्राप्त कर सकते हैं।

परिवर्तित मार्ग से चलेगी स्पेशल ट्रेन

पूर्वात्तर रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर कैंट यार्ड रिमाडलिंग की वजह से उदयपुर सिटी से 09 अगस्त को चलने वाली 05615 उदयपुर सिटी गुवाहाटी विशेष गाड़ी को पूर्व में निरस्त करने का आदेश दिया था। अब इस गाड़ी को बहाल करते हुए परिवर्तित मार्ग लखनऊ-वाराणसी-छपरा के रास्ते चलाने का फैसला लिया गया है। यह जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने दी।

ट्राली पलटने से युवक की मौत

गोंडा जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत मंगलवार को श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलट जाने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गये। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि थाना क्षेत्र के पौराणिक पृथ्वीनाथ मंदिर पर जलाभिषेक के लिए जा रहे खनवापुर निवासी करीब दो दर्जन श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए मंगलवार को पौराणिक पृथ्वीनाथ मंदिर जा रहे थे। पचरन मोड पर तीव्र गति से जा रहा ट्रैक्टर ट्राली अचानक पलट गया, जिसमें आठ लोग घायल हो गये। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुँचाया। आन ड्यूटी चिकित्सक श्वेता त्रिपाठी ने गम्भीर रूप से घायल रोहित तिवारी, खुशबू, कुमकुम, मीरा, मोहिनी व खुशी को जिला चिकित्सालय भेज दिया, जबकि रिंकी और सुभी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। रोहित तिवारी की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई।

विद्यार्थी परिषद की सदस्यता शुरू

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संगठन मंत्री प्रखर मिश्रा ने महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज बेलसर में सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। प्रखर ने कहा कि विद्यार्थी परिषद् न केवल भारत का बल्कि विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। जिला संगठन मंत्री नंदिनीनगर हरिओम शर्मा ने छात्र-छात्राओं को एबीवीपी के बारे में जानकारी दी। प्रखर मिश्रा ने राम सुफल पांडेय शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज बेलसर समेत अन्य स्कूलों में भी संपर्क किया। नगर इकाई अध्यक्ष बेलसर अशोक कुमार ने कहा कि बेलसर नगर क्षेत्र में 5000 सदस्यता का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर नगर उपाध्यक्ष रघुनाथ द्विवेदी, आशीष कुमार पांडेय, धीरेंद्र प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।

प्राइमरी स्कूल के पांच शिक्षक बर्खास्त

बलरामपुर जिले में फर्जी अभिलेखों के सहारे नौकरी कर रहे पांच शिक्षकों की सेवा मंगलवार को समाप्त कर दी गई। यह जानकारी देते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव के निर्देशानुसार जनपद बलरामपुर में कार्यरत पांच संदिग्ध अध्यापकों का वेतन रोक दिया गया था। उन्हें नोटिस देकर नियुक्ति के सम्बंध में अपना पक्ष रखने एवं साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा गया था। परन्तु पर्याप्त समय देने के बावजूद संतोषजनक उत्तर व साक्ष्य न देने की दशा में सभी अध्यापकों को आज सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। सेवा से बर्खास्त किए गए शिक्षकों में आनन्द कुमार तिवारी, शशेन्द्र प्रताप सिंह, विजय प्रकाश सिंह, कल्बे हसन व देशराज सिंह शामिल हैं।

गैरहाजिर कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोका

जिलाधिकारी अरविंद सिंह द्वारा किए गए जिला महिला अस्पताल के औचक निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया गया है। मंगलवार को पूर्वान्ह अचानक अस्पताल पहुंचे डीएम ने प्रतीक्षालय, जनरल वार्ड, पैथॉलाजी. एसएनसीयू व बाह्य रोगी कक्ष आदि का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए साफ-सफाई के लिए एक नोडल अधिकारी नामित करने को कहा। उन्होंने सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभालने वाली संस्था को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिनका वेतन रोकने का निर्देश उन्होंने अस्पताल प्रशासन को दिया। पैथालॉजी के निरीक्षण के दौरान डीएम को पीओसी मशीन संचालित नहीं मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सम्बन्धित संस्था से सम्पर्क कर मशीन को तत्काल सही कराए जाने को कहा। डीएम ने कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए पोस्ट एवं प्री डिलेविरी वार्ड में वेंटीलेशन के लिए इक्झास्ट और बड़ा कूलर लगवाया जाय। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डा. सुशील कुमार, सीएमएस डा. विनीता राय, एसडीएम संतोष कुमार ओझा आदि मौजूद थे।

मतदेय स्थलों की सूची का आलेख्य प्रकाशित

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बलरामपुर जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की सूची का आलेख्य प्रकाशन मंगलवार को कर दिया गया। यह सूची जिला निर्वाचन कार्यालय व जनपद के समस्त सम्बन्धित उपजिलाधिकारी कार्यालय पर निःशुल्क निरीक्षण के लिये उपलब्ध है। यह जानकारी देते हुए बलरामपुर के अपर जिलाधिकारी व उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का अवलोकन लोक अवकाश के दिनों को छोड़कर किसी भी कार्य दिवस में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि आलेख्य प्रकाशित मतदेय स्थलों की सूची पर किसी भी जनप्रतिनिधि, राजनैतिक दल, व्यक्ति, संगठन अथवा आम जनमानस को कोई आपत्ति या सुझाव देना हो तो वह लिखित में सम्बन्धित उपजिलाधिकारी अथवा जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में 14 अगस्त तक प्रस्तुत कर सकते है। इस अवधि के पश्चात् प्राप्त किसी भी आपत्ति अथवा सुझाव पर विचार नहीं किया जायेगा।

अनुरोध

*अपने शहर गोंडा की आवाज “रेडियो अवध” को सुनने के लिए इस लिंक👇 पर क्लिक करके अपने एंड्रॉयड फोन पर डाउनलोड करें Radio Awadh 90.8 FM ऐप* https://play.google.com/store/apps/details?id=com.radioawadh.radioawadh ’और रोजाना प्रातः 06 बजे से आरजे राशि के साथ सुनें भक्ति संगीत का कार्यक्रम “उपासना“ और 07 बजे से आरजे सगुन के साथ “गोनार्द वाणी“ में सुनें निर्गुण भजन, पूर्वान्ह 11 बजे से यादों का झरोखा, दोपहर 12 बजे से सुनें फरमाइशी फिल्मी नगमों का प्रोग्राम ‘हैलो अवध’, दोपहर 1 बजे से आरजे खुशी के साथ सुनें महिलाओं पर आधारित कार्यक्रम “आधी दुनिया“, दोपहर बाद 3 बजे से आरजे सैंपी के साथ कार्यक्रम “ताका झांकी”, शाम 5 बजे से आरजे दक्ष के साथ किशोरों और युवाओं पर आधारित ज्ञानवर्धक कार्यक्रम “टीन टाइम”,  रात 9 बजे से आरजे कनिका के साथ करिए प्यार मोहब्बत की बातें शो “सुधर्मा“ में। इसके अलावा दिन भर सुनिए आरजे प्रताप, आरजे शजर, आरजे अभिषेक, आरजे राहुल द्वारा प्रस्तुत रंगारंग और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम। तो App डाउनलोड करना न भूलें और दिन भर आनंद लें विविध कार्यक्रमों का।’’ ऐप के SCHEDULE पर जाकर दिन भर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों का विवरण देख सकते हैं। साथ ही अपने मन पसंद गाने सुनने के लिए रेडियो अवध के ऐप पर CHAT में जाकर अथवा हमारे वाट्सएप नम्बर 9565000908 पर हमें मैसेज कर सकते हैं।’

Informer की आवश्यकता

गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं :  संपर्क करें : 9554000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular