प्रदीप पांडेय
गोंडा। जिले के इटियाथोक थाने की पुलिस ने क्षेत्र के एक पेट्रोल पम्प पर टप्पेबाजी करने वाले दो अभियुक्तों को 24 घंटे के अंदर चोरी की रकम व असलहा समेत गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया। प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय ने बताया कि क्षेत्रीय पेट्रोल पम्प पर एक दिन पूर्व टप्पेबाजी करने वाले दोनो अभियुक्तों को चोरी में गए रुपये 17000 के साथ-साथ असलहे व कारतूस एवं बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को प्रेसवार्ता में प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सदाशिव बाजार के पास स्थित पेट्रोल पंप पर हुई टप्पेबाजी की घटना का सफल अनावरण कर चोरी व नकबजनी करने वाले दो नफर अभियुक्तों को मध्यनगर चौराहे से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से टप्पेबाजी की रकम तथा असलहा आदि बरामद कर मुकदमा पंजीकृत कर न्यायालय रवाना किया गया है। उक्त प्रकरण में अभियुक्त देवराज पुत्र जगदीश सिंह निवासी रामगढ़वा मौजा दुल्हापुर थाना धानेपुर के कब्जे से कुल 11 हजार रुपये एवं 270 गोली प्रतिबंधित अल्प्रासेफ तथा एक अदद तमंचा व कारतूस 12 बोर बरामद किया गया है। इसी क्रम में अभियुक्त रिंकू सिंह पुत्र राम बहादुर सिंह निवासी रामगढ़वा मौजा दुल्लापुर थाना धानेपुर के कब्जे से कुल 6 हजार रुपये एवं 150 गोली प्रतिबंधित अल्प्रेसेफ और एक अदद तमंचा व कारतूस 12 बोर बरामद हुआ है।
आपको बता दे कि बीते 9 सितंबर को सदाशिव इंडियन बैंक शाखा से रुदापुर पंचायत के मजरा मनिहारपुरवा निवासी मो. वकीम ने पैसा निकालकर उक्त पेट्रोल पंप पर डीजल भरा रहे थे। पंप कर्मचारी को पैसा देने के लिए वह बाइक से उतर गये। इसी दौरान दो टप्पेबाज डिग्गी से पैसा निकालकर रफूचक्कर हो गये। इस दौरान पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैंमरे में कैद हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने फुटेज का आधार पर जांच पडताल शुरू की और दोनो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
