जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बुधवार की रात दुकान बंद करके घर जा रहे एक सर्राफा व्यापारी के साथ अज्ञात बदमाशों द्वारा कथित लूटपाट की घटना को अंजाम दिए जाने की खबर है। प्रकरण में स्थानीय थाने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर जांच के लिए टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि जिले के छपिया थाना क्षेत्र के अन्तर्गत टैरवा में दुकान कर रहा एक सर्राफा व्यापारी दिनेश सोनी पुत्र लल्लू सोनी बुधवार की देर शाम अपनी दुकान बंद करके अपनी यूपी 43AB/9454 नंबर की मोटर साइकिल से सोहिला गांव स्थित अपने घर वापस लौट रहा था। रास्ते में छपिया मंदिर के निकट बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों द्वारा असलहे की नोक पर उसके पास मौजूद करीब 100 ग्राम के सोने के जेवर लूटकर फरार हो जाने के बारे में पुलिस को सूचना दी थी। लूटे गए जेवरात की कीमत करीब छह-सात लाख रुपए होने का दावा किया जा रहा है। एसपी ने बताया कि घटना की सूचना पर छपिया के प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और व्यापारी से पूछताछ किया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत होती है, तथापि सच्चाई का पता लगाने के लिए स्थानीय थाने पर अभियोग संख्या 239/2022 अंतर्गत धारा 392, 504, 506 भादवि के तहत अभियोग दर्ज कर जांच के लिए टीमें गठित की गई हैं।
