गलत बिल देकर सुधार के नाम पर अब बंद हो जानी चाहिए वसूली
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। सारे जेई कान खोलकर सुन लें। यहां पर आप लोगों को बुलाने का एक ही उद्देश्य है कि विद्युत उपभोक्ताओं का बिल सही करने के नाम पर शोषण बंद हो। यदि यह बंद नहीं हुआ तो फिर मुझे आप सबकी सतर्कता जांच कराने के लिए शासन को लिखना पड़ेगा। जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार के यह तेवर देखकर बिजली विभाग के अभियंता बुघवार की शम को सन्न रह गए। स्थान था बिजली विभाग का डाक बंगला और अवसर था विद्युत अभियंताओं के साथ डीएम द्वारा की जाने वाले विभागीय समीक्षा का।
दरअसल जिलाधिकारी ने बिजली विभाग की समीक्षा अलग से करने का निर्णय लिया था। इसके लिए उन्होंने जिले के सभी 25 अवर अभियंताओं को भी बैठक में तलब किया था। आज जब बैठक शुरू हुई तो सबसे पहले उन्होंने खण्ड वार अवर अभियंताओं की जानकारी ली। पता चला कि खण्ड एक (नगर क्षेत्र) में पांच, खण्ड दो (तरबगंज) में आठ, खण्ड तीन कर्नलगंज में पांच तथा खण्ड चार मनकापुर में सात अवर अभियंता हैं। डीएम ने शहरी क्षेत्र में कम और ग्रामीण क्षेत्र में अधिक अवर अभियंताओं की तैनाती पर सवाल खड़ा किया गया तो बैठक में मौजूद अधीक्षण अभियंता ने बताया कि यह संख्या विद्युत कनेक्शनों के आधार पर निर्धारित होती है। जोन के मुख्य अभियंता द्वारा इनकी तैनाती की जाती है। इसके बाद डीएम सीधे काम की बात पर उतर आए। उन्होंने कहा कि आज मैं दो चीज के लिए आया हूं। ये सारे जेई कान खोलकर सुन लीजिए, आप लोगों को बुलाने का एक ही उद्देश्य है। सबसे बड़ी चीज क्षेत्र से यह आ रही है कि उपभोक्ताओं को गलत बिल दी जा रही है और फिर उसे सही करने के नाम पर उनका शोषण किया जा रहा है। यह हमारे जिले से लेकर शासन तक एक आम समस्या है। यदि यह समस्या बनी रही तो अभी आप लोगों के खिलाफ ऊपर से विजिलेंस जांच की संस्तुति की गई है, हम लोग भी यहां से लिखकर भेजेंगे कि इस क्षेत्र विशेष में इस प्रकार की ज्यादा शिकायतें आ रही हैं। यहां की विजिलेंस जांच करा ली जाय। डीएम ने कहा कि नियमानुसार लोगों के जो बिल आ रहे हैं, वे घटेंगे और बढ़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि बिजली के बिल की वसूली पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा बड़े बकायेदारों को आरसी जारी करके अधिक से अधिक वसूली की जाय। बताते चलें कि जनता दर्शन के दौरान बिजली बिल को लेकर आने वाली शिकायतों से इन दिनों जिलाधिकारी काफी नाराज चल रहे हैं। इसी को लेकर उन्होंने सीधे अवर अभियंताओं से संवाद करने का निर्णय लिया था। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता रमेश चन्द्र, अधिशासी अभियंता एसके साहू, एसडीओ संदीप यादव, शुभम सिंह, लक्ष्मी नारायण भारतीय, अवर अभियंता रामाजी, एसके मौर्य, राम सूरत वर्मा, अजीत सिंह, ओएसडी शिवराज शुक्ला आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढें : बाइक टकराने से नाराज दारोगा ने युवक पर तानी पिस्टल, निलम्बित
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
