Monday, March 23, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : छुट्टा गोवंशों को पकड़कर ग्रामीणों ने ब्लाक पर किया प्रदर्शन

Gonda : छुट्टा गोवंशों को पकड़कर ग्रामीणों ने ब्लाक पर किया प्रदर्शन

प्रदीप पांडेय

गोंडा।
ब्लाक क्षेत्र में भारी संख्या में इधर उधर घूम रहे छुट्टा गोवंशो से ग्रामीण परेशान हैं। इन गोवंशो के चलते क्षेत्र के किसानों की लहलहाती फसलें बर्बाद हो रही हैं। आए दिन यह गोवंश दुर्घटनाओं के कारण भी बन रहे हैं और ग्रामीणों को यह दिन रात परेशान कर रहे हैं। इसी समस्या को लेकर शनिवार को इटियाथोक ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत अयाह गांव में अनेको ग्रामीणों ने मिलकर गांव में आसपास मौजूद अनेको छुट्टा गोवंशों को पकड़कर बांध दिया और गांव के तमाम लोग ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करते हुए मामले की जानकारी बीडीओ रूपनरायन भारती को दी है। मौके पर मौजूद लोगों ने बीडीओ को पत्र देकर पकड़े गए गोवंशो को गौशाला में छुड़वाने के लिए मांग उठाई है। आपको बता दे कि तीन दिन पूर्व से पास के चुरिहारपुर गांव में भी लोगो ने अनेक गोवंशो को पकड़कर बांध रखा है और सभी को गौशाला में भेजवाने हेतु ब्लाक के जिम्मेदारों को लिखा पढ़ी की गई। इस बाबत बीडीओ रूपनरायन भारती ने कहा कि मामले की जानकारी है, गोवंशों के देखरेख व खानपान हेतु संबंधित सफाईकर्मी को निर्देशित किया गया है, आगे की व्यवस्था कराई जा रही है।

आपको बता दे कि ब्लाक क्षेत्र में छुट्टा मवेशियों की फौज से हर तरफ किसान परेशान है। लोग भीषण ठंड में भी रात के वक्त खेतो पर रहकर अपनी फसल रखवाली करने को मजबूर है। ब्लाक क्षेत्र के हर मार्ग व गांव के चौक चौराहों पर इन छुट्टा जानवरो को भारी संख्या में कही भी देखा जा सकता है। जगह जगह इनके वजह से मार्ग दुर्घटनाएं भी हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चो पर भी यह छुट्टा जानवर रास्ते मे अक्सर हमला कर देते है और बच्चे भागदौड़ में चोटिल हो रहे है। जबतक स्कूल से बच्चे घर सुरक्षित नही आ जाते है तबतक अभिभावक चिंतित रहते है। क्षेत्र में भारी संख्या में मौजूद आवारा मवेशी किसानों के लिए सिरदर्द बन चुके हैं। गाय, बैल आदि पशु कीमती फसलों को मौका पाकर दिन या रात में सफाचट कर रहे हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। छुट्टा पशु किसानो के हरे भरे खेतों में तांडव कर रहे हैं। इससे किसानों की फसल तबाह हो रही है। दिसम्बर माह में रात के वक्त अधिक ठंड के बावजूद खेतो पर मौजूद रहकर तमाम किसान अपने गेंहू, चने, लाही, आलू, मटर आदि फसलों की रखवाली करने को मजबूर है। किसानों का कहना है कि वह दिन में खेती का काम करते है और रात में सोने की जगह फसल की रखवाली करके बीमार और परेशान हो रहे है।

RELATED ARTICLES

Most Popular