एक बाइक पर सवार होकर आए दो हत्यारे
मौका-ए-वारदात पर एक घंटे तक पड़ा रहा खून से सना शव
गोण्डा। आज शाम तरबगंज थाना क्षेत्र के सिंगहाभोज गांव के पास बाइक से पहुंचे दो दुस्साहसी युवकों ने एक युवक पर चाकू से कई वार किए। जिसके कारण घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गई। लगभग एक घंटे तक युवक का खून से सना शव सड़क किनारे पड़ा रहा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरु कर दी।
मामला सिंगहाभोज निवासी युवक पुष्पेंद्र पाण्डेय उर्फ सुनील पाण्डेय का है जो रविवार शाम अपने गांव के पास सम्पर्क मार्ग पर टहल रहा था। तभी दो युवक बाइक से पहुंचे और उतरकर सुनील पर चाकुओं से वार करने लगे। वह बचने के लिए भागता रहा लेकिन हत्यारे चाकू से वार करते रहे। लगभग पांच मिनट तक चाकू से वार करने के बाद जब पुष्पेंद्र निढाल होकर भूमि पर गिर गया तो हत्यारे बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। बाद में परिजनों की सूचना पर मौके पर डॉयल 112, एसओ इन्द्रजीत यादव, सीओ महावीर सिंह मौके पर पहुंचे और मौकाए वारदात का निरीक्षण किया।
इस सम्बध में पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि मृतक को धारदार हथियार के साथ साथ हाकी से भी मारा गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक की माता ने बताया है मृतक को उसके मामा द्वारा मारा गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि घटना के खुलासे के लिए टीम बना दी गयी है जो हत्याओ की शीघ्र गिरफ्तारी करेगी।

