Wednesday, March 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : घाघरा ने पार किया लाल निशान, बाढ़ का खतरा मंडराया

Gonda : घाघरा ने पार किया लाल निशान, बाढ़ का खतरा मंडराया

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में घाघरा नदी एक बार फिर उफान पर है। शनिवार की सुबह खतरे के निशान से पांच सेमी नीचे बहने वाली घाघरा नदी शाम पांच बजे लाल निशान से करीब 23 सेमी. ऊपर प्रवाहित होने लगी। नदी में वृद्धि के इस रफ्तार को देखते हुए अधिकारियों के हाथ-पांव फूलने लगे हैं। नदी में वर्तमान में तीन लाख 64 हजार क्यूसेक जलराशि का डिस्चार्ज है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से नदियों में अचानक बाढ़ आ गई है। शनिवार की सुबह एल्गिन ब्रिज (संजय गांधी सेतु) पर घाघरा नदी लाल निशान से पांच सेमी. नीचे प्रवाहित हो रही थी, किन्तु शाम होते-होते यह लाल निशान को पार करके 23 सेमी. ऊपर प्रवाहित होने लगी। नदी का जल स्तर लगातार तेज रफ्तार से बढ़ रहा है। कल सुबह तक इसमें लगातार वृद्धि होते रहने की संभावना व्यक्त की गई है। केन्द्रीय जल आयोग के सूत्रों ने शनिवार की शाम बताया कि वर्तमान में घाघरा नदी में 364302 क्यूसेक जलराशि का डिस्चार्ज है। इसमें गिरजा बैराज से 229667 क्यूसेक, शारदा बैराज से 109035 क्यूसेक तथा सरयू बैराज से 25600 क्यूसेक जलराशि शामिल है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, घाघरा से सटे सकरौर-भिखारीपुर तथा एल्गिन-चरसड़ी तटबंध के समीप बसे गांवों बच्चीमाझा, ऐली परसौली के बिशुनपुर, पंडित पुरवा, शुक्लन पुरवा, सौनोली, मांझा रायपुर, बेहटा, नयपुरा, परसावल, नकहरा आदि ग्राम पंचायतों की सैकड़ों की आबादी पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। बाढ़ कार्य खण्ड के अधिशासी अभियंता वीएन शुक्ल के अनुसार, वर्तमान सीजन का यह सबसे बड़ा डिस्चार्ज है। ऐसे में नदी में मशीना आने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे तटबंध को खतरा पैदा हो जाता है। उन्होंने बताया कि तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गयी है। सभी बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया गया है। इस बीच जिलाधिकारी डा. उज्जवल कुमार ने एसडीएम कर्नलगंज हीरा लाल व बाढ़ कार्य खण्ड के अभियंताओं के साथ चंदापुर किटौली क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ों पर हो रही बरसात के चलते घाघरा नदी का जल स्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने की संभावना है। इसके मद्देनजर हम पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। बाढ़ से सबसे पहले प्रभावित होने वाले तरबगंज व कर्नलगंज तहसीलों के करीब दर्जन भर ग्राम पंचायतों के लोगों को सतर्क कर दिया गया है। सभी बाढ़ चौकियां का एलर्ट पर रखा गया है।

यह भी पढें : नवाबगंज हिंसा में 24 नामजद व सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ 4 FIR

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular