जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खेमपुर दयालपुर निवासिनी ममता पाण्डेय पुत्री राम मूरत पाण्डेय ने अपने पड़ोसी बेनी माधव पाण्डेय, अवधेश पाण्डेय उर्फ गन्जू, बेनी माधव की पत्नी के विरुद्ध घर में घुसकर उसे तथा उसकी मां मिथलेश को गंदी-गंदी गालियां देने व जान से मार डालने की धमकी देने का मुकदमा लिखाया है। शिकायत में कहा गया है कि जब हम सब भागकर घर में घुस गए, तब पीछा करते हुए विपक्षियों ने घर में घुसकर सामान को तोड़फोड़ कर काफी नुकसान पहुंचाया तथा उसके आंख में सरिया से मारा। मां के पूरे बदन में चोट आयी है। घटना के समय उसके भाई व अन्य परिजन मौजूद नहीं थे। प्रभारी निरीक्षक टीपी सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
शौच के लिए निकली नाबालिग से दुष्कर्म
नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार के शाम शौच के लिए खेत में गई नाबालिग बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीडिता की मां की तहरीर पर पड़ोस के ही एक किशोर के विरूद्ध पुलिस ने दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने बताया की आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी कर ली जाएगी। पुलिस ने पीड़ित बालिका को चिकित्सीय परीक्षण और बयान के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
जमीन विवाद में दो पक्षां में मारपीट
उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के लिलोई कला गांव में गुरुवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में कई चोटिल हो गए। दोनों पक्षों की तरफ से स्थानीय थाने पर अभियोग दर्ज कराया गया है। थानाध्यक्ष मुकेश पाण्डेय ने बताया कि लक्ष्मी देवी पत्नी पत्नी संतोष सिंह निवासी अमान पुरवा की तहरीर पर उत्तरी प्रसाद, बब्लू तथा सरोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि उत्तरी प्रसाद की तहरीर पर संतोष, बृजेश, लक्ष्मी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोटहिलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।

भाभी से दुष्कर्म के आरोप में देवर गिरफ्तार
जिले के खरगूपुर थाने की पुलिस ने अपने परिजनों के साथ मिलकर एक षड्यंत्र के तहत अपने विक्षिप्त भाई की पत्नी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी अभिषेक शुक्ला पुत्र राम बुझारत शुक्ला निवासी ग्राम इटहिया नवीजोत थाना खरगूपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के विरुद्ध स्थानीय थाने पर भादवि की धारा 376, 323, 498ए, 419, 120बी के तहत अभियोग दर्ज कराया गया था। प्रकरण के विवेचक उप निरीक्षक घनश्याम वर्मा की टीम ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत भेजा। बताया जाता है कि यह प्रकरण करीब एक वर्ष पुराना है। दुष्कर्म के पश्चात् गर्भवती होने पर महिला के बच्चे का डीएनए परीक्षण में अभिषेक को जैविक पिता पाए जाने के उपरान्त उसे गिरफ्तार किया गया है।
पुरानी रंजिश में महिला को पीटा, मुकदमा दर्ज
परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भौरीगंज में गुरुवार को पुरानी रंजिश के चलते लाठी डंडों से लैस दबंगों ने एक महिला के साथ बदसलूकी करते हुए उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने उसका चिकित्सीय परीक्षण कराने के साथ चार आरोपियों पर केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला हकीकुन के तहरीर पर बदलू, इदरीश, मूसे व बैधे पर धमकी सहित मारपीट का मुकदमा दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
लड़की भगाने का मुकदमा दर्ज
जिले के छपिया थाना क्षेत्र के अन्तर्गत मसकनवा निवासी खान मोहम्मद पुत्र बशीर ने अपनी पुत्री को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के सम्बंध में अपने ही समुदाय के एक व्यक्ति के लिए अभियोग दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि खान मोहम्मद की तहरीर पर भादवि की धारा 363 के तहत एक अभियुक्त को नामजद करते हुए अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। लड़की की तलाश की जा रही है।
25 अगस्त को पुनर्मतगणना की तिथि निर्धारित
तरबगंज के उप जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय ने ग्राम पंचायत भगोहर की आशा देवी पत्नी परमहंस की चुनाव याचिका पर सुनवाई करते हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की दुबारा मतगणना का आदेश पारित किया है। आशा देवी ने मतगणना में अनियमितता का आरोप लगाते हुए पुनर्मतगणना की मांग की थी। बाद में इस सम्बंध में उच्च न्यायालय द्वारा जल्द वाद निस्तारित करने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद एसडीएम शत्रुघ्न पाठक ने प्रकरण पर सुनवाई करते हुए 23 अगस्त को मत पेटिका एसडीएम न्यायालय में तलब करते हुए 25 अगस्त को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुनर्मतगणना का आदेश जारी किया है। बता दें कि चुनाव में पराजित एक अन्य पक्ष गुड़िया पत्नी भेलर सिंह ने भी एसडीएम कोर्ट में अनियमितता की बात को स्वीकार किया है।
ज्वैलर्स की दुकान में चोरी
जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के कोल्हमपुर बाजार में स्थित एक ज्वैलर्स व बर्तन की दुकान से पिछले दिनों हुई चोरी के मामले में एक व्यक्ति को नामजद करते हुए चार अन्य के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया गया है। राम शंकर सोनी पुत्र राम नरायन सोनी निवासी ग्राम सिकन्दर पुर थाना परशुराम पुर जिला बस्ती ने बताया कि कस्बे में उनकी दुकान है। बीती 10/11 अगस्त की रात हनुमान पुत्र झग्गर कोरी निवासी ग्राम कोटिया कोल्हम पुर अपने चार अज्ञात साथियों के साथ दूकान में घुसकर सोने चांदी के करीब पांच लाख रुपए के जेवर, कुछ बर्तन तथा करीब दो हजार रुपए नकद चोरी कर ले गये। दुकान के सीसीटीवी कैमरा की रिकार्डिंग से अभियुक्त की पहचान हुई है। प्रभारी निरीक्षक टीपी सिंह ने बताया कि प्रकरण में अभियोग दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
भाजपा नेता के परिजनों से मिले डुमरियागंज सांसद
डुमरियागंज से भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष स्व. शेष नारायण मिश्रा के गोंडा आवास पर परिजनों से भेंट कर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दिया। सांसद ने दुख प्रकट करते हुए कहा कि संगठन तथा पार्टी में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। शेष नारायण मिश्रा समर्पित एवं निष्ठावान कार्यकर्ता होने के साथ बहुत ही ऊर्जावान व्यक्ति थे। पार्टी एवं संगठन कार्यकर्ताओं के प्रति हमेशा तत्पर रहते थे। उनके साथ शोक संवेदना प्रकट करने वालों में भाजपा नेता पंकज कुमार श्रीवास्तव, रूपेश कुमार श्रीवास्तव (निर्मल श्रीवास्तव), त्रियुगी नारायण गुप्ता, पूर्व सभासद सुनील श्रीवास्तव, युवा भाजपा नेता नीरज श्रीवास्तव, चंचल सिंह, सौरभ, संजय खरे आदि थे।

यह भी पढें : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
