Monday, March 30, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : गांव-गांव लगेंगे कैमरे व पीए सिस्टम

Gonda : गांव-गांव लगेंगे कैमरे व पीए सिस्टम

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। महिलाओं व किशोरियों की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण, अपराधों पर रोकथाम तथा मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी देने के लिए गोंडा जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत में सीसीटीवी कैमरे व पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए जाएंगे। आपरेशन त्रिनेत्र के तहत कराए जाने वाले इन कार्यों को मूर्त रूप देने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी नेहा शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रट सभागार में एक बैठक आयोजित कर रणनीति तैयार की गयी। डीएम ने बताया कि जिले के सभी ग्राम पंचायतों के प्रमुख स्थलों, सामुदायिक शौचालय, ग्राम सचिवालय, प्राथमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों, प्रमुख मार्गो, ग्राम पंचायत के मुख्य प्रवेश द्वार एवं निकास द्वार, तिराहों, चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाया जाएगा। व्यक्तिगत स्थान पर सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में इसके लिए चयन का काम जल्द करने का निर्देष दिया। डीएम ने कहा कि यह उप्र षासन का एक क्रांतिकारी कदम साबित है। इससे मौसम संबंधी जानकारी तथा चेतावनी को भी त्वरित गति से जन सामान्य तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी। साथ ही पंचायतों के संसाधनों की क्षति रोकने, आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करने, उपयुक्त लाभार्थियों की पहचान करने, स्वच्छता अभियान में आने वाली विसंगतियों की पहचान करने, लोगों को जागरूक बनाने आदि में इसका काफी अहम रोल होगा। ग्राम पंचायतों में कैमरे के अधिष्ठापन हेतु स्थलों का चयन ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी व गणमान्य नागरिक जिसमें महिला स्वयं सहायता समूह, पंचायत सदस्यों की समिति द्वारा किया जाएगा। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक षिवराज, डीपीआरओ लालजी दुबे, जिला विकास अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश

गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने अभिसूचना के आधार पर पुलिस सहयोग से मिलावट खोरों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। उन्होंने समस्त पुलिस कैन्टीनों, कस्तूरबा गांधी आवसीय बालिका विद्यालयों, वृद्धाश्रम, अटल आवासीय विद्यालय को ईट राइट इनीशिएटिव में शामिल कर प्रमाणित कराने का निर्देश भी दिया। वह बुधवार को जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक को सम्बोधित कर रही थीं। बैठक में आयोजित हुई, जिसमें अपर जिलाधिकारी सुरेष कुमार सोनी, मुख्य राजस्व अधिकारी समेत अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

अपराधियों को दिलाएं नजीर बनने वाली सजा

गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कहा है कि गम्भीर प्रकृति के वादों में प्रभावी पैरवी कर अधिक से अधिक दोषियों को कठोर सजा दिलायी जाय। उन्होंने कहा कि अपराधी किस्म के लोगों में यह संदेश जाना चाहिए कि छोटे से छोटे अपराध पर भी वे सजा से बच नहीं सकते हैं। वह बुधवार को अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रही थीं। डीएम ने कहा कि अपराधियों को ऐसी सजा दिलाई जाए कि वह एक नजीर बने। उन्होंने दोषमुक्त मामलों में नियमानुसार अपील की कार्यवाही भी सुनिश्चित करने को कहा। सभी सम्बन्धित विभाग के अधिकारी अपने शासकीय कार्यों के साथ ही अभियोजन के कार्यों में भी गंभीरता दिखायें। इस दौरान एडीएम, सीआरओ, सिटी मजिस्ट्रेट, एएसपी, समस्त एसडीएम व तहसीलदार आदि उपस्थित रहे।

किसान समृद्धि मेले का आयोजन

गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बुधवार को बलरामपुर फाउंडेशन और बलरामपुर चीनी मिल्स के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किसान समृद्धि मेले का उद्घाटन किया। डीएम ने कृषि क्षेत्र में नवीनतम तकनीक का प्रयोग करने और उसका उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त करने के लिए आधुनिक कृषि पद्धति और मशीनीकरण को अपनाने वाले किसानों को सम्मानित किया। डीएम ने मेले में लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण भी किया। बलरामपुर चीनी मिल्स लि. की प्रमोटर एवं बिजनेस लीड अवंतिका सरावगी तथा मिल के मुख्य महाप्रबन्धक नीरज बंसल ने डीएम का स्वागत किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मनकापुर राजीव मोहन सक्सेना, जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह, उपनिदेशक कृषि प्रेम ठाकुर समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

एनडीआरएफ चला रही जागरूकता अभियान

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल वाराणसी की टीम ने बुधवार को गोंडा के राजकीय इण्टर कॉलेज में स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम किया। 11 एनडीआरएफ वाराणसी के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा व जिलाधिकारी नेहा शर्मा के मार्गदर्शन में टीम द्वारा जिले भर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आपदा प्रबंधन के बारे में जन-जागरूकता व एरिया फैमिलाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में टीम ने कॉलेज के छात्रों को आपदा प्रबंधन तथा आपदा से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान टीम ने भूकंप से बचाव का तरीका, सर्पदंश, बाढ़ व आगजनी से बचाव, घायलों का प्राथमिक उपचार करना, घायल की ब्लीडिंग को रोकना, तात्कालिक स्ट्रेचर, आपातकालीन कदम और गैर आपातकालीन कदम, बिजली गरजने व बिजली चमकने के दौरान सतर्क रहने एवं दामिनी व सचेत ऐप के बारे मे डेमो देकर विस्तार से बताया। इस मौके पर प्रधानाचार्य शैलेश कुमार पटेल, टीम कमांडर निरीक्षक जितेन्द्र सिंह यादव, मुख्य आरक्षी संचार जितेन्द्र के साथ चार सदस्यीय टीम मौजूद रहे।

बालिका दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित

अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा ‘आवर टाइम इज नाउ-आवर राइट्स, आवर फ्यूचर’ थीम पर बुधवार को गोंडा के सरयू प्रसाद कन्या पाठशाला इण्टर कालेज में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह जानकारी देते हुए संरक्षण अधिकारी चन्द्र मोहन वर्मा ने बताया कि इस खास दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति को बढ़ावा देना है। जिला समन्वयक राज कुमार आर्य ने कहा कि इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिस पर उपस्थित अध्यापिकाओं व अन्य ने हस्ताक्षर कर बेटियों की सुरक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बालिकाओं को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं यथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना आदि के बारे में जानकारी दी गई।

गोंडा में निषेधाज्ञा लागू

गोंडा जिले में आने वाले त्योहारों और परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी है। इसमें बिना पूर्व अनुमति के सभी प्रकार के जुलूस, धरना, प्रदर्शन पर पाबंदी लगा दी गई है। अपर जिला मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि आगामी त्यौहार शारदीय नवरात्रि, महानवमी, दशहरा, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, छठ पूजा, गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा मेला एवं उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा को देखते हुए यह निषेधाज्ञा जारी की गयी है। धारा 144 आगामी 7 दिसंबर 2023 तक लागू रहेगी। इस दौरान सामान्य स्थितियों को छोड़कर एक स्थान पर पांच से अधिक व्यक्ति या व्यक्तियों का समूह जिसके क्रियाकलापों से शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, उन्हें एकत्रित होने का अधिकार नहीं होगा। किसी भी व्यक्ति, संस्था व संगठन द्वारा सांप्रदायिक सद्भाव और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास नहीं किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular