Thursday, March 5, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : कुर्बानी की फोटो, वीडियो वायरल किया तो जाएंगे जेल

Gonda : कुर्बानी की फोटो, वीडियो वायरल किया तो जाएंगे जेल

खुले में नहीं होगी कुर्बानी, सड़क और नाली में नहीं दिखना चाहिए खून-आकाश तोमर

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। कुर्बानी के त्यौहार बकरीद को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को शासन स्तर से सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत बकरीद की नमाज ईदगाह व मस्जिद परिसर से बाहर सड़क पर किसी भी दशा में नहीं पढ़ी जाएगी। यदि कोई कुर्बानी की फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कदाचित प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी हो जाती है, तो इसके लिए थाना प्रभारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराए जाएंगे। यह जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि शासन स्तर से बकरीद, कांवड़ यात्रा और सावन मेले को लेकर दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्देश के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली धर्म से जुड़ी हर फोटो और कमेंट पर कड़ी नजर रखी जा रही है। धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली पोस्ट पर तुरंत और कठोर एक्शन लिया जाएगा। कुर्बानी से जुड़ी फोटो वायरल करने पर तत्काल एफआइआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से खुले में कुर्बानी को पूर्णरूपेण प्रतिबंधित किया गया है। सड़क और नाली में खून नहीं दिखना चाहिए। कुर्बानी के बाद अपशिष्ट को यथाशीघ्र बंद वाहनों से ले जाकर निस्तारित किया जाएगा। उन्होंने अपील किया कि गोवंश का वध हरगिज नहीं होना चाहिए। यदि कोई कुर्बानी की आड़ में गोवंश का वध करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढें : भूमि विवाद निपटाने मौके पर गई पुलिस से मारपीट, सात गिरफ्तार

एसपी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार किसी भी दशा में कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे से नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि बकरीद को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिले के 217 ईदगाहों व 296 मस्जिदों पर नागरिक पुलिस के अलावा पीएसी तथा क्विक रेस्पांस टीम (क्यूआरटी) को लगाया गया है। इसके साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारी पर्याप्त पुलिस बल के साथ अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहेंगे। एसपी ने बताया कि सभी समुदाय के धर्मगुरुओं से भी वार्तालाप कर शांति व सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई है। सोशल मीडिया सेल टीम द्वारा भड़काऊ पोस्ट व वीडियो बयान जारी करने, समाज को विघटित करने की साजिश रचने व माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है। ऐसे शरारती तत्वों को चिन्हित कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनपद वासियों से अपील किया है कि किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जिला पुलिस शांति व सद्भाव बनाए रखने के लिए दृढ़ संकल्पित है। एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों में खलल डालने की इजाजत किसी भी व्यक्ति को नहीं होगी। यदि कोई व्यक्ति सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसकी जगह सिर्फ जेल होगी। उन्होंने जनपद वासियों से अपील किया कि अफवाह व सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेशों के बारे में बिल्कुल ध्यान न दें। किसी के द्वारा ऐसा किया जाता है तो इसकी सूचना प्रशासन को दें। एसपी ने कहा कि आगामी 14 जुलाई से हिन्दुओं का पवित्र माह सावन भी शुरू हो रहा है, जिसमें पूरे महीने भगवान शिव को जलाभिषेक किया जाता है। कजली तीज का पर्व भी इसके बाद आएगा, जिसमें कांवडिए पवित्र नदियों से जल लाकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान डीजे निर्धारित सीमा से अधिक तेज नहीं बजाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि दोनों समुदायों के किसी के त्यौहार में परम्परा से हटकर कुछ भी अलग करने की अनुमति नहीं होगी। इससे पूर्व जिला मजिस्ट्रेट डा. उज्ज्वल कुमार ने केन्द्रीय शांति समिति की बैठक में स्पष्ट कर दिया था कि बकरीद पर न तो खुले स्थान पर कुर्बानी होगी और न ही कुर्बानी के अपशिष्ट इधर-उधर फेंके जाएंगे। ईदगाह अथवा मस्जिद के बाहर सड़क पर किसी भी दशा में नमाज अदा करने की अनुमति नहीं है।

यह भी पढें : सड़क पर नहीं पढ़ी जा सकेगी बकरीद की नमाज

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular