राजस्व अधिकारी कर्मचारी ही बेखौफ होकर लगा रहे राजस्व को चूना
संवाददाता
कर्नलगंज, गोण्डा। जिले में जहां एक तरफ जिलाधिकारी डा. उज्जवल कुमार द्वारा आए दिन सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों/कर्मचारियों को भ्रष्टाचार मुक्त व पारदर्शी प्रशासन का निर्देश दिया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ उन्हीं के अधीनस्थ जिम्मेदार राजस्व अधिकारी व कर्मचारी उनके आदेशों को ठेंगा दिखा रहे हैं। सम्पूर्ण मामला तहसील कर्नलगंज क्षेत्र से जुड़ा है, जिसके अन्तर्गत विकास खंड हलधरमऊ के ग्राम पंचायत कलवारी में सरकारी संपत्ति के साथ राजस्व विभाग के कर्मचारी/जिम्मेदार लोग पूरी तरह आंख मिचौली का जमकर खेल खेलते हुए भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। विगत दिनों यहां के ग्राम प्रधान द्वारा उप जिलाधिकारी कर्नलगंज को एक प्रार्थना पत्र अवगत कराया गया कि क्षेत्रीय लेखपाल कमलेश कुमार तथा सहयोगी लेखपाल गोविंद शरण तिवारी ने ग्रामवासियों के सामने सड़क व तालाब की भूमि पर लगे तीन पेड़ गूलर, एक पेड़ शीशम तथा एक पेड़ चिलबिल कुल पाँच पेड़ कटवा कर बेंच दिया। जब इस संबंध में ग्रामीणों ने लेखपाल से जानना चाहा तो लेखपाल ने सब को धमकाकर भगा दिया तथा वह पेड़ ठेकेदार हनुमान लाल के हाथ बेचकर पैसा गबन कर गए, जिसका वन विभाग द्वारा न तो कोई मूल्यांकन हुआ था तथा न ही बिक्री का पैसा सरकार के खजाने में जमा हुआ। माह सितंबर 2022 के प्रार्थना पत्र पर उप जिलाधिकारी द्वारा नायब तहसीलदार तथा संबंधित थाने के प्रभारी निरीक्षक को जांच हेतु निर्देशित किया, परंतु तीन महीने व्यतीत होने के उपरांत जांच कहां गई किस बस्ते में गई कुछ अता पता नहीं है। जब इस संबंध में तहसीलदार कर्नलगंज से जरिए दूरभाष वार्ता हुई, तो उन्होंने कहा कि यह तो पुराना मामला है। ऐसे में गम्भीर प्रश्न यह उठता है कि क्या पुराने मामले पर कोई कार्रवाई नहीं होती है या सरकारी कर्मचारियों द्वारा सरकारी धन का गबन किया जाएगा और गबनकर्ता लेखपाल के ऊपर कोई कार्यवाही होगी या योगी सरकार एवं डीएम उज्ज्वल कुमार के सरकारी फरमान को ऐसे ही ठेंगा दिखाया जाता रहेगा?

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
