Saturday, February 14, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : कन्या पूजन में गोंडा रचेगा इतिहास

Gonda : कन्या पूजन में गोंडा रचेगा इतिहास

नवरात्रि में 11 हजार कन्या पूजन कर लिम्का बुक में नाम दर्ज कराने की तैयारी

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। नारी सुरक्षा, उसके सम्मान और स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध उत्तर प्रदेश की योगी सरकार शारदीय नवरात्र से मिशन शक्ति के अगले चरण की शुरुआत करने जा रही है। इस अवसर पर गोंडा जनपद एक नया इतिहास रचने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में नवरात्रि के पावन अवसर पर आगामी 22 अक्टूबर को महा अष्टमी के दिन ’शक्ति वंदन’ समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसमें एक साथ 11,000 बेटियों का कन्या पूजन किया जाएगा। यह देश का अब तक का सबसे बड़ा कन्या पूजन कार्यक्रम होगा। यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि यह सिर्फ प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश में अब तक का सबसे बड़ा कन्या पूजन समारोह होगा। इस समारोह को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज कराने का प्रयास किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व प्रतिष्ठित लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान कन्याओं के सामूहिक पूजन की गतिविधि को दर्ज किया गया था। 9 मार्च 2019 को यहां 1008 कन्याओं का सामूहिक पूजन किया गया था। गोंडा प्रशासन इससे बड़ा आयोजन करके नया रिकॉर्ड बनाएगा। डीएम ने बताया कि वह इस समारोह को लेकर तैयारियों में जुटी हैं। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज के विशाल प्रांगण में आयोजित कन्या भोज के उपरांत सभी बेटियों को हाइजीन किट भी प्रदान की जाएगी। डीएम ने कहा कि मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के आधार पर नौ अलग-अलग क्षेत्रों जैसे पुलिस, उद्यमी, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, स्वयं सहायता समूह, पंचायती राज, कला और एनजीओ में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को समारोह के दौरान नव देवी सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। सीएम योगी की मंशा के अनुरूप कार्यक्रम में पिछड़ी, अति पिछड़ी जातियों के साथ ही दलित, आदिवासी, वनटांगियां समेत सभी जाति व पंथ की बेटियों को आमंत्रित करके उनका पूजन किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने कई विद्यालयों और समाजसेवी संगठनों से संपर्क किया है। डीएम ने कहा कि इस पहल का नाम “शक्ति वंदन“ रखा गया है, जो हाल ही में संसद से पास हुए महिला आरक्षण बिल (महिला शक्ति वंदन अधिनियम बिल) से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि जिस तरह पीएम नरेंद्र मोदी ने देश में आधी आबादी को उसका अधिकार देने की पहल करते हुए कानून बनाया है, उसी तर्ज पर इस कार्यक्रम के माध्यम से भी गोंडा और उसके आसपास के जिलों की बेटियों को शक्ति का दर्जा देते हुए उनका वंदन किए जाने की योजना है। इसका संदेश सिर्फ गोंडा ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी जाएगा।

कौशल विकास के प्रशिक्षण केन्द्रों में फर्जीबाड़ा, जांच के आदेश

गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा के औचक निरीक्षण में जनपद में संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्रों के फर्जीवाड़ा का खुलासा हुआ है। प्रशिक्षण कार्य के लिए शासन की ओर से नामित संस्थाओं द्वारा नियम विरुद्ध इस कार्य को सबलेट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। प्रकरण संज्ञान में आने के बाद डीएम ने जनपद के सभी कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्रों की जांच सात दिन में पूरी करके रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं। यह जानकारी देते हुए डीएम ने मंगलवार को बताया कि वह देर शाम विकास खण्ड वजीरगंज के अंतर्गत ग्राम हथिनाग (डुमरियाडीह) में संचालित आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंची थीं। यह केन्द्र शीतला देवी मेमोरियल शिक्षण संस्थान के परिसर में संचालित है। पता चला कि इस केन्द्र के छात्रावास में कोई भी प्रशिक्षणार्थी नहीं रह रहा था। छात्रावास में ताले लगे पाए गए। निरीक्षण के समय 01 बालक एवं 05 बालिकाएं केन्द्र पर उपस्थित थीं। पूछताछ पर पता चला कि वह सायंकालीन पाली में बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के लिए आए थे। हॉस्टल के केयर टेकर राजेश कुमार ने बताया कि शासन द्वारा प्रशिक्षण के लिए बाहर की एक संस्था को नामित किया गया है। संबंधित संस्था ने उन्हें यह काम सबलेट किया है और नौ रुपये प्रति घंटे प्रति छात्र के हिसाब से भुगतान किया जा रहा है। इस खुलासे के बाद डीएम ने सात दिन के अंदर जनपद के सभी केन्द्रों की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के आदेश जारी किए हैं।

मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण

गोंडा की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान आगामी 27 अक्टूबर से चलाया जाएगा। एक जनवरी 2024 के आधार पर होने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए डीएम जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ, चकबंदी अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि एकीकृत आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 27 अक्टूबर को किया जाएगा। इस पर दावे व आपत्तियां 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर तक ली जाएंगी। चार व पांच नवंबर, 25 व 26 नवंबर तथा दो व तीन दिसंबर को विशेष अभियान तिथि निर्धारित की गई है। दावे व आपत्तियों का निस्तारण 26 दिसम्बर को किया जाएगा। जबकि निर्वाचक नामावलियों का अन्तिम प्रकाशन पांच जनवरी शुक्रवार को किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular