Thursday, April 2, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : कजली तीज पर 12 लाख कांवडियों ने किया जलाभिषेक

Gonda : कजली तीज पर 12 लाख कांवडियों ने किया जलाभिषेक

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में ऐतिहासिक पृथ्वीनाथ व दुखहरन नाथ मंदिरों में कजली तीज के अवसर पर होने वाला जलाभिषेक सकुशल सम्पन्न हो गया। मेले के नोडल अधिकारी व जिले के अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के अनुसार, दोनों शिव मंदिरों पर कल देर रात से अब तक करीब 12 लाख लोगों के जलाभिषेक करने का अनुमान है। सरयू नदी से जल लाकर कांवडियों द्वारा जलाभिषेक सम्पन्न होने के बाद स्थानीय लोगों द्वारा छिटपुट जलाभिषेक व मेला अभी जारी है।
मंगलवार को कजली तीज के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के जलाभिषेक की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए थे। कर्नलगंज स्थित सरयू नदी तथा दोनों शिव मंदिरों को तीन जोन व नौ सेक्टरों में विभक्त करके सोमवार से ही मजिस्ट्रेट व पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी। जलाभिषेक को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए एक हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया था। जिला प्रशासन द्वारा आज मंगलवार को सम्पूर्ण जनपद में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है किन्तु ऐहतियातन सोमवार को भी गोंडा नगर क्षेत्र समेत कांवडियों के रास्ते में पड़ने वाले पांच विकास खण्डों के आंशिक विद्यालयों में छुट्टी घोषित कर दी गई थी। एएसपी ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 35 किमी. दूर रुपईडीह विकास खण्ड के पचरन ग्राम पंचायत में स्थित ऐतिहासिक महत्व के पृथ्वीनाथ मंदिर तथा गोंडा नगर स्थित दुखहरन नाथ मंदिर में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु कजली तीज के पर्व पर जलाभिषेक करते हैं। इनमें स्थानीय मेलार्थियों के अलावा बड़ी संख्या में कांवडिये भी शामिल होते हैं, जो कर्नलगंज स्थित सरयू नदी से जल लेकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। इस वर्ष 30 अगस्त (मंगलवार) को कजली तीज का पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक आंकलन के अनुसार, कल शाम से ही दोनों शिव मंदिरों पर कांवड़िए जल लेकर पहुंचने लगे थे। पृथ्वीनाथ मंदिर पर करीब सात से आठ लाख और दुखहरन नाथ मंदिर पर करीब चार से पांच लाख श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक किए जाने का अनुमान है। बता दें कि पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित देश के विशालतम शिवलिंगों में से एक पृथ्वीनाथ मंदिर में स्थापित शिवलिंग जमीन के बाहर करीब पांच फिर ऊंचा तथा दो मीटर व्यास वाला शिवलिंग है। जमीन के अंदर इसकी गहराई का अब तक कोई आंकलन नहीं किया जा सका है। उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को तीन जोन में बांटकर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया था। तीनों जोन को नौ सेक्टर में विभक्त किया गया था, जहां उप जिला मजिस्ट्रेट और जनपद स्तरीय वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को तैनात किया गया था। इसके साथ ही जिले में दो अपर पुलिस अधीक्षक व छह पुलिस उपाधीक्षक समेत एक हजार से अधिक निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी व आरक्षी तैनात किए गए थे। कांवड़ियों का जलाभिषेक सकुशल सम्पन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

यह भी पढें : पृथ्वीनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की साजिश का खण्डन

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular