Friday, March 6, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार पर जेल जाएंगे बिजली कर्मी

Gonda : उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार पर जेल जाएंगे बिजली कर्मी

ऊर्जा मंत्री ने किया एक विद्युत उपकेन्द्र तथा दो पारेषण लाइनों का लोकार्पण

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शुक्रवार को जिले के घारीघाट में 48.66 करोड़ रुपये की लागत बनने वाले एक विद्युत उपकेन्द्र तथा दो पारेषण लाइनों का लोकार्पण किया। इस उपकेन्द्र के संचालित होने से जिले के गौरा विधानसभा क्षेत्र के गौरा चौकी, देवरिया मद्दो, घारीघाट, मसकनवा, स्वामी नारायण छपिया, परसा तिवारी एवं अचलपुर चौधरी क्षेत्र की चार लाख की आबादी लाभान्वित होगी। उन्होंने कहा कि इस उपकेन्द्र के निर्माण से क्षेत्र में सुचारु विद्युत आपूर्ति हो सकेगी और लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस केंद्र से क्षेत्र को ही नहीं, अपितु गोंडा जिला मुख्यालय को भी यहां से बिजली मिलेगी। उन्होंने बताया कि देवीपाटन मण्डल के लिए 434 करोड़ रुपये तथा गोंडा जिले के लिए 175 करोड़ रुपये से जर्जर तार, ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि, बांस-बल्ली को हटाकर पोल लगाने जैसे जरूरी कार्य किये जा रहे हैं। ऊर्जा मंत्री ने विद्युत कार्मिकों को सख्त चेतावनी दी कि उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार एवं भ्रष्टाचार पर सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्हें न केवल निलम्बित किया जाएगा, बल्कि जेल भी भेजा जायेगा। कार्यक्रम में सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, विधायक गण प्रभात वर्मा व रमापति शास्त्री, भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप आदि मौजूद रहे।
हमारे सहयोगी शैलेन्द्र पाण्डेय के अनुसार, ऊर्जा मंत्री ने छपिया में स्थित भगवान घनश्याम महराज की जन्मस्थली स्वामी नारायण मंदिर पहुंचकर बाल स्वरूप भगवान का दर्शन किया। मंदिर के महंत देव प्रकाश स्वामी व कोठरी विष्णु स्वामी ने ऊर्जा मंत्री व क्षेत्रीय सांसद कीर्तिवर्धन सिंह का साफा बांधकर स्वागत सम्मान किया तथा भगवान घनश्याम महराज का चित्र, अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर आशीर्वाद प्रदान किया। इस मौके पर जिलाधिकारी नेहा शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, विधायक प्रभात वर्मा, पूर्व मंत्री रमापति शास्त्री, विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, भूपेश मिश्रा, ज्ञान प्रकाश पाण्डेय मोनू, बाल्मिकि मिश्रा, मोनू सिंह, निशांत सिंह, एसडीएम राजीव सक्सेना, क्षेत्राधिकारी नवीना शुक्ला, संजय तलवार, प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मण्डल मसकनवा के पदाधिकारियों ने कस्बे को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन पर अध्यक्ष विनोद कुमार मोदनवाल, महा मंत्री भरत लाल त्रिपाठी, अनीता गुप्ता, रामकुमार, राम सुंदर कसौधन, घनश्याम, सुशील कौशल, रवि शुक्ला, दिलीप कुमार, विजय कुमार, केदारनाथ गुप्ता आदि के हस्ताक्षर हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular