Tuesday, March 31, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर


डीएम ने किया विद्यालय का औचक निरीक्षण

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने आज मंगलवार को तहसील सदर के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय झंझरी व प्राथमिक विद्यालय बनघुसरा एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय बनघुसरा प्रथम तथा आंगनबाड़ी केंद्र बनघुसरा का औचक निरीक्षण कर जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में पहुंचकर अध्यापक उपस्थिति रजिस्टर एवं छात्रवृत्ति रजिस्टर तथा क्लास रूम में जाकर छात्र/छात्राओं से विद्यालय में हो रही पढ़ाई की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने वहां पर उपस्थित प्रधानाध्यापक से जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि विद्यालय में आने वाले सभी बच्चों को अच्छी शिक्षा दी जाए और इसके साथ ही साथ इनको अन्य जानकारियां भी दी जाए। निरीक्षण के दौरान बिना सूचना के अनुपस्थिति रही पूर्व माध्यमिक विद्यालय बनघुसरा प्रथम के प्रधानाध्यापिका सीमा रानी को जिलाधिकारी ने निलंबित करने तथा प्राथमिक विद्यालय झंझरी के अध्यापकों का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोकने के निर्देश दिये। उन्होंने विद्यालय के अध्यापकों को निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों के उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाय तथा बच्चों के पढ़ाई एवं खान-पान सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देना सुनिश्चित करें।

ट्रेन की चपेट में युवक की मौत

जिले के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के केशवपुर पहड़वा निवासी संजय साहू पुत्र राम कृपाल साहू सोमवार रात ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ग्राम प्रधान नरेन्द्र गिरी ने बताया कि युवक खेत की रखवाली करने गया था। खेत में छुट्टा मवेशी फसलों को नुकसान कर रहे थे। मवेशियों को खेत से खदेड़ने के बाद वह पथवलिया ग्राम पंचायत स्थित रेलवे लाइन पारकर रहा था। इसी दौरान आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया।

निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन

कर्नलगंज गुरुद्वारे में गुरुसिंह सभा कमेटी की ओर मंगलवार को निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें इंदिरा गांधी नेत्र चिकित्सालय के कुशल नेत्र चिकित्सकों ने मरीजों की आंखों का परीक्षण किया। शिविर इंचार्ज राकेश मौर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि 73 मरीजों के नेत्र की जाँच की गई। इनमें 38 लोगों को मोतियाबिंद के लिए चयनित किया गया।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

शिक्षक का सहायक उद्यान निरीक्षक पद पर चयन

शहर के सीताराम पुरम कॉलोनी निवासी बेसिक शिक्षा के सहायक अध्यापक सुनील पांडेय का चयन सहायक उद्यान निरीक्षक के पद पर हुआ है। डा. अनिल कुमार पांडेय के बेटे सुनील कई प्रतियोगी परीक्षा को पास कर चुके हैं। इस बार चयन लोअर पीसीएस 2019 में सहायक उद्यान निरीक्षक के पद पर हुआ है। इस पर वीरेंद्र मिश्र, यशवंत पांडेय, नितिन मिश्र, राम आधार यादव, राहुल श्रीवास्तव, विवेक पांडेय सहित कई शिक्षकों ने प्रसन्नता जताई है।

टैम्पो पलटने से दर्जन भर जख्मी

खरगूपुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गोंडा-बहराइच मार्ग पर घुचुवापुर के पास मंगलवार को सड़क पर अचानक कुत्ता आ जाने के चलते टैम्पो बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में टैम्पो सवार एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां पर डॉ अजय यादव ने घायलों का उपचार किया। इनमें दो की हालत नाजुक देख उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

प्रधान प्रतिनिधि समेत पांच के खिलाफ मुकदमा

नवाबगंज थाना क्षेत्र के लौव्वा वीरपुर गांव में बीते चार दिसम्बर को प्रधान प्रतिनिधि और दलितों के बीच हुई मारपीट मामले में एक सप्ताह तक टालमटोल के बाद पुलिस ने सोमवार देर रात मुकदमा दर्ज किया है। आला पुलिस अफसरों के निर्देश पर रानी देवी की तहरीर पर प्रधान प्रतिनिधि जितेन्द्र तिवारी सहित पांच लोगों के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट, बलवा और घर में घुसकर मारने-पीटने के धाराओं में केस दर्ज हुआ है।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

दलित युवक के 04 आरोपी गिरफ्तार

जिले के वजीरगंज थाने की पुलिस ने पिछले दिनों दलित समुदाय के बच्चों की पिटाई के मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष चन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि बीते 10 दिसम्बर 2022 को रेनू पुत्री स्व. श्याम लाल निवासिनी ग्राम नौबस्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि विपक्षी गणों द्वारा गांव में बहूभोज के दौरान एक राय होकर उसके भाई और रिश्तेदारों को जाति सूचक शब्दांे का प्रयोग करते हुए लाठी डंडा, ईंट पत्थर से मारा-पीटा व जान से मारने की धमकी देते हुए घर में तोड़फोड़ की गयी। इस सम्बन्ध में थाना वजीरगंज में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर क्षेत्राधिकारी तरबगंज द्वारा विवेचना की जा रही थी। उन्होंने बताया कि प्रकरण में कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस ने आज संदीप पाण्डेय पुत्र सूर्य कुमार पाण्डेय, श्रवण कुमार पाण्डेय पुत्र पाटन दीन पाण्डेय, अशोक पाण्डेय पुत्र शेष लाल पाण्डेय तथा अजीत मिश्रा पुत्र विष्णु देव मिश्रा निवासी गण ग्राम नौबस्ता थाना वजीरगंज को गिरफ्तार कर लिया गया।

चौपहिया वाहन के चपेट में आने से मौत

धानेपुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत बगुलही के निकट एक ईंट भट्ठे के पास एक चौपहिया वाहन के चपेट में आने से एक व्यक्ति मौत हो गई है। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। धानेपुर थाना क्षेत्र के फर्रास पुरवा के रहने वाले मोहम्मद मोइन के मुताबिक, उनके पिता मोहर्रम अली मंगलवार को साइकिल से कस्बा बाबागंज की ओर से धानेपुर की ओर आ रहे थे। क्षेत्र के ही बगुलही के निकट एक ईंट भट्ठे के पास पहुंचे थे। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही उन्हें घायल अवस्था में करने के एक निजी चिकित्सक के यहाँ पर ले जाया गया। उन्हें पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष ब्रम्हानंद सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में फर्रास पुरवा के रहने वाले मोहर्रम अली की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

इलाज के दौरान जख्मी युवक की मौत

जिला अस्पताल में मंगलवार दोपहर ओएचई की चपेट में आकर झुलसे व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया जाता है। कि वह छह दिसंबर की शाम को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर खड़ी मालगाड़ी पर चढ़ गया था। ओएचई के करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया था। पुलिस ने बताया कि फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हुई है।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

सोशल मीडिया पर अवैध तमंचा दिखाने वाला गिरफ्तार

जिले के इटियाथोक थाने की पुलिस ने रौब जमाने के लिए सोशल मीडिया पर असलहा का प्रदर्शन करने वाले एक अभियुक्त प्रहलाद पुत्र रामानन्द निवासी रमवापुर हरदोपट्टी थाना इटियाथोक को मुखबिर खास की सूचना पर बहद ग्राम पारासराय से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही से 01 अवैध तमंचा 315 बोर मय 01 जिन्दा कारतूस बरामद किया गया। अभियुक्त के विरुद्ध 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर जेल रवाना किया गया।

बैडमिंटन प्रतियोगिता का ट्रायल 15 से

क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अनीता कन्नौजिया ने बताया कि प्रदेश स्तर पर जूनियर बालक बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन अयोध्या में 17-19 दिसंबर को किया जाएगा, जिसमें भाग लेने के लिए 15 दिसंबर को जिला स्तरीय चयन ट्रायल्स और 16 दिसंबर को मण्डल स्तरीय चयन ट्रायल्स जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में होगा।

नाले में वृद्ध का शव मिला

जिले के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के अन्तर्गत श्रम आयुक्त कार्यालय के पास मंगलवार की सुबह नाले में वृद्ध का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों की चीख-पुकार गूंज उठी। कोतवाली क्षेत्र के रानी पुरवा जानकी नगर निवासी विजय बहादुर सोमवार रात घर से खाना खाकर कचहरी रोड स्थित दूसरे घर सोने गए थे। मृतक के बेटे आनंद यादव ने बताया कि उनके पिता रात में खाना खाकर सिविल लाइन स्थित घर सोने गए थे। मंगलवार की सुबह लोगों ने नाले में शव देख परिवार और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से शव बाहर निकलवाया। मौके पर भारी भीड़ जुटी रही।

अवैध गांजा के साथ एक गिरफ्तार

जिले के कोतवाली नगर थाने की पुलिस ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिला अस्पताल के पास से एक अभियुक्त रमेश कुमार पुत्र मालिक राम निवासी भटपी थाना खरगूपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। यह जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की गयी।

युवक ने फांसी लगाकर किया आत्म हत्या

कटरा बाजार थाना क्षेत्र में थाना क्षेत्र के अम्बर पुरवा मौजा गोरिया के कुलजीत (20) पुत्र चिंताराम ने घरेलू समस्या को लेकर ने मंगलवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। प्रभारी निरीक्षक चितवन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

डा. पीके वर्मा चुने गए संघ के जिलाध्यक्ष

नवाबगंज क्षेत्र के तुलसीपुर माझा पशु चिकित्सालय में तैनात डा. पीके वर्मा लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश पशु चिकित्सक संघ के जिलाध्यक्ष चुने गए है। संगठन के पदेन संरक्षक सीवीओ की उपस्थिति में सम्पन्न हुए चुनाव में डा. अरुणेंद्र सचान को संरक्षक, डा. पूजा आर्या को उपाध्यक्ष, डा. अनिल वर्मा को महामंत्री, डा राज कमल चौधरी को सयुंक्त मंत्री और डा. जेपी कुशवाहा को कोषाध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति से चुना गया। सभी पदाधिकारियों के चयन के पश्चात अपर निदेशक पशु पालन देवीपाटन और सीवीओ ने बुके भेंट कर बधाई दी। साथ ही प्रशासन और संगठन के मध्य बेहतर तालमेल और समन्वय के साथ विभाग के कामकाज को अग्रणी स्थान पर लाने का आग्रह किया। चुनाव में जिले भर के 29 पशु चिकित्सकों में 27 मौजूद रहे। इनमें डा. प्रभात कुमार, डा. निशान्त यादव, डा. पदमा मौर्या, डा. पीके गुप्ता, डा. विजय गुप्ता के नाम प्रमुख हैं।

दबंगों के हमले में पांच जख्मी

वजीरगंज थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर मंगलवार सुबह दबंगों ने एक परिवार के घर हमला कर दिया। धारदार हथियार व लाठी-डंडों से पीटकर पांच लोगों को लहूलुहान कर दिया। पीड़ित परिजनों ने आरोप लगाया है कि पिटाई के समय आरती के एक कान का बाला, मंगलसूत्र, रामावती के एक पैर का पायल व रंजना का मंगलसूत्र आरोपियों ने नोंच लिया। घटना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अशोकपुर टिकिया के मजरे परसहवा में हुई। आरोप है कि गांव के प्रदीप पुत्र रामनरेश, रंजना पत्नी प्रदीप, रामसुभावन पुत्र रामनरेश, रामावती पत्नी कौशल दत्त व मायके में आई आरती पत्नी रामकुमार निवासी महराजगंज की नरेंद्र, वीरेंद्र सुरेंद्र व श्रीधर ने बांका व लाठी- डंडों से जमकर पिटाई कर दी। परिजन घायलों को सीएचसी ले गए जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घायल के परिजन कोशल दत्त ने आरोपियों के खिलाफ पाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष चंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष के जारोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोटिल लोगों का मेडिकल कराया गया है।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

नितीश सिंह ने बढ़ाया जिले का मान

जिले के मालवीय नगर मोहल्ले निवासी नितीश कुमार सिंह पुत्र स्व. नरपत सिंह ने लोवर पीसीएस परीक्षा 2019 में मार्केटिंग इंस्पेक्टर पद पर सफलता हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। इस सफलता पर उनके परिवारी जन व मित्रगण प्रफुल्लित हैं। बतातें चलें कि इसके पूर्व नितीश एसएससी सीजीए में एकाउंटेंट के पद पर कार्यरत रहे हैं। बीटेक करने के बाद से ही वे सिविल सर्विसेज की तैयारी में जुट गये थे। उनकी प्रारम्भिक शिक्षाएं हाई स्कूल सिटी मांटेसरी स्कूल व इंटर मीडिएट शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कालेज से हुई हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता स्व. नरपत सिंह एवं बडे़ भाई रवि सिंह को दिया है।

दुकान में सेंध काटकर चोरी

मोतीगंज कस्बे में चोरों ने खाद और बीज की दुकान में बीती रात में सेंध लगाकर हजारों का माल साफ कर दिया। चोरों ने जिस जगह घटना को अंजाम दिया है, उसके ठीक बगल में सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की भी शाखा है। जहाँ पर रात में गार्ड ड्यूटी भी करते हैं। उधर, कस्बे के लोग पुलिस गश्त पर भी सवालिया निशान लगा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया है। जानकारी के अनुसार, रामनगर बनकर कुलपुरवा गांव निवासी अखिलेश कुमार शुक्ल की बाजार में खाद और बीज की दुकान है। आज सुबह जब वह दुकान खोले तो देखा कि सामान तितर-बितर पड़ा है। अंदर जाने पर पीछे वाली दीवार कटी मिली। चोर दुकान से गेहूं बीज का 40 किलोग्राम के छह बैग, 20 किलोग्राम के 13 बैंग के तथा पांच पैकेट डीएपी और गल्ले में रखा 62 हजार रुपए भी उठा ले गए। सीओ सदर शिल्पा वर्मा ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

टीचर्स सेल्फ केअर टीम ने की डायट प्राचार्य से मुलाकात

टीचर्स सेल्फ केयर टीम की जिला इकाई द्वारा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाएट) के नवागत प्राचार्य जय प्रताप सिंह को विचार क्रान्ति पत्रिका भेंट की गई तथा टीएससीटी पर चर्चा की। टीम के साथियों ने बताया कि टीएससीटी द्वारा 92 दिवंगत शिक्षक साथियों के परिवारों को लगभग 16 करोड़ 68 लाख रूपये की आर्थिक सहायता की जा चुकी है। प्रदेश के इतिहास में किसी संस्था द्वारा इतना बड़ा सहयोग पहली बार हुआ है। प्राचार्य ने टीएससीटी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि टीएससीटी के कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता है। आप सभी लोग अधिक से अधिक शिक्षकों को इस पुनीत कार्य में जोड़ें एवं ब्लाक व जनपद स्तर पर टीएससीटी के सभी कार्यक्रमों में पूरा समय देने का आश्वासन दिया गया। उन्होंने कहा कि टीएससीटी को जहां भी मेरी जरूरत पड़ेगी। मैं आप सभी के इस पुनीत कार्यों में सहयोग देने के लिए तत्पर हूँ। इस अवसर पर रणजीत सिंह, विष्णु शंकर तिवारी, गंगा बक्श सिंह, मनीष सिंह, राजेश तिवारी, मनोज चौबे, विजय प्रकाश हरित, विवेक शुक्ला, अनिल कुमार, विपिन कान्त माथुर एवं अन्य साथी उपस्थित रहे।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular