Wednesday, April 1, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

इंडिया बुक आफ रिकार्ड में दर्ज होगा अंशू का नाम

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। बेलसर के कंपोजिट विद्यालय पूरे विराजी के छात्र अंशू चौरसिया का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज होगा। दो से 45 तक हिंदी में पहाड़ा सुना लेने के कारण उसका नाम दर्ज किया जाएगा। फिलहाल इसकी प्रक्रिया चल रही है। बेलसर ब्लाक के कंपोजिट विद्यालय पूरे विराजी में 11 वर्षीय अंशु चौरसिया कक्षा पांच का छात्र है। यह बच्चा तेजी से दो से 45 तक का पहाड़ा सुना देता है। विद्यालय के सहायक अध्यापक सद्दाम हुसैन ने बीते 17 नवम्बर को इस बच्चे का वीडियो बनाकर इण्डिया बुक ऑफ रिकार्ड की वेबसाइट पर आवेदन किया था। उसके बाद संपादकीय बोर्ड ने विद्यालय से संपर्क किया और बच्चे के आंख में पट्टी बाँधने के बाद वीडियो अपलोड करने की मांग की। इस पर इस बच्चे का दुबारा वीडियो भेजा गया। जांच के बाद 26 नवम्बर को इण्डिया बुक ऑफ रिकार्ड के संपादकीय बोर्ड ने ईमेल के माध्यम से मेक्सिमम मल्टीप्लिकेशन टेबल रिसाइटेड बाई चाइल्ड शीर्षक से इस बच्चे का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड 2024 में दर्ज करने की जानकारी दी। प्रभारी प्रधानाध्यापक राकेश कुमार ने बताया कि अंशु बहुत ही मैचावी है उसे अपने कक्षा की हिंदी, गणित और अंग्रेजी का भी बहुत अच्छा ज्ञान है। निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने भी बच्चे की प्रतिभा को देखकर सम्मानित किया था। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह, बीईओ अनिल मिश्रा, सहायक अध्यापक सद्दाम हुसेन, गोनिका सिंह समेत सैकड़ो शिक्षकों ने खुशी जताई है।

न्यायिक अधिकारी के फालोवर की सड़क हादसे में मौत

शहर में डीएम आवास के पास बाइक से न्यायिक अफसर के आवास पर जा रहे फालोवर की चार पहिया वाहन की टक्कर से मौत हो गई। नगर कोतवाली क्षेत्र के राजकीय कालोनी निवासी चन्द्र प्रकाश पुत्र राम सुंदर बाइक से दोपहर में अफसर के आवास पर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही चार पहिया वाहन की टक्कर लग गई। घायल अवस्था में उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत खराब होने पर उसको लखनऊ के लिए रेफर किया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

डेंगू के तीन नए मरीज मिले

जिले में गुरुवार को डेंगू के तीन मरीज मिले हैं। जबकि, कोरोना से तीन संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक डेंगू के तीन मरीज मिले हैं। जबकि तीन कोरोना संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। जबकि डेडिकेटेड डेंगू वार्ड में चार मरीज का इलाज चल रहा है। जिससे डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 181 हो गई है। जबकि चिकित्सक की निगरानी में कोरोना के छह मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।

महिला कोटेदार की जमानत याचिका खारिज

विशेष न्यायाधीश (ईसी एक्ट) डा. पल्लवी अग्रवाल ने खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी करने वाली महिला कोटेदार की जमानत याचिका को पर्याप्त जमानत आधार न होने के अभाव में निरस्त कर दिया। विशेष लोक अभियोजक (ईसी एक्ट) अजय कुमार तिवारी ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक शिव कुमार त्रिपाठी ने स्थानीय थाने में इस आशय की रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्हें तथा उच्च अधिकारियों को थाना खोड़ारे अंतर्गत कूक नगर ग्रंट ग्राम पंचायत की उचित दर विक्रेता श्रीमती अंगूरा देवी के विरुद्ध खाधान्न वितरण में व्यापक अनियमितता व गड़बड़ी करने की शिकायत मिली। वैधानिक कार्यवाही करते हुए उनके जांच में यह पाया गया कि ग्राम पंचायत कूकनगर ग्रंट की उचित दर विक्रेता श्रीमती अंगूरा देवी पत्नी राजेश कुमार के विरुद्ध खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी करने की शिकायत पर जांच की गई जिसमें उनके विरुद्ध की गई शिकायत सही पाई गई। इसके आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की विवेचना करने के बाद आरोप पत्र अदालत पर भेज दिया। आरोपी महिला का अधिवक्ता की ओर से जमानत याचिका प्रस्तुत की गई। अदालत ने अभियोजन व बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलों व बहस को सुनने के बाद जमानत के लिए पर्याप्त आधार न होने के कारण जमानत याचिका निरस्त कर दिया।

बैंक के कार्यालय सहायक को मिला प्रशंसा पत्र

कर्नलगंज स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की कार्यालय सहायक को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया गया है। नगर में संचालित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक शाखा सकरोरा की कार्यालय सहायक भूमिका वर्मा को वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक संजय कुमार गंधर्व ने क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्रशस्ति पत्र से नवाजा है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि भूमिका वर्मा ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए बैंक व समाज के प्रति अपनी वचनबद्धता को पूरा किया है। इस मौके पर शाखा प्रबंधक जीके सैनी, शुभम जैन व स्वाति गुप्ता सहित समस्त बैंक कर्मियों ने इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी है।

विवाहिता ने पांच लोगों की पुलिस में की शिकायत

दहेज की मांग पूरी न होने, पिटाई कर घर से भगाए जाने व फोन पर तलाक देकर दूसरी शादी रचाए जाने के मामले में विवाहिता ने पति सहित पांच लोगों विरुद्ध परसपुर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने केस दर्ज करके मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर कोतवाली के भट्ठा परेड सरकार निवासिनी साफिया खातून पुत्री अख्तर खान ने थाने पर तहरीर देकर ससुरालीजनों पर आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पहले उसे प्रताड़ित किया। बाद में धमकी देते हुए मारपीट कर दस साल बाद उसको घर से भगा दिया। विवाहिता का कहना है कि एक दिसम्बर 2022 को जब वह ससुराल गई तो पति के दूसरी शादी कर लेने की जानकारी हुई। इसके बाद उसके पति ने जुलाई वर्ष 2022 को फोन करके उसे तलाक दे दिया। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सरोज ने बताया कि पीड़िता की ओर से ग्राम मोहना शेखन पुरवा निवासी पति शोहराब, सास निशारुन्निशां, ननद जायसा बेगम, देवर मोहब्बत अली व इंसाफ अली के विरुद्ध केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सीएमएस हुईं रिटायर, पीडी गुप्ता ने लिया चार्ज

बाबू ईश्वर शरण जिला अस्पताल की प्रमुख चिकित्साधीक्षक डा इंदु बाला सेवानिवृत्त हो गई हैं। उनके स्थान पर अब वरिष्ठ चिकित्सक डा पीडी गुप्ता को प्रमुख चिकित्साधीक्षक का प्रभार सौंपा गया है। गुरुवार को कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त अधीक्षक को विदाई दी और नए प्रमुख चिकित्साधीक्षक को बुके देकर स्वागत किया है। प्रमुख चिकित्साधीक्षक का कार्यभार संभालने वाले डा पीडी गुप्ता ने अपनी प्राथमिकताएं भी गिनाई। कहा कि उनका प्रयास होगा कि अस्पताल आने वाले हर मरीज को अस्पताल में उपलब्धता सुविधाएं बिना किसी परेशानी के मुहैया कराई जाए। चिकित्सक समय से अपनी ओपीडी में पहुंचे और मरीज को अंदर से दवा लिखी जाए। वहीं प्रमुख चिकित्साधीक्षक आवास परिसर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त सीएमएस डा बंदु बाला को विदाई भी दी गई। इस दौरान डा एके त्रिपाठी, डा कुलदीप पांडेय, पेशकार शुक्ला, इस्लाम, एसपी पांडेय आदि मौजूद रहे।

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular