Thursday, April 2, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

कार्यदायी संस्थाओं को डीएम की कड़ी फटकार

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिलाधिकारी डॉक्टर उज्ज्वल कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जल जीवन मिशन से चल रही समस्त परियोजनाओं पर विस्तृत रूप से गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन के कार्यदायी संस्था एलएनटी व लोक सेवा मिशन तथा आईएसए को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिये हैं कि कार्यों में और तेजी लायी जाय। उन्होंने कहा है कि सभी परियोजनाओं को समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं के प्रगति के संबंध में समय-समय पर उन्हें भी अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की कमी पाये जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एक्सईएन जल निगम व एलएनटी के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि सभी कार्यों का विभाजन करके संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाय तथा समय-समय पर कार्यों के प्रगति की उनसे जानकारी ली जाय। उन्होंने जनपद में जल जीवन मिशन का कार्य शत-प्रतिशत समय से पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सरकार की महात्वाकांक्षी योजना है इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी परियोजनाओं का कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ से कराना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी जयनाथ यादव, जिला विकास अधिकारी, एक्सईएन जल निगम, एई जल जीवन मिशन, एलएनटी व लोक सेवा मिशन, आईएसए, विंग्स आदि कार्यदायी संस्था, एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जिले के इटियाथोक थाने में राशन वितरण में अनियमितता बरतने पर बरडांड के कोटेदार के विरुद्ध पूर्ति निरीक्षक की तरफ से मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय ने बताया पूर्ति निरीक्षक हरिवंश यादव की तहरीर पर कोटेदार गिरिजेश कुमार सोनी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर सस्ते गल्ले की दुकान का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में पाया गया कि कोटेदार ने 47 कुंतल गेंहूं, चावल चना और और खाद्य तेल का कालाबाजारी कर लिया है। डीएम के निर्देश पर दुकान के निलंबन की कार्यवाही की जा रही है।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

एसपी ने आयोजित किया न्याय दिवस, 13 मामले निपटे

पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में ’न्याय दिवस’ का आयोजन कर 13 प्रकरणों का समाधान कराया। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों उनके समक्ष जनता दर्शन के दौरान आई शिकायतों में से कुछ गंभीर प्रकृति की ऐसी 16 शिकायतों को शार्ट लिस्ट करवाया था, जिनमें विवेचना हो रही थी और विवेचक द्वारा सही विवेचना न किए जाने की शिकायत की गई थी। सभी प्रकरणों में पीड़ित पक्ष/शिकायत कर्ता तथा सभी विवेचकों को शुक्रवार को बुलाकर आमने-सामने बैठाकर सुनवाई की तथा न्याय दिवस में आए 13 शिकायत कर्ताओं का अभिलेखों की समीक्षोपरान्त मौके पर ही समाधान कराया गया। अपरिहार्य कारणवश से ’न्याय दिवस’ में अनुपस्थित शिकायतकर्ताओं के प्रकरणों में आगामी ’न्याय दिवस’ में उपस्थित होने हेतु तिथि नियत की गई है।

एनसीसी की भर्ती परीक्षा सम्पन्न

महाराजा देवीबख्श सिंह इंटर कॉलेज बेलसर में जूनियर डिवीजन एनसीसी की भर्ती परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। इस भर्ती परीक्षा में विद्यालय के कक्षा आठ एवं नौ के लगभग 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में प्रतिभाग किया। इसमें पास बच्चों की लिखित परीक्षा कराई गई। 48 बटालियन एनसीसी के सूबेदार मेजर इंद्रजीत सिंह व प्रधानाचार्य अजीत सिंह ने कहा कि एनसीसी बच्चों को योग्य, ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासन प्रिय नागरिक बनाने का प्रशिक्षण देता है। इस अवसर पर विद्यालय के एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट आनंद कुमार पांडेय, बटालियन कैप्टन सूबेदार वीरेंद्र सिंह, शाकिर अली आदि उपस्थित रहे।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

अवैध दुकानों पर चला बुलडोजर, मचा हड़कंप

मनकापुर संवाददाता शिवमंगल शुक्ला के अनुसार, अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत झिलाही रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे क्रॉसिंग के आसपास बनी अवैध दुकानों पर प्रशासन का बुलडोजर चलाकर उन्हें ढ़हा दिया गया। स्थानीय निवासियों की शिकायत पर हरकत में आए रेलवे प्रशासन के आला अधिकारियों ने आईओडब्ल्यू मनकापुर एवं आरपीएफ थाना प्रभारी उदय राज को अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देशित किया। आरपीएफ के मनकापुर पोस्ट के प्रभारी उदय राज एवं प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय एक संयुक्त टीम का गठन किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सभी दुकानों को बुलडोजर चलवाकर हटवा दिया। मौके पर तहसीलदार मनकापुर पैगाम हैदर एवं आईओडब्ल्यू रणधीर मौर्या मौजूद रहे। आरपीएफ निरीक्षक ने कहा कि जल्द ही मनकापुर रेलवे स्टेशन के आसपास भी अतिक्रमण पर बुलडोजर चलेगा।

महिला ने फांसी लगाकर किया खुदकुशी

थाना परसपुर क्षेत्र के पसका गांव के गोड़ईतन पुरवा निवासी अनीता पत्नी रक्षा राम ने बीती रात घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मृतका के ससुर राम पुत्र सुकई ने थाने पर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

सड़क हादसे में अधिवक्ता की मौत

गोंडा-बहराइच मार्ग पर कौड़िया थाना क्षेत्र के कोंचवा गांव के समीप शुक्रवार को पूर्वान्ह कचहरी जा रहे एक अधिवक्ता दुखहरण सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। नगर कोतवाली पुलिस ने उनके शव का पोस्टमार्टम कराया है। जानकारी के अनुसार, कौड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ी निवासी दुखहरण सिंह (58) पुत्र बुद्ध सागर सिंह शुक्रवार सुबह अपने घर से गोण्डा कचहरी जा रहे थे। वह कोचवा के पास पहुंचे ही थे कि बहराइच की तरफ जा रहे चार पहिया वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी। परिणाम स्वरूप वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अधिवक्ता को उपचार के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां पर तैनात चिकित्सक डॉ सुरेश प्रजापति ने प्राथमिक उपचार कर उन्हें जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित

सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कालेज में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह के चतुर्थ सप्ताह के अन्तर्गत वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वाद विवाद प्रतियोगिता में प्रिया तिवारी, पल्लवी शर्मा, छाया सिंह, प्राची शर्मा, जेबा, जया, कुलसुम नाज, आरती सोनी सहित 20 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के माध्यम से लोगों को स्वस्थ एवं आहार के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कार्यक्रम अधिकारी डा. मौसमी सिंह एवं डा. नीतू सिंह ने किया। काय्रक्रम में मुख्य रूप से महाविद्यालय की व्यवस्थापिका डा. आनन्दिता रजत, श्रीमती रंजना बन्धु, डा. नीलम छाबड़ा, डा. अमिता श्रीवास्तव, डा. आशू त्रिपाठी, डा. साधना गुप्ता, श्रीमती गीता श्रीवास्तव, अनु उपाध्याय, श्रीमती सुनीता पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।

शुक्रवार को भी मिले तीन कोरोना संक्रमित

जिले में शुक्रवार को तीन कोरोना संक्रमित मिले है, जिससे कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 21 हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया है कि सभी संक्रमितों को चिकित्सक की निगरानी में होम आइसोलेशन में रखा गया है।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

कबड्डी के ट्रायल में 12 खिलाड़ी चयनित

प्रदेशीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप के लिए गोंडा जिले के खिलाड़ियों का ट्रायल लेकर प्रतिभागी खिलाड़ियों का चयन किया गया, जिसमें जनपद से आये हुए लगभग 50 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया। जिले के कबड्डी सचिव राजदत्त सिंह चौहान की निगरानी में आयोजित ट्रायल में कुल 12 खिलाड़ियों का अंतिम रूप में चयन किया गया। चयनकर्ता के रूप में गणेश कुमार, पुष्पेन्द्र कुमार वर्मा, संदीप शुक्ल, अमित सिंह, रोहित और विजय सिंह रहे, जिन्होंने पूरी बारीकियों को देखते हुए एक एक प्रतिभागी को चुना। ये सभी चयनित खिलाड़ी दो अक्टूबर को होने वाली स्टेट चैंपियनशिप जोन सी में गोंडा जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

हड़ताल पर रहे जिले भर के एलआइसी अभिकर्ता

लाइफ इंश्योरेंस एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर शुक्रवार को जिले भर के अभिकर्ता हड़ताल पर रहे। मुख्य शाखा के साथ कर्नलगंज और नबाबगंज सेटेलाइट ब्रांच के अभिकर्ताओं ने भी कामकाज ठप रखा। अभिकर्ता अपनी मांगें हर हालत में पूरी किए जाने की मांग पर अड़े हुए थे। फेडरेशन के जिलाध्यक्ष सच्चिदा नन्द पाण्डेय के नेतृत्व में जिले के सभी अभिकर्ता अपना कामकाज बंद कर कार्यालय गेट पर नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। अध्यक्ष ने कहा कि आईआरडीए और सेवी ने पालिसी धारकों और अभिकर्ताओं की कमर तोड़ने के लिए जो कदम उठाने की योजना बनाई है, उसके खिलाफ अभिकर्ता लडाई लड़ने के लिए तैयार हैं। पालिसी धारकों और अभिकर्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान फेडरेशन संरक्षक शेष नारायण शर्मा, संयोजक हरीश तिवारी, महामंत्री मनोज कुमार पांडेय, उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष तेज कुमार श्रीवास्तव, कर्ता राम वर्मा, शंकर प्रसाद सिंह, डॉ मनोज कुमार मिश्रा, राजेश कुमार श्रीवास्तव, सचिव रण विजय सिंह, सूर्य भान तिवारी, शिव कुमार पाण्डेय, बृजेश श्रीवास्तव, अनिल कुमार शर्मा, आलोक श्रीवास्तव, प्रबुद्ध श्रीवास्तव, सुनील तिवारी, शीतला प्रसाद पाण्डेय, अनिल कुमार श्रीवास्तव, चंद प्रकाश मिश्रा, रामेश्वर तिवारी, राम भवन गुप्ता, सीता राम मिश्रा, वंदना गुप्ता, संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

लड़की को भगा ले जाने वाला गिरफ्तार

जिले के धानेपुर थाने की पुलिस ने लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का वांछित अभियुक्त पवन कुमार पुत्र नन्द किशोर निवासी बैजू लोनियन पुरवा थाना धानेपुर को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। आरोपी के खिलाफ पीड़िता के पिता द्वारा स्थानीय थाने पर भादवि की धारा 366, 323, 506 के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया था। विवेचक ने आज अभियुक्त को गिरफ्तार किया।

स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता आयोजित

बाल विकास परियोजना रुपईडीह द्वारा शुक्रवार को स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित की गई। इसमें अच्छा कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को जिला पंचायत सदस्य श्रवण शुक्ल और प्रभारी डीपीओ धर्मेंद्र कुमार गौतम ने सम्मानित किया। इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ दीप जलाकर किया गया। सीडीपीओ नीतू रावत ने किशोरियों, गर्भवती महिलाओं व धात्रियों को आयरन, विटामिन व अल्बेंडाजोल की गोली खाने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदेव शुक्ल ठाकरे एवं संचालन कुसुम तिवारी ने की। प्रतियोगिता में 17 बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान डॉ जितेंद्र कुमार, डॉ शिवकुमार, सुनीता वर्मा, केशव राम, जीतेंद्र श्रीवास्तव, जीतू, सुशीला मौर्य रहीं। कुपोषण से स्वस्थ हुई खुशी, वैष्णवी, सावित्री, सुशीला, आदर्श, प्रियांशु ,सौरभ, रिया, अंबुज, राधिका, रोली, महक, माही मौर्या, शुभम को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्री कुसुम तिवारी, सुशीला मौर्य, बेबी, सीमा, संध्या, अमरुजहां, कुमुदिनी श्रीवास्तव, संतोष, अनामिका, कमरजहां, फूल कुमारी, शैलेश सिंह, गायत्री देवी, निर्मला, पूनम, सुबिया खातून, सावित्री मंजू को सम्मानित किया गया।

विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

जिले के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के केशवपुर पहाड़वा में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों की सूचना पुलिस ने विवाहिता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मायके वालों ने दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के भौरीगंज निवासी नियामत अली ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। इसके मुताबिक उन्होंने अपनी बेटी रेशमा की शादी लगभग 10 महीने पहले केशवपुर पहड़वा निवासी शाहरुख पुत्र शरीफ के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही रेशमा के ससुराल वाले दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार उन्होंने उन्हें पैसे इत्यादि दिए लेकिन ससुराली उसे परेशान करते रहे। गुरुवार रात मायकों को सूचना मिली कि रेशमा की मौत हो गई है। इस पर परिजन बेटी के घर पहुंचे। उनका आरोप है कि बेटी को उसके पति, ससुर, ननद व जेठानी ने मिलकर मार डाला। पुलिस ने नियामत अली की तहरीर पर पति शाहरुख, ससुर शरीफ समेत कई पर मुकदमा दर्ज किया है। नगर कोतवाल पंकज कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

दो पुलिसकर्मी हुए सेवानिवृत्त

जनपद में नियुक्त उप निरीक्षक नागरिक पुलिस शिव कुमार यादव व लाल बहादुर यादव पुलिस सेवा में अपनी अधिवर्षता आयु पूर्ण कर शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति पर क्षेत्राधिकारी नगर लक्ष्मीकान्त गौतम ने पुलिस कार्यालय में उन्हें फूलमाला पहनाकर, अंग वस्त्र व धार्मिक पुस्तकें भेंट कर विदाई दी तथा भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक यशवन्त प्रताप सिंह, प्रभारी मीडिया सेल व अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी गण मौजूद रहे।

एसडीएम ने हटवाया खेल मैदान से अवैध कब्जा

सदर तहसील के चकसड़ गांव में खेल मैदान के रूप में चयनित 10 बीघा जमीन से गुरुवार को अवैध कब्जा हटवा दिया गया। एसडीएम सदर वीके सिंह और क्षेत्राधिकारी विनय सिंह की अगुवाई में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। बता दें कि ग्राम प्रधान सुनीता ने उपजिलाधिकारी सदर से मिलकर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। एसडीएम, सीओ व थानाध्यक्ष मोतीगंज की मौजूदगी में राजस्व टीम ने अवैध कब्जा हटवा दिया। एसडीएम सदर ने बताया कि दो दिन पहले गांव के खेल मैदान की भूमि पर संगीता, गीता, विनीता, सीमा, मंजू, दिलीप, नफीसा, संतोष समेत कई लोगों ने छप्पर रख लिया था। राजस्व निरीक्षक मलारी अकलीम व लेखपाल अल्ताफ हुसैन, वीरेंद्र कुमार की टीम ने जमीन का चिन्हांकन किया। अवैध कब्जेदार जमीन खाली नहीं कर रहे थे। टीम के साथ पहुंचकर अतिक्रमण खाली कराया गया। जमीन को क्रीड़ा स्थल के रूप में चयनित करके प्रधान के सुपुर्द कर दिया गया है। बीडीओ झंझरी मृत्युंजय यादव ने बताया कि झंझरी की 92 ग्राम पंचायतों में से चकसड़ ग्राम पंचायत में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद मैदान बनवाया जाएगा। ग्राम प्रधान ने खेलकूद मैदान के लिए प्रस्ताव दिया है। पूरी पत्रावली बनाने के लिए ग्राम पंचायत अधिकारी नीलू सिंह को कहा गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।

मण्डल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुने गए छात्र

विज्ञान, गणित और पर्यावरण के क्षेत्र में प्रदर्शनी प्रतियोगिता में तरबगंज तहसील के पूर्व माध्यमिक विद्यालय लोढिया घाटा के छह बच्चों को मण्डल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। विद्यालय परिवार ने छात्रों का फूल-माला से स्वागत किया। विज्ञान शिक्षक दयाशंकर प्रजापति ने कहा कि छात्रों के बेहतर प्रयास से बच्चों को कई सम्मान मिल चुका है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के शिवा मौर्य, बबली गुप्ता, गौरी सिंह, करिश्मा यादव, कृष्णा कनौजिया, अशोक पासवान को मण्डल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। प्रधानाध्यापक तिलक राज सिंह आनन्द शुक्ला, शत्रोहन कुमार रहे।

मादक पदार्थ तस्कर को तीन वर्ष की सजा

जिले की एक अदालत ने मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले आरोपियों को तीन वर्ष की कैद अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड की अदायगी न करने पर अतिरिक्त सज़ा भुगतनी होगी। पुलिस के मुताबिक, कर्नलगंज क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम फकीरन पुरवा भोंका निवासी मेराज उर्फ अन्नापाटा के विरुद्ध पुलिस ने केस दर्ज किया था। प्रकरण की जांचोपरांत आरोप पत्र अदालत पर भेज दिया। अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ/विशेष न्यायाधीश (ईसी एक्ट) डा. पल्लवी अग्रवाल ने अभियोजन व बचाव पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मेराज को तीन वर्ष की कैद व चालीस हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। कर्नलगंज थाना क्षेत्र के ही एक अन्य मामले में अदालत ने जब्बार को दोषी करार देते हुए दो वर्ष की कैद व पच्चीस हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है।

यह भी पढें : गर्भ निरोधक साधन अपनाएं, प्रोत्साहन राशि पाएं

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular