Thursday, April 2, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सहजनवा के निवासी रवीन्द्र कुमार विश्वकर्मा पुत्र राम उग्गर विश्वकर्मा की बीती रात आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। बताते हैं कि देर रात वह खेत में फसल की रखवाली करने गए थे। इस बीच आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आ गए। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रशिक्षु महिला पुलिस उपाधीक्षक व थानाध्यक्ष शिल्पा वर्मा ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पूर्व मंत्री की अगुवाई में पीड़ित परिवार को सौंपा चेक

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अवधेश प्रसाद ने जनपद के नवाबगंज क्षेत्र के राम बचन यादव के घर पहुंच कर मृतक के परिवार से मुलाकात की एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा भेजे गये दो लाख रुपए का चेक परिवार को सौंपा। पूर्व मंत्री ने कहा कि जिस तरह से कस्टोडियल डेथ के मामले को हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा में उठाने का काम किया है। उसके बाद लगातार समाजवादी पार्टी के सभी नेतागण इस मामले की जांच से लेकर अन्य विषयों पर पीड़ित परिवार की मदद की है, वह सराहनीय है। 14 सितंबर को हुई कस्टोडियल डेथ की घटना निश्चित रूप से समाज को भयभीत करने पर मजबूर करती है। साथ ही आम जनमानस में पुलिस के प्रति भय का माहौल पैदा करती है। पूर्व मंत्री ने कहा कि सपा नेता सूरज सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दो लाख रुपए का चेक दिया था और यह आदेशित भी किया था कि मुझ समेत जनपद के सभी नेताओं के साथ परिजन के घर जाकर चेक देकर मदद करनी है। उसी परिपेक्ष में आज हम सब यहां एकत्रित हुए हैं। समाजवादी पार्टी परिवार के साथ आखरी दम तक न्याय दिलाने के लिये लड़ती रहेगी। पूर्व मंत्री ने प्रशासन को अभी तक की कार्यवाही का धन्यवाद देते हुए आगे न्याय दिलाने की अपेक्षा की है। इस मौके पर पूर्व विधायक रमेश गौतम, पूर्व एमएलसी रणविजय सिंह, जिलाध्यक्ष पप्पू यादव, गन्ना समिति के चेयरमैन विनोद सिंह, मस्तराम यादव, दिनेश यादव, राधेश्याम यादव, शिव संपत सिंह, जेपी श्रीवास्तव, बबलू सिंह, राजेश मिश्रा, रामधन यादव, दुर्गा यादव, राहुल सिंह, शाहान अख्तर, सुधाकर मिश्रा, राजेश मिश्रा, विकास जयसवाल, लिटिल गुप्ता, रामानुज आदि उपस्थित रहे।

ससुराली जनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा

जिले के मनकापुर थाने में लक्ष्मनपुर झिलाही निवासी नव विवाहिता कोमल पांडेय ने शुक्रवार को तहरीर देकर पति सहित अन्य ससुराली जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि उसकी शादी पांच जून 2022 को अमित कुमार मिश्रा पुत्र अश्विनी मिश्रा निवासी दिनकरपुर शुक्लपुरवा के साथ हुई थी। शादी के एक माह बाद से ही दहेज कम लाने का आरोप लगा कर ससुराल वालों ने प्रताड़ित करने लगे। पति कहने लगे कि दो लाख रुपये अपने पिता से मांग कर लाओ तो घर मे रहने दिया जाएगा। पीड़िता ने यह बात अपने पिता, माता, भाई को बताया। मायके पक्ष ने यह मांग पूरी कर पाने में अस्मर्थता जताई तो नाराज होकर पति अमित ने मारना पीटना शुरू कर दिया। मोबाइल छीन लिया। तभी से पति समेत पूरा परिवार उसके साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने पति, सास, ससुर आदि लोगों के खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न, जानमाल की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज किया है।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

बार एसोसिएशन के निवर्तमान कार्यकारिणी का स्वागत

बार एसोसिएशन के निवर्तमान हो रही कार्यकारणी का एक साल का सफल कार्यकाल पूर्ण होने पर वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव ने बार एसोसिएशन में पहुंचकर अध्यक्ष रवि चंद्र त्रिपाठी को बुके देकर तथा महामंत्री रितेश कुमार यादव व वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरी शंकर चतुर्वेदी का माल्यार्पण कर बधाई दिया। उन्होंने उपस्थित एल्डर कमेटी के अध्यक्ष रंजीत सिंह व वरिष्ठतम सदस्य राम विलास मिश्र का भी माल्यार्पण कर बधाई दिया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि चंद्र त्रिपाठी ने सभी सम्मानित अधिवक्ताओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि सम्मानित अधिवक्ताओं के विश्वास पर खरा उतरने का पूर्ण प्रयास वर्तमान कार्यकारणी ने किया। सीमित समय व संसाधन के तहत जो भी संभव था, बार एसोसिएशन ने किया। महामंत्री रितेश कुमार यादव ने कहा कि हमेशा अधिवक्ताओं व बार एसोसिएशन के हित को देखते हुए कार्य किया गया। उनके हितों को प्राथमिकता पर रखा गया। इससे कोई समझौता नहीं किया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरी शंकर चतुर्वेदी ने कहा कि वर्तमान कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा। अधिवक्ताओं के मान सम्मान तथा समस्याओं को हमेशा ध्यान रखा गया तथा बार एसोसिएशन के प्रगति पर ध्यान रखा गया। वर्तमान कार्यकारणी ने मिल जुलकर अधिवक्ताओं के प्रत्येक समस्याओं का निराकरण करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर नंद गोपाल शुक्ला, अशोक सिंह, अरुण शुक्ल, सुनील कुमार पांडेय, शिवम त्रिपाठी, संतोषी लाल तिवारी आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।

बस स्वामियों की बैठक सम्पन्न

निजी बस स्वामियों व ऑपरेटर्स के साथ संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में शनिवार को आयोजित बैठक में प्रभारी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शैलेंद्र तिवारी, एआरएम आरएम पांडेय ने निजी बसों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम से अनुबंधित कराने की योजना पर चर्चा करते हुए बस मालिकों से अनुबंध के लिए अपील की। बैठक में सुनील शुक्ल, कमाल अहमद, संदीप मिश्र, वसी अहमद, वीडी मिश्र व अन्य बस स्वामी व ऑपरेटर उपस्थित रहे।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

डीएम ने किया सीएचसी का औचक निरीक्षण

जिलाधिकारी डॉ उज्ज्वल कुमार ने आज शनिवार को सीएचसी बेलसर का औचक निरीक्षण कर लिया जायजा। निरीक्षण के दौरान वहां पर उपस्थित मरीजों से वार्ता कर उनको मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही ओपीडी, दवा स्टोर रूम, अल्ट्रासाउंड रूम, वैक्सीन कोल्डचैन रूम का भी निरीक्षण किये। दवा स्टोर रूम में जाकर दवाओं के एक्सपायरी व क्वालिटी को चेक किये। निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक बेलसर को सख्त निर्देश देते हुए कहां है कि यहां पर साफ-सफाई की व्यवस्था के साथ ही सीएचसी पर आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराना सुनिश्चित करें, तथा सीएचसी पर आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या न होने पाये। इस अवसर संबंधित सीएससी के एसीएमओ, सीएससी अधीक्षक बेलसर, डॉक्टर शेषनाथ सिंह यूनिसेफ सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

प्राइवेट बस ने बाइक सवार को रौंदा

नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के अन्तर्गत एलबीएस चौराहे पर एक प्राइवेट बस की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ गम्भीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसको निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के बालपुर ग्राम सभा के निवासी खुशी राम जायसवाल पुत्र सूरज लाल बाइक से गोंडा आया था। काम निपटा कर वापस घर लौट रहा था। प्राइवेट बस अयोध्या से सवारी लेकर रोडवेज बस स्टॉप की तरफ जा रही थी। एलबीएस चौराहे के पास बाइक सवार को टक्कर मार दिया। बाइक सवार बस के नीचे फंस गया। मौके पर होमगार्ड के जवान और तमाम लोगो ने उसको बस के नीचे से खीचकर निकाला।

लापता युवक का पता नहीं लगा सकी कटरा बाजार पुलिस

स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव से बीते सप्ताह अचानक लापता हुए युवक के संबंध में थाने में दर्ज कराई गई गुमशुदगी के बावजूद अभी तक पुलिस पता नहीं लगा सकी है। परिणाम स्वरूप परिजन परेशान हैं। प्रकरण थाना कटरा बाजार के अन्तर्गत ग्राम बनगांव के मज़रा रैकवार पुरवा से जुड़ा है। यहाँ के निवासी सांवल प्रसाद ने थाने में तहरीर देकर कहा है कि उसका पुत्र गंगाराम (26) बीते 16 सितंबर की शाम को घर पर सोया था। रात्रि के समय अचानक गायब हो गया। उसकी खोजबीन की गई, मगर कहीं पता नही चल सका। पीड़ित ने थाने में सूचना देकर गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बावजूद एक सप्ताह बीतने के बाद भी अभी तक पुलिस गायब युवक का पता नहीं लगा सकी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कटरा बाजार ने बताया कि सांवल प्रसाद की तरफ से गुमशुदगी दर्ज की गई है। सीडीआर निकलवाकर कार्यवाही की जा रही है।

सर्पदंश से किसान की मौत

तरबगंज थाना क्षेत्र के ढेमरी गांव निवासी पवन कुमार पाठक पुत्र सियाराम पाठक गुरुवार को धान की फसल में खाद डाल रहा था। तभी उसको एक जहरीले सांप ने काट लिया। उसको इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत खराब होने पर उसको लखनऊ के लिए रेफर किया गया। इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

बाढ़ प्रभावित लोगों को डीएम ने बांटा राशन किट

जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने शनिवार को तहसील तरबगंज अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्र ढेमवाघाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक्सईएन पीडब्ल्यूडी ब्क्-1 को निर्देश देते हुए कहा कि रोड को जल्द से जल्द सही कराया जाय। इस पर विशेष ध्यान दिया जाय ताकि यहां पर आवागमन में कोई समस्या न होने पाये। निरीक्षण के दौरान तहसील क्षेत्र ग्राम ब्यौंदामाझा में जाकर बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की और उनसे वहां की समस्याओं के बारे में जानकारी ली, तथा बाढ़ से प्रभावित ग्रामवासियों को राशन किट का वितरण किया। वितरण के दौरान वहां पर उपस्थित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी व कर्मचारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का बराबर निरीक्षण करते रहे, ताकि बाढ़ से किसी भी ग्रामवासी को समस्या न होने पाये। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी तरबगंज शत्रोहन पाठक, जिला आपदा विशेषक राजेश श्रीवास्तव, एक्सईएन पीडब्लूडी व अन्य अधिकारी, संबंधित क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक, लेखपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

दो पक्षों में मारपीट, मुकदमा दर्ज

मनकापुर थाना क्षेत्र के लिदेहना ग्रंट निवासी बुधराम पुत्र चुन्नीलाल ने पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट किए जाने का मुकदमा लिखाया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज किया है। आरोप के अनुसार, बीती रात विपक्षीगण मालिकराम, मोतीराम व आशाराम पुत्रगण राम अजोर लाठी डण्डा, ईंट-पत्थर से लैस होकर मारपीट किया, जिसमें पीड़ित व पड़ोसी केवला देवी को चोटें आईं। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोगों के एकत्रित होने पर विपक्षी गाली गलौज देते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

एनएसएस डे का आयोजन

सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कालेज में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा एनएसएस डे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डा. मौसमी सिंह एवं डा. नीतू सिंह ने एनएसएस छात्राओं को शपथ दिलाई। छात्राओं ने महाविद्यालय प्रांगण की साफ सफाई की। महाविद्यालय की नियन्ता श्रीमती रंजना बन्धु ने एनएसएस डे के महत्व को बताया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डा. सीमा श्रीवास्तव, डा. आशू त्रिपाठी, श्रीमती गीता श्रीवास्तव, कंचन पाण्डेय, अनु उपाध्याय, सुनीता पाण्डेय, सुनीता मिश्रा, विजय श्रीवास्तव, दिनेश श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहीं।

दुकान से 80 हजार की चोरी

जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत के कोनिया बनकट के मजरा तेलईपुरवा के रहने वाले ओम प्रकाश के मुताबिक, वह इसी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत राजापुर के मजरा बल्दूपुरला के पास दवा की दुकान करता है और आधार कार्ड से लेनदेन भी करता है। 24 सितंबर की रात को दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने दुकान में रखा 80 हजार रुपये नगदी उठा ले गए। मामले की स्थानीय थाने पर शिकायत की गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

दिव्यांगों को वितरित किया गया सहायक उपकरण

प्रधानमंत्री के जन्म दिवस के उपलक्ष में मनाए जा रहे सेवा पखवाड़े के अन्तर्गत शनिवार को जिला पंचायत सभागार में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण कंपनी एल मिको, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा सहायक उपकरण का निःशुल्क वितरण समारोह आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष भाजपा अमर किशोर कश्यप, सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, विधायक मेहनौन विनय कुमार द्विवेदी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा मौजूद रहे। आज के इस कार्यक्रम में गोंडा तहसील के अंतर्गत 738 दिव्यांग जनों को दिव्यांग उपकरण एवं कृ़त्रिम अंगों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए राजा भैया ने कहा कि केंद्र कि भाजपा नीत नरेंद्र मोदी सरकार उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा समाज के हर क्षेत्र का ध्यान रखा जा रहा है। नरेंद्र मोदी की सोच दिव्यांग जनों के प्रति हमेशा अत्यंत संवेदनशील रही है। इसीलिए आज उनके जन्मदिन के उपलक्ष में मनाया जा रहा है। सेवा पखवाडा के निमित्त आज आप सभी को उपकरण वितरण किया जा रहा है। आज के इस कार्यक्रम में सांसद कैसरगंज के प्रतिनिधि संजीव सिंह, सांसद गोंडा के प्रतिनिधि राजेश सिंह, रमाशंकर मिश्रा, जिला महामंत्री आशीष त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष राजेश रायचंदानी, जिला मंत्री विनय शर्मा, जिला उपाध्यक्ष संदीप पांडे, महिला मोर्चा की अध्यक्ष बीना राय, जिला मीडिया प्रभारी राघवेंद्र ओझा, सोशल मीडिया के प्रमुख अविनाश जयसवाल, आईटी प्रमुख शशांक मिश्रा, संतोष सिंह के साथ ही दिव्यांगजन विभाग के अधिकारी गण की उपस्थिति रही।

प्रधानाचार्य का आकस्मिक निधन

दयानंद शिक्षा संस्थान इंटर कालेज मंगुरा बाजार के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद तिवारी का शुक्रवार देर रात असामयिक निधन हो गया। उनके निधन पर विद्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया जिसमे दो मिनट का मौन रखकर दिवगंत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। शोकसभा में संतोष कुमार पांडेय, राकेश कुमार पांडेय, जगदीश सिंह शिव शंकर मिश्र, सुनील कुमार, सुनीता तिवारी, अर्चना तिवारी आदि शामिल रहे।

दबंग विपक्षियों ने बंद किया सार्वजनिक रास्ता

कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में एक ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि द्वारा रास्ता खाली कराने के लिए उपजिलाधिकारी व पुलिस से शिकायत करके गुहार लगाई गयी है। एसडीएम ने प्रकरण का संज्ञान लेकर राजस्व निरीक्षक को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला ग्राम पंचायत कुर्था से जुड़ा है। यहाँ के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भीष्म यादव द्वारा की गई शिकायत में कहा गया है कि विपक्षीगण नकछेद पुत्र ईश्वरदीन तथा राजितराम पुत्र हरीराम सार्वजनिक आबादी भूमि में निकले रास्ते को जिससे ग्रामवासी आते जाते हैं, को अवरुद्ध कर दिया है। आरोप है कि विपक्षी रास्ते पर जानवर बांधते हैं और लकड़ी की सिल्ली रखकर गोबर का घूर लगाकर मार्ग अवरूद्ध कर दिया है। परिणाम स्वरूप उन्हें तथा ग्रामवासियों को आने जाने में बहुत कठिनाई हो रही है। मामले में प्रधान प्रतिनिधि भीष्म यादव ने विपक्षियों पर गाली गलौज करने तथा जान माल की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। वहीं मामले को संज्ञान में लेकर उपजिलाधिकारी हीरालाल ने राजस्व निरीक्षक को सीमांकन कर रास्ता खाली कराने का निर्देश दिया है।

Gonda : आज की महत्वपूर्ण खबरों पर एक नजर

आयुक्त ने केजीबीवी का निरीक्षण कर लिया जायजा

श्रावस्ती से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, देवीपाटन मण्डल के आयुक्त एमपी अग्रवाल ने स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा के निकट संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अध्ययनरत छात्राओं से वार्ता कर उनकी अभिरूचि को जाना और मन लगाकर पढ़ाई कर आगे बढ़ने हेतु प्रेरित भी किया। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा ही विकास की कुंजी है। इसलिए सभी छात्राएं मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने अभिरूचि के अनुसार मुकाम हासिल करें। आयुक्त ने छात्राओं को दिये जाने वाले भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। तथा उपस्थित अध्यापिकाओं से छात्राओं को खेल के प्रति प्रेरित कर उन्हें खेल के अवसर प्रदान करने के भी निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने रसोई घर तथा छात्रावास का भी निरीक्षण कर जायजा लिया तथा सम्बन्धित अधिकारी तथा वार्डेन को सरकार द्वारा प्रदत्त सभी सुविधाएं समय से छात्राओं को मुहैया कराते रहने का निर्देश दिया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के निरीक्षण के दौरान ही उन्होने स्वास्थ्य विभाग की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) से बात कर उनके द्वारा बनाये जा रहे गोल्डेन कार्ड के सम्बन्ध में भी जानकारी ली। इसके उपरान्त आयुक्त ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की बीसी सखी से बात कर उनक द्वारा गांवों में संचालित बैंकिंग सेवाओं की भी जानकारी ली तथा स्वयं बीसी सखी के माध्यम से धनराशि आहरित कर बीसी सखी के कार्यो का सत्यापन भी किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नेहा प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह, देवीपाटन मण्डल के संयुक्त विकास आयुक्त राजेन्द्र प्रसाद, अपर जिलाधिकारी कुंवर पंकज, उपजिलाधिकारी प्रवेन्द्र कुमार, उपजिलाधिकारी रोहित, डीसी एनआरएलएम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक अजीत उपाध्याय सहित वार्डेन, अध्यापिकाएं मौजूद रहीं।

यह भी पढें : डाक्टर व विवेचक के प्रति अदालत की टिप्पणी, आरोपी किए बरी

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular