वरिष्ठ चिकित्सक का लम्बी बीमारी के बाद निधन
संवाददाता
गोंडा। समाज में शिक्षा के प्रति क्षेत्र के लोगों का मार्गदर्शन करने वाले क्षेत्र के वरिष्ठ चिकित्सक हाजी डॉ. जामिन अली (80) का लम्बी बीमारी के बाद गुरुवार तड़के निधन हो गया। वह विभिन्न सामाजिक और शैक्षिक संस्थानों से जुड़कर सेवा कार्यों में संलग्न रहते थे। निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी। 1971 में शिया पीजी कालेज लखनऊ से बीएससी करने के बाद उन्होंने 1975 में तिब्बिया कॉलेज लखनऊ से बीयूएमएस की डिग्री हासिल की। इसके बाद इटियाथोक में लोगों का इलाज करना शुरू किया। पत्रकार हनीफ सिद्दीकी ने बताया कि उनके पिता का लखनऊ के निजी अस्पताल से उनका इलाज चल रहा था। जिला पंचायत सदस्य हाजी अनवर शकील चौधरी, सुरेश शुक्ल, दद्दन खान, हाजी फैजान उल्लाह, इनाम उल्लाह, हाजी अब्दुल मजीद चौधरी, हाजी बिलाल, लोले चौधरी, सिरताज अली, जुनैद चौधरी, शादाब खान, अनिल तिवारी गोमती मिश्रा, दयाराम तिवारी, मनोज मिश्र, डॉ अजय कुमार मिश्र, कमल कांत शुक्ल, दुर्गा प्रसाद गुप्ता समेत बड़ी संख्या में लोगों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।
प्रधान की शिकायत पर जांच के आदेश
मनकापुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत भिटौरा की महिला ग्राम प्रधान ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रधान ने डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार से मिलकर शिकायत की है। ग्राम पंचायत की ज्यादातर भूमि वर्तमान में टाउन एरिया में आ जाने के कारण कीमती हो गयी है। लिहाजा इस पर तमाम लोगों की नजर गड़ी है। भिटौरा की प्रधान अंजना देवी की शिकायत है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। एसडीएम आकाश सिंह ने बताया कि प्रकरण में तहसीलदार पैगाम हैदर को जांच का निर्देश दिया गया है।
जयंती पर याद किए गए शितलू बाबा
पूर्व विधायक शीतला प्रसाद सिंह उर्फ शितलू बाबा की 115वी जयंती पर महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज बेलसर में उनकी प्रतिमा तथा समाधि स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनकी पौत्री साधना सिंह ने कहा कि बाबा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करते हुए तमाम लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराया। प्रधानाचार्य अजीत सिंह ने कहा कि हम सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। बेलसर प्रधान रज्जन बाबा, चंद्र प्रताप सिंह, राजेंद्र प्रसाद तिवारी, चौकी प्रभारी कामेश्वर राय, पंकज सिंह बाबा, सुनील सिंह बाबा, हाजी मोहम्मद हनीफ, लियाकत अली, अशोक कुमार ने भी श्रद्धांजलि दी।
आधा दर्जन थानों पर नई तैनाती
एसपी आकाश तोमर ने कल देर रात आधा दर्जन थानों पर नई तैनाती की है। कोतवाल मनकापुर मनोज कुमार राय को यहां से हटाकर कटरा बाजार थाने की कमान सौंपी गई है। कटरा बाजार के इंस्पेक्टर चितवन कुमार को हटाकर कोतवाली मनकापुर की जिम्मेदारी दी गई है। इंस्पेक्टर करुणाकर पाण्डेय को इटियाथोक से हटाकर नवाबगंज थाने में तैनाती दी गई है। इंस्पेक्टर अरुण कुमार द्विवेदी को नबाबगंज से हटाकर खरगूपुर थाने में भेजा गया है। खरगूपुर के इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह को इटियाथोक की जिम्मेदारी दी गयी है। एसपी के पीआरओ संजीव वर्मा को उमरी बेगमगंज का थानाध्यक्ष बनाया गया है। यहां थानाध्यक्ष रहे कुबेर तिवारी को हटाकर कर्नलगंज में एसएसआई बनाया गया है। पिछले दिनों थाने में हुए विवाद के प्रभावी नियंत्रण में उनकी शिथिलता पाई गई थी। इससे पूर्व भी उनकी कई शिकायतें मिल चुकी थीं। इस बीच खरगूपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह को गुरुवार को समारोहपूर्वक विदाई दी गई। लोगों ने निरीक्षक के कार्यशैली सरलता की सराहना की। पूर्व जिला पंचायत सदस्य धर्मेन्द्र मिश्र गुदगुद ने कहा कि मात्र तीन माह के अल्प अवधि में प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह कार्यकाल अति सराहनीय रहा। इस अवसर पर चौकी इंचार्ज जानकी नगर दिवाकर मिश्र, उपनिरीक्षक अखिलेश यादव, किशोर पासवान, चन्द्र भूषण पांडेय, भोला शंकर नीतीश मणि त्रिपाठी, नितीश सिंह, हिमांशी अवस्थी, चंद्र शेखर, राज किशोर, आदित्य यादव आदि रहे। इसी प्रकार से कटरा बाजार में भी प्रभारी निरीक्षक चितवन कुमार को सह कर्मियों ने विदाई दी है।
बिजली की दुकान में चोरी
थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अन्तर्गत पोर्टरगंज स्थित इलेक्ट्रिक दुकान से चोरों ने तार चोरी कर लिया। दुकानदार ने नगर कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। व्यवसायी इरशाद अली ने बताया कि सोमवार की रात उसकी दुकान से लगभग 100 बंडल तार किसी ने चोरी कर ली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरों की तलाश में टीम को लगाया गया है।
तालाब से सुरक्षित निकाली गई फंसी नील गाय
थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के पांडेय तालाब में गुरुवार सुबह एक नीलगाय तालाब में फंस गई। उसे डूबता देखकर पुलिस कर्मियों ने लोगों के सहयोग से रेस्क्यू कर बचा लिया। यूपी 112 की टीम और महाराजगंज चौकी पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। यूपी 112 और महाराजगंज चौकी पुलिस ने रेस्क्यू कर नीलगाय को बाहर निकलवाया। बाहर निकलवा उसका इलाज भी करवाया।
आर्मी ब्वॉयज हॉस्टल के लिए चुने गए तीन खिलाड़ी
जिले के तीन ताइक्वांडो खिलाड़ियों का चयन आर्मी ब्वॉयज हॉस्टल नासिक में हुआ है। गोण्डा ताइक्वांडो एसोसिएशन के खिलाड़ियों ने शानदार उपलब्धि प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। सचिव प्रत्यूष राज ने बताया कि राष्ट्रीय खिलाड़ी सेंट जेवियर्स के कक्षा 10 के छात्र कुणाल तिवारी निवासी जेल रोड, रघुकुल विद्यापीठ के कक्षा 9 के छात्र मनीष कुमार दिवाकर निवासी हाउसिंग कॉलोनी तथा रोजवुड इंटर कॉलेज के कक्षा 9 के छात्र निखिल गुप्ता निवासी मालवीय नगर का चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सभी खिलाड़ी नासिक के लिए रवाना होंगे। आगे प्रतियोगिताओं में अब ये खिलाड़ी नासिक आर्मी ब्वॉयज की तरफ से प्रतिभाग करेंगे। तीन खिलाड़ियों की पढ़ाई, खाना. खेलने के समस्त खर्च आर्मी ब्वॉयज हॉस्टल की तरफ से निःशुल्क होगा। इनके चयन पर डीएम डॉ उज्जवल कुमार, उप क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर, गोंडा ताइक्वांडो एसोसिएशन के पदाधिकारियों में डा. ओएन पाण्डेय, अमित पांडेय, सुमित भूषण सिंह, सुजेन दत्ता, उमेश शाह, संजू छाबड़ा, संतोष गुप्ता, डॉक्टर ऐश्तिशाम, देवेंद्र शर्मा, अरुण चंद नागर, संदीप चौहन आदि ने हर्ष व्यक्त किया।
फर्जी बैनामा कराने का आरोपी गिरफ्तार
खरगूपुर थाने की पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के सहारे जमीन का बैनामा कराने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पुरैनिया का है। यहां के निवासी राम मनोहर ने अपने साथियों के साथ कूटरचित दस्तावेजों के सहारे बनारसी पुत्र चौधरी की जमीन का बैनामा करा लिया था। जानकारी होने पर पीड़ित ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उपनिरीक्षक अखिलेश यादव ने अपनी टीम के साथ आरोपी राम मनोहर पुत्र शिव प्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना कर दिया है।

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
