एसपी ने किया साप्ताहिक परेड का निरीक्षण
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने शुक्रवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर परेड का निरीक्षण करके सलामी ली। उन्होंने सप्ताहिक परेड के दौरान समस्त जवानों से दौड़ लगवाकर उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से फिट रहने का संदेश दिया। एसपी ने शारीरिक गतिविधियों जैसे दौड़, खेलकूद, व्यायाम को नियमित तौर पर करते रहने का निर्देश दिया। उन्होंने परेड के दौरान दोपहिया व चार पहिया पीआरवी वाहनों को चेक किया। परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने आरटीसी परिसर, बैरक, भोजनालय, पुलिस जलपान गृह, आरक्षी आवास, क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, जीडी कार्यालय, परिवहन शाखा आदि का निरीक्षण किया। जो भी कमी पाई गई, उसके संबंध में संबंधित को तत्काल कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। एसपी ने पुलिस लाइन परिसर में साफ सफाई रखने हेतु प्रतिसार निरीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आदेश कक्ष में गार्द कमांडरों के रजिस्टरों की चेकिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइंस मुन्ना उपाध्याय, परिवहन शाखा प्रभारी, यातायात प्रभारी तथा पुलिस लाइन/समस्त थानों के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

मारपीट व आगजनी में चार को सजा
जिले के कर्नलगंज थाने में करीब 10 वर्ष पूर्व दर्ज एक मुकदमे में अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय ने मारपीट व आगजनी के चार अभियुक्तां को दोषी करार देते हुए 03-03 वर्ष के सश्रम कारावास व 10-10 हजार रुपए अर्थदण्ड की सजा सुनाई है। पुलिस मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार, भादवि की धारा 436, 323, 34, 504, 506 के तहत अभियोग दर्ज कराया गया था। अदालत ने मॉनिटरिंग सेल व थाना कर्नलगंज के पैरोकार आरक्षी अनूप शुक्ला द्वारा की गई सशक्त व प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप राम सहाय, रामचंदर व राम तीरथ पुत्र गण रामधनी तथा रामेश्वर उर्फ लल्ला पुत्र रामसहाय निवासी गण बड़ी मनिहारी थाना कर्नलगंज को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।
दो पक्षों में मारपीट, मुकदमा दर्ज
जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र में कूड़ा फेंकने के विवाद को लेकर कोनिया बनकट गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि कोनिया बनकट गांव में कूड़ा फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है। दोनों पक्ष के लोगों को चोटें आईं हैं। एक पक्ष के मुन्नी देवी पत्नी राम अनुज की शिकायत पर विपक्षी राम लक्ष्मण उनकी पत्नी श्रीमती व पुत्री लक्ष्मी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जबकि दूसरे पक्ष के श्रीमती पत्नी राम लक्ष्मण की शिकायत पर विपक्षी राम अनुज इनकी पत्नी मुन्नी देवी व दो पुत्रियां सीमा व सुनीता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

नशीली गोलियों के साथ युवक धरा गया
नगर कोतवाली के उपनिरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि उसके पास नशे की 60 गोलियां बरामद हुई हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान कटहरिया निवासी अनीस के रूप में हुई। उसके विरुद्ध नगर कोतवाली पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की है।
मवेशी चोर गैंग के 06 सदस्य गिरफ्तार
जिले के कर्नलगंज थाने की पुलिस ने अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण में मवेशी चोर गैंग के 06 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 01 अदद पड़िया व जामा तलाशी के दौरान अभियुक्त खलील के कब्जे से 01 अदद नाजायज चाकू बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, बीते 19.09.2022 की रात्रि राम नेवाज पुत्र श्याम मनोहर पांडेय निवासी रेरुआ की 01 अदद भैंस व 01 अदद पडिया चोरी हो गई थी। इस सम्बंध में स्थानीय थाने पर अभियोग दर्ज कराया गया था। विवेचना के दौरान उप निरीक्षक वीरेंद्र बहादुर राय ने मुन्ना पुत्र इकबाल निवासी नई बाजार थाना कर्नलगंज, राहुल मिश्रा पुत्र राम बिहारी मिश्रा निवासी मिश्रौलिया थाना नवाबगंज के साथ ही खलील पुत्र शौकत, समीर पुत्र शौकत, शकील पुत्र शौकत व चिनकी पुत्र शौकत निवासी गण ग्राम हैदराबाद थाना परशरामपुर जनपद बस्ती को गिरफ्तार कर सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज करके जेल रवाना किया।
सेल्समैन को मालिक ने पीटा, मुकदमा दर्ज
थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के मुसौली निवासी विजय कुमार मिश्रा गोण्डा शहर के अंबेडकर चौराहा स्थित ट्रैक्टर एजेंसी पर कई वर्षो से सेल्समैन था। आरोप है कि मंगलवार को विजय एजेंसी पहुंचा और अपना हिसाब करने की बात कही। इस पर एजेंसी मालिक फारूख अली और हारून अली ने एक कमरे में ले जाकर बंद कर पिटाई कर दी। नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मामले की जांच की जा रही हैं।
शादी का झांसा देकर अपहरण मामले में छह पर केस
मनकापुर स्थानीय कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर अपनी लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। गुरुवार को करीबी रिश्तेदारों की ओर से शादी का झांसा देकर साथ ले जाने की जानकारी होने पर पीड़ित पिता ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पीड़ित पिता ने तहरीर में बताया कि उनकी लड़की (19) 22 अगस्त को घर से बाजार टेलर के यहां से कपड़ा लाने गई थी। घर नहीं लौटी तो काफी खोजबीन की गई, लेकिन कहीं नहीं पता चला। उसी दिन स्थानीय कोतवाली में लड़की के गायब होने की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कर दी गई थी। गुरुवार को जानकारी मिली कि एक करीबी रिश्तेदारों की ओर से शादी का झांसा देकर बहला फुसला कर अपने साथ ले जाया गया। पीड़ित पिता ने रायबरेली निवासी अपने छह रिश्तेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया। कोतवाल मनोज कुमार राय ने बताया कि लड़की की पिता के तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

चोरी के सामान के साथ तीन चोर गिरफ्तार
जिले के परसपुर थाने की पुलिस ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान तीन शातिर चोरों मनोज गोस्वामी पुत्र विजय कुमार गोस्वामी निवासी पल्टू पुरवा, संदीप नाई पुत्र सूरज लाल नाई निवासी लक्ष्मण पुरवा तथा हिमांशु लोनिया पुत्र चैतू लोनिया निवासी मुरावन पुरवा डेहरास थाना परसपुर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 01 अदद गैस चूल्हा, 02 अदद कढ़ाई, 01 अदद कुकर, 01 अदद छनौटा व 02 अदद डोल्ची बरामद किया गया। उक्त अभियुक्तों ने दिव्या प्रकाश होटल में चोरी की थी। इस संबंध में स्थानीय थाने पर अभियोग दर्ज कराया गया था।
एआरटीओ ने सीज किए आधा दर्जन वाहन
धानेपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को धानेपुर दतौली मार्ग व गोंडा उतरौला मार्ग पर एआरटीओ ने अभियान चलाकर वैध कागजात के अभाव में आधा दर्जन वाहनों को सीज कर जुर्माना लगाया है। इसके बाद डग्गामार वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि टीम की ओर से वाहनों को सीज कर जुर्माना लगाते हुए सुपुर्द किया गया है। उन्होंने बताया कि इसमें एक स्कूली बस, एक जीप व चार ऑटो रिक्शा शामिल है।
यह भी पढें : SP से मिल संतुष्ट हुए सपा नेता, धरना स्थगित
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
