Thursday, April 2, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : आज की प्रमुख घटनाओं पर एक नजर

Gonda : आज की प्रमुख घटनाओं पर एक नजर

किशोरी ने फांसी लगाकर किया आत्म हत्या

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। इटियाथोक थाना क्षेत्र में एक किशोरी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परसिया गूदर के स्वर्गीय छोटे लाल की पुत्री मुनिया देवी (17) ने शनिवार को अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका के भाई ने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार थी और इलाज चल रहा था। शनिवार को जब घर के लोग खेत में काम कर रहे थे तो मुनिया ने बीमारी से तंग आकर अपनी जान दे दी। थानाध्यक्ष करुणाकर पांडेय ने बताया कि मृतका के भाई राजेश कुमार की सूचना पर पुलिस ने पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

पूर्व प्रधान प्रतिनिधि मार्ग दुर्घटना में घायल

कर्नलगंज तहसील क्षेत्र के अन्तर्गत ग्रामसभा फतेहपुर कोटहना के पूर्व प्रधान प्रतिनिधि प्रमोद सिंह शुक्रवार की देर रात्रि सड़क दुर्घटना में घायल हो गए, जिन्हें इलाज हेतु एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से डाक्टर ने उन्हें गोंडा ले जाने की सलाह दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना कर्नलगंज से घर वापस जाते वक्त शुक्रवार की देर रात्रि में हुई। जानकारी के मुताबिक ग्राम सकरौरा ग्रामीण के बेलवा सम्मय टेपरा के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ बाइक पर बैठा एक लड़का भी घायल हो गया।

शौच के लिए निकले युवक की लटकती मिली लाश

जिले के मोतीगंज थाने में शुक्रवार की देर रात्रि घर से शौच के लिए निकले एक युवक की रहस्यमय परिस्थितियों मे मौत हो गई। गांव के बाहर एक पेड़ से उसकी लाश लटकती मिली है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मंगरावा गांव निवासी राम आशीष तिवारी ने थाना मोतीगंज मे पांच लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है। बताया जाता है कि शुक्रवार को सत्यम तिवारी शाम पांच बजे घर से शौच के लिए कहकर निकला था लेकिन जब रात 9 बजे तक घर वापस नही लौटा तो परिजनो ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में पता चला गांव के बाहर आम के पेड़ से उसका शव लटक रहा है। परिजनो ने रात में ही इसकी सूचना थानाध्यक्ष को दी। सूचना मिलते ही सीओ सदर विनय सिंह ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

तेंदुआ को पकड़ने के लिए डीएम आवास में काम्बिंग

एक बार फिर डीएम आवास में तेदुए ने दस्तक दी है। तेंदूए को पकड़ने के लिए वन विभाग की कई टीमें काम्बिंग कर रही हैं। वहीं तेंदुए को जाल में फंसाने के लिए वन विभाग ने दो पिंजरे भी लगाए हैं। पिंजरे में बकरी भी बांधी गई है। डीएफओ आरके त्रिपाठी ने बताया कि तेंदए को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया है। डीएम आवास में तेंदुआ देखे जाने के बाद वहां काम कर रहे कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। बताया जाता है कि डीएम आवास में लगे सीसीटीवी फुटेज में भी वह देखा गया है। तेंदुआ दिखने के बाद वन विभाग को उसे पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गोंडा वन रेंज के रेंजर मोहम्मद इलियास के नेतृत्व में दो टीमें काम्बिंग कर रही हैं। हालांकि अब तक टीम को तेंदुए के पंजे या उसकी मौजूदगी के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। डीएफओ ने बताया कि टीमें लगी हैं। यदि उसकी मौजूदगी होगी तो वह जल्द ही पकड़ा जाएगा।

पत्रकार को पितृ शोक

कर्नलगंज स्थानीय कस्बा निवासी पत्रकार प्रशांत मिश्र उर्फ रानू के पिता गोविंद कृष्ण मिश्र (70) का शुक्रवार रात्रि में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना से उनके घंटा घर स्थित आवास पर लोगों का तांता लग गया। पंडित भगौती मुनीम सर्राफ के नाम से मशहूर दुकान के मालिक, ईमानदारी व सादगी पसंद मुन्ना भैया के नाम से प्रसिद्ध गोविंद कृष्ण मिश्रा विगत कुछ माह से अस्वस्थ चल रहे थे। फिलहाल उनके स्वास्थ्य में काफी सुधार आ गया था, लेकिन शुक्रवार की रात लखनऊ में एकाएक उनकी तबियत बिगड़ी और लोहिया हॉस्पिटल पहुंचते-पहुंचते उन्होंने दम तोड़ दिया। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को कटरा घाट स्थित सरयू तट पर किया गया, जिसमें काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

डम्फर ट्रक से टकराकर पलटा बिस्कुट भरा ट्रक

शुक्रवार की रात्रि डम्फर से टकराकर बिस्कुट से भरा ट्रक पलट गया। रात्रि का समय होने की वजह से कोई अप्रिय घटना नही घटी। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना कर्नलगंज-परसपुर मार्ग स्थित ग्राम बबुरास के मजरा पाण्डेय पुरवा के सामने की है। शनिवार की सुबह लगभग तीन बजे फैजाबाद से पारले बिस्कुट लोड करके एक ट्रक बहराइच जा रहा था। अभी वह पाण्डेय पुरवा के सामने पहुंचा ही था कि एक अज्ञात डम्फर ट्रक के साइड मारने से बिस्कुट भरा ट्रक पलट गया। अमेठी के मुसाफिर खाना निवासी चालक इमरान ने बताया कि डम्फर ट्रक के साइड मारने की वजह से ट्रक पलट गया है। ट्रक में सवार दो श्रमिक चोटिल हो गये थे, जिनका इलाज कराकर बहराइच भेज दिया गया है।

Gonda : आज की प्रमुख घटनाओं पर एक नजर

यह भी पढें : सड़क पर नहीं पढ़ी जा सकेगी बकरीद की नमाज

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular