Tuesday, March 31, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : आज की प्रमुख घटनाओं पर एक नजर

Gonda : आज की प्रमुख घटनाओं पर एक नजर

कोरोना से लड़ने की तैयारी की होगा पूर्वाभ्यास

स्वास्थ्य केंद्रों पर बेड, पीकू वार्ड और दवा आपूर्ति की जांची जाएगी सत्यता

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। दुनिया के कई देशों में बढ़ रहे कोविड के नए वैरियंट से जिले का स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। इसी क्रम में कोविड संक्रमण से बचने और लड़ने की तैयारियों पर जनपद स्तर पर मंगलवार को मॉक ड्रिल की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रश्मि वर्मा ने बताया कि वर्तमान में जिले में तीन व्यक्ति कोरोना संक्रमित हैं, जो होम आईसोलेशन में हैं। अब नए वैरियंट को देखते हुए कोविड मरीजों के लिए जिला अस्पताल स्थित कोविड हॉस्पिटल (एल-02) में दो सौ बेड उपलब्ध है। बच्चों के लिए पीआईसीयू (पीकू वार्ड) स्थापित हैं। इसके अलावा चार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों क्रमशः छपिया, वजीरगंज, इटियाथोक व हलधरमऊ में दस-दस बेड का पीआईसीयू स्थापित किया गया है। इसके अलावा जनपद में 402 ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर उपलब्ध है, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं जिला चिकित्सालय को मुहैया कराया गया है। वेंटिलेटर की उपलब्धता 28 तथा आईसीयू बेड की संख्या 17 है। सभी चयनित सीएचसी पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि जनपद में आक्सीजन और बेड की कोई कमी नहीं है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवा की पूरी उपलब्धता है। मंगलवार को अगर कहीं कोई कमी दिखती है, तो उसको तत्काल पूरी करने की कोशिश होगीस सीएमओ ने जनपदवासियों से अपील की है कि कोविड संक्रमण से बचने के लिए अपनी एहतियाती डोज अवश्य लगवा लें। साथ ही कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकलें। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ जय गोविन्द ने बताया कि जनपद में 12 से 14 वर्ष के आयु वर्ग में अभी तक 2,79,215 बच्चों ने, 15 से 17 वर्ष के आयु वर्ग में 4,86.113 किशोर-किशोरी टीका से प्रति रक्षित हो चुके हैं। वहीं 18 वर्ष से ऊपर के 55,12,511 लोगों ने टीका लगवा लिया है। डॉ जय गोविन्द ने बताया कि अब तक कुल 29,10,140 लोगों ने पहली खुराक लगवाई है और 27,88,925 लोगों ने दोनों खुराक ले ली हैं। वहीं 67,0,682 लोगों को एहतियाती डोज भी लगाई जा चुकी है।

आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर युवक गिरफ्तार

जिले के कोतवाली देहात थाने की पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल किए जाने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने क्रिसमस को लेकर फेसबुक पर लाइव आकर अभद्र टिप्पणी की थी। इस पर कोतवाली देहात पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। देहात कोतवाली पुलिस टीम ने विशुनपुर बैरिया निवासी अमरपाल सिंह उर्फ नील ठाकुर को गिरफ्तार किया। देहात कोतवाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी चल रही है। ऐसे मामले में कड़ी कार्रवाई होगी।

बैंक प्रबंधक सहित तीन पर धोखाधड़ी का मुकदमा

जिले के परसपुर थाने में केसीसी बनवाकर उसके साथ विश्वासघात करके धन हड़पने के मामले में कोतवाली देहात के ग्राम दुल्लापुर तरहर निवासी राम खेलावन पुत्र मातादीन ने परसपुर थाने में तहरीर देकर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर नामजद तीन आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाया है। पीड़ित ने दर्ज कराई गयी रिपोर्ट में आरोप लगाते हुए कहा है कि उक्त मामले में 10 जुलाई 2022 को उसने परसपुर थाने में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई सहयोग नहीं हुआ और न ही कोई कानूनी कार्रवाई की गई। वह गरीब व्यक्ति है। घर बनवाने के लिए उसे धन की आवश्यकता थी, जिससे केसीसी बनवा कर बैंक से सहायता लेकर वह घर बनवाना चाह रहा था। पप्पू एवं खैराती ने उसके घर आए और केसीसी बैंक से सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद वह साथ में अपनी बेटी को लेकर जून महीने में प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक पंजाब नेशनल बैंक शाखा कटैला थाना परसपुर में पहुंचकर एक हजार रुपये जमा करके खाता खुलवाया तथा 143000 रुपये की केसीसी मंजूर हुई। बैंक से एक लाख रुपये पहली बार निकाला। बैंक में ही दोनों लोगों ने उससे 50 हजार रुपए ले लिया। इसके बाद 37 हजार रुपए निकलवाया। बैंक के माध्यम से उसे जानकारी हुई कि उसके खाते में 321 रुपये शेष हैं। मामले में पुलिस ने ग्राम नकहा खरगूपुर देहात कोतवाली निवासी पप्पू पुत्र गोपी नाथ, ग्राम गोण्डरी पुरवा चांदपुर निवासी खैराती पुत्र ईदू, शाखा कटैला बैंक मैनेजर प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है और विवेचना उपनिरीक्षक प्रशांत गुप्ता को सौंपी गई है।

फर्जी बैनामे का आरोपी गिरफ्तार

जिले के तरबगंज थाने की पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कराकर जमीन बैनामा कराने वाले आरोपी सुरेन्द्र पाण्डेय उर्फ लल्लू को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। एसओ मनोज पाठक ने बताया कि अभियुक्त सुरेन्द्र पाण्डेय उर्फ लल्लू पुत्र राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय निवासी रूपीपुर थाना वजीरगंज ने अपने साथी अभियुक्तों के साथ मिलकर जोगेन्द्र प्रसाद की भूमि बैनामा करवा ली थी। जिसके सम्बन्ध में जोगेन्द्र प्रसाद द्वारा थाना तरबगंज में मुकदमा पंजीकृत कराया गया था। पुलिस अभियुक्त की तलाश कर रही थी, सोमवार को उसके हाथ सफलता लगी। अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

सड़क हादसे में युवक की मौत

धानेपुर थाना क्षेत्र के माधवगंज चफैलवा के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ही बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची धानेपुर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया है।

नायब तहसीलदारों के न्यायिक कार्य का विभाजन

उप जिलाधिकारी हीरालाल ने तहसील कर्नलगंज में तैनात चारों नायब तहसीलदारों के न्यायिक कार्य का विभाजन करते हुए इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि तहसील में चार नायब तहसीलदार क्षेत्र हैं। पूर्व में तहसील में मात्र एक नायब तहसीलदार तैनात होने के कारण तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के मध्य रिक्त नायब तहसीलदार के न्यायालयों का विभाजन किया गया था, जिसके अनुसार न्यायिक कार्य संपादित होता था। वर्तमान समय में शासन द्वारा चार नायब तहसीलदारों की तैनाती की गई है। इसी क्रम में उक्त आदेश तत्काल प्रभाव से लागू करके अनीश सिंह नायब तहसीलदार को न्यायालय नायब तहसीलदार कटरा बाजार, संतोष कुमार यादव नायब तहसीलदार को न्यायालय नायब तहसीलदार हलधरमऊ, रोहित कुमार नायब तहसीलदार को न्यायालय नायब तहसीलदार कर्नलगंज, देवेंद्र यादव नायब तहसीलदार को न्यायालय नायब तहसीलदार परसपुर का आवंटन करते हुए संबंधित नायब तहसीलदारों को अपने-अपने न्यायालयों से संबंधित न्यायिक कार्य संपादित करने को कहा गया है।

वीर बाल दिवस मनाया गया

श्री गांधी आदर्श विद्यालय इण्टर कालेज खरगपुर में सोमवार को वीर बाल दिवस के रूप में मनाया गया। गुरु गोविंद सिंह के दो साहिबजादा के शहीद के स्मृति में विविध कार्यक्रम निबंध लेखन, वाद विवाद व भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने प्रतिभाग किया। वरिष्ठ शिक्षक डॉ हनोमान प्रसाद शुक्ल व विद्या प्रसाद ने नौ वर्षीय बलिदानी जोरावर सिंह व छह वर्षीय फतेह सिंह के पराक्रम पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विद्यालय में प्रधानाचार्य सुब्रत राजन पांडेय, केडी शुक्ल, राम सुमिरन गुप्ता कर्ता राम राजेन्द्र शुक्ल, राकेश कुमार संदीप मिश्र व छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

गोली चलने से घायल युवक की हालत नाजुक

जनपद के नवाबगंज कस्बा स्थित कटी तिराहे पर स्टैंड पर रविवार को फ़ायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। कटी तिराहे पर गोली चलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगने से राहुल सिंह नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक घायल राहुल को एक निजी नर्सिंग होम में इलाज हेतु भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले स्टैंड पर ऑटो का नम्बर लगाने को लेकर कुछ विवाद हुआ था। तीन हमलावरों पर राहुल सिंह को गोली मारने का आरोप है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल वाहन चालक को इलाज के लिए सीएचसी नवाबगंज पहुँचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालात गंभीर देखकर चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घायल युवक की हालत नाजुक बतायी जाती है। इस संबंध में थानाध्यक्ष नवाबगंज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।

दो घरों में ताला तोड़कर चोरी

जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलवा बाजार के मजरा छोटकार्ड पुरवा में बीती रात चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर 28000 की नकदी और लाखों का आभूषण पार कर दिया। इसकी सूचना पीड़ित अमित कुमार व गोगे तिवारी ने डायल 112 व कोडिया पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच और पड़ताल की है। कौड़िया थाना क्षेत्र के मजरा छोटकाई पुरवा में अमित कुमार किराए का मकान लेकर परिवार के साथ में रहते हैं। पास के ही त्रिलोकी नाथ चौराहे पर क्लीनिक चलाते हैं। रविवार शाम वह परिवार के साथ अपने ससुराल गिलौला चले गए थे। घर सूना देखकर रात में चोरों ने घर का ताला तोड़कर 22000 रुपए नगद, एक चेन, एक मंगलसूत्र, दो सोने के कंगन सहित लाखों के सोने-चांदी के आभूषण उठा ले गए। इसी प्रकार गांव के ही गोगे तिवारी के घर के पीछे से अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर 6000 रुपए नगद व सोने चांदी के आभूषण उठा ले गए। जिसकी सूचना अमित कुमार एवं गोगी तिवारी ने सामूहिक रूप से डायल 112 व कोडिया पुलिस से की। मौके पर पहुंची पुलिस जांच व पड़ताल में जुटी। इस संबंध में थानाध्यक्ष विद्या सागर पांडेय ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे ट्रैक पर मिला महिला का शव

थाना इटियाथोक क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में एक महिला का शव बरामद हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना थाना इटियाथोक अंतर्गत नए गांव पारासराय के पास से जुड़ी है। रविवार को यहां रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाण्डेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

सांसद खेल स्पर्धा का शुभारंभ

आर्यावर्त महाविद्यालय आर्यनगर पठानाजोत में सांसद खेल स्पर्धा का शुभारंभ कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह और कटरा विधायक बावन सिंह ने किया। इस अवसर पर पूर्व पीएम अटल बिहारी बाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। खेलकूद में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद से ही स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। विधायक बावन सिंह, कटरा बाजार ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भवानी भीख शुक्ला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरीश शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य श्रवण शुक्ल, अर्जुन तिवारी सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह व सुनील सिंह ने भी लोगों को खेलकूद के अनेक टिप्स दिए। खेलकूद में रुपईडीह एवं कटरा बाजार के तीन दर्जन से अधिक विद्यालयों के सैकड़ों छात्र छात्राओं ने 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर 400 मीटर दौड़ वॉलीबॉल, क्रिकेट के खेल में प्रतिभाग किया। इसमें द्य भाजपा मंडल अध्यक्ष रमाकांत मिश्रा, अशोक तिवारी, तिरपन सिंह, डॉ देवानंद शुक्ला, प्रमोद शुक्ला, जीवन लाल शुक्ला राजन मिश्रा भूखन तिवारी, सांवली प्रसाद तिवारी, राजू वर्मा, कालिका प्रसाद शुक्ला, रवि मिश्रा, अनिल मिश्रा, पंकज शुक्ला, प्रधान राजेश सोनी, अनिल पांडे रिंकू पाण्डेय, रामनाथ मोर्या शिव शंकर मिश्रा, मदन मोहन मिश्रा, कौशल तिवारी, डॉ श्याम बहादुर सिंह, अमरनाथ सिंह, तिलक सिंह रहे।

मारपीट में चार के खिलाफ एफआइआर

खरगूपुर थाने की पुलिस ने रास्ते के विवाद में लाठी डंडे से हमलाकर घायल करने के आरोप में पुलिस ने दो महिला सहित चार लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। लक्ष्मणपुर गांव निवासी नरसिंह नरायण तिवारी ने थाने पर दर्ज कराए गए प्राथमिकी में आरोप लगाया कि गांव के बीच में उनका मकान है। रात को घर जाते समय राम नारायन, बड़ेलाल उर्फ गिरधारी, पूनम देवी व मिथिलेश ने लाठी डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। जब उनका लड़का अंकुर (20) बीच बचाव करने आया तो उसे भी लाठी-डंडे से मार पीटकर घायल कर दिया।

Gonda : आज की प्रमुख घटनाओं पर एक नजर

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular