Tuesday, March 31, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : आज की प्रमुख घटनाओं पर एक नजर

Gonda : आज की प्रमुख घटनाओं पर एक नजर

मेंटल हेल्थ के प्रति लोगों में जागरूकता जरूरी-सीडीओ

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। बदलती जीवन शैली, काम के बोझ और दफ्तर के स्ट्रेस ने देश में मानसिक स्वास्थ्य के मामलों में इजाफा कर दिया है। पहले के सापेक्ष में आजकल लोगों में मेंटल हेल्थ के प्रति जागरूकता बढ़ी है, किन्तु हमें इसके प्रति और भी जागरूक रहने की जरूरत है। यह बात मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरी कृपाल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आयोजित मेंटल हेल्थ कैंप के उद्घाटन के मौके पर कही। उन्होंने कहा कि अपनी चिंताओं से मुक्त होने का सबसे आसान तरीका यह है कि आप अपने विचारों को किसी नोटबुक पर लिखें। क्योंकि कई बार हम अपने विचारों को या अपनी परेशानियों को किसी को समझाने में अस्मर्थ होते हैं या किसी से खुलकर बात नहीं कर पाते हैं। तब यह तरीका आपके लिए बेहद कारगार साबित होता है। ऐसा करने से आप अपने मन को हल्का महसूस करते हैं और इससे तनाव कम होता है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रश्मि वर्मा, एसीएमओ डा. आदित्य वर्मा, सीएचसी अधीक्षक डा. पूजा जायसवाल व मानसिक रोग विशेषज्ञ डा. नूपुर पॉल ने लोगों से अपील की कि आज की जीवन शैली में मानसिक रोगों के प्रति लोग जागरूक हों, इसका अनदेखा न करें। झिझके नहीं, इसके बारे में बात करें ताकि आगे आने वाले समय में यह विकराल रूप न ले। इस मौके पर सीएचसी स्टाफ, आशा व अन्य लाभार्थी मौजूद रहे।

दो डाक्टर समेत छह स्वास्थ्य कर्मी होंगे बर्खास्त

गोंडा और गाजियाबाद के सरकारी अस्पतालों में शिकायतों का उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित कई डॉक्टरों, स्टाफ नर्स और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए है। गोंडा के प्रकरण में दो डॉक्टरों सहित छह कर्मचारियों की बर्खास्तगी के आदेश दिए गए हैं। बताते चलें कि जिला महिला चिकित्सालय में अवैध वसूली और अव्यवस्थाओं से जुड़ी शिकायत उन्हें मिली थी। इसका संज्ञान लेते हुए उन्होंने जिला महिला चिकित्सालय की सीएमएस, एक चिकित्सक और एक स्टाफ नर्स के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा दो चिकित्सकों सहित छह कर्मचारियों को बर्खास्त करने के आदेश प्रमुख सचिव को दिए हैं।

दो लड़कियों को भगा ले जाने वाले गिरफ्तार

जिला पुलिस ने बहला फुसला लड़की भगा ले जाने के दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, धानेपुर थाने की पुलिस ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुकदमा अपराध संख्या 359/2020 अन्तर्गत धारा 363, 366 व 3(2)(ट) एससीएसटी एक्ट से सम्बन्धित अभियुक्त अलखराम पुत्र रामनरेश निवासी ग्राम गनेशपुर ग्रन्ट थाना धानेपुर को गिरफ्तार किया है। उस पर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप था। इस सम्बन्ध में लड़की के माँ द्वारा स्थानीय थाने पर अभियोग पंजीकृत कराया गया था। इसी प्रकार जिले के तरबगंज थाने की पुलिस ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुकदमा अपराध संख्या 435/2022 अन्तर्गत धारा 363, 366 भादवि व 16/17 पाक्सो एक्ट से सम्बन्धित वांछित अभियुक्त अनिल कुमार गौतम पुत्र शिव प्रसाद गौतम निवासी परास पकडिया गंज, थाना उमरी बेगमगंज को गिरफ्तार कर जेल भेजा। उस पर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप था। इस सम्बन्ध में लड़की के माँ द्वारा स्थानीय थाने पर अभियोग पंजीकृत कराया गया था। उप निरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय मय टीम ने उसे गिरफ्तार किया।

पति मुम्बई नहीं ले गया, तो लगा ली फांसी

जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत एक गांव में मुम्बई जाने की चाहत पूरी न होने पर विवाहिता ने मौत को गले लगा लिया। मृतका के पिता ने सास-ससुर व पति पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल करने में जुटी है। थाना तरबगंज के ग्राम पंचायत डिडिसिया कला के मजरा शिवलाल पुरवा निवासी सुमन (22) पत्नी संतोष ने मंगलवार को घर में पंखे के राड से लटककर जान दे दी। संतोष के पिता राम किशुन ने बताया कि उनका बेटा मुंबई में रहता था। एक माह पूर्व घर आया था। मंगलवार सुबह वह मुंबई जाना चाहता था। पत्नी सुमन भी साथ जाने की जिद कर रही थी। इस पर उसने आपत्ति जताते हुए साथ ले जाने से मना कर दिया था। सुबह संतोष शौच के लिए गया हुआ था। जाने के बाद देखा तो घर में सुमन पंखे से लटक चुकी थी। मानन-फानन में उसे जिला मुख्यालय के एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता रक्षाराम की तहरीर पर सास ससुर पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

Gonda : आज की प्रमुख घटनाओं पर एक नजर

डीएम ने की पसका मेला तैयारियों की समीक्षा

जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार की अध्यक्षता में आगामी पसका मेला की तैयारियों के संबंध में पसका मेला कमेटी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर सभी तैयारियों को समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने संबंधी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि पसका मेला में विद्युत व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, रास्ते की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, मेडिकल कैंप, पार्किंग व्यवस्था, जल पुलिस व्यवस्था, बैरिकेडिंग व्यवस्था, एंबुलेंस व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट व्यवस्था, अग्निशमन की व्यवस्था, रोडवेज की व्यवस्था सहित अन्य सारी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिलाधिकारी ने एसडीएम कर्नलगंज हीरालाल एवं अन्य अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि स्नान घाट को समय से अच्छे से तैयार करा लिया जाय, और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाय। ताकि वहां पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या ना होने पाये। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, उप जिलाधिकारी कर्नलगंज हीरालाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज विनय कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय, सीएचसी अधीक्षक परसपुर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका कर्नलगंज प्रियंका मिश्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत परसपुर, थानाध्यक्ष परसपुर, सहायक विकास अधिकारी पंचायत सतीश चंद्र त्रिपाठी परसपुर, सहित ग्राम प्रधान पसका व पसका कमेटी के समस्त पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

पिकप की चपेट में आकर बाइक सवार घायल

तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आकर एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे कर्नलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से गोंडा रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना कर्नलगंज-गोंडा हाइवे स्थित कादीपुर के पास उस वक्त हुई, जब ग्राम पंचायत नारायनपुर मांझा निवासी भारत चौहान (40) बाइक से जा रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार से जा रही एक पिकअप की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें घायलावस्था में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सक ने उन्हें बेहजत इलाज हेतु गोंडा भेज दिया।

चोरी के मोबाइल व मंगल सूत्र के साथ एक गिरफ्तार

जीआरपी ने स्टेशन पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास चोरी के तीन मोबाइल और एक मंगल सूत्र बरामद किया है। जीआरपी निरीक्षक एमपी चतुर्वेदी के नेतृत्व में जीआरपी टीम स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध प्रतीत होने पर एक व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपना नाम आकाश सिंह निवासी कटघर थाना हुजुरपुर जिला बहराइच बताया। जीआरपी ने मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

नौ हजार लेने के बाद भी नहीं हुअर पत्थर नसब

तहसील क्षेत्र के विकास खंड कर्नलगंज अन्तर्गत ग्राम पंचायत रेकसड़िया निवासी नान्हू ने उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया है, जिसमें कहा गया है कि गाटा संख्या 818 का उसने उपजिलाधिकारी के न्यायालय पर धारा 24 के तहत वाद प्रस्तुत किया था, जिसका निस्तारण भी हो गया। मामले में न्यायालय द्वारा पत्थर नसब कराए जाने का आदेश भी दिया गया। संबंधित राजस्व निरीक्षक ने पत्थर नसब कराने के लिए उससे नौ हजार रुपये लिये, लेकिन अभी तक पत्थर नसब की कार्रवाई नहीं की गयी है और रुपये भी वापस नहीं किये जा रहे हैं। पीड़ित ने पत्थर नसब की कार्यवाही कराते हुये उक्त आरआई से रुपये वापस दिलाने व उचित कार्यवाही किये जाने की मांग की है। इस संबंध में जब तहसीलदार से जानकारी करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन नेटवर्क क्षेत्र से बाहर बता रहा था।

मारपीट में महिला सहित छह लोगों पर मुकदमा दर्ज

जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम सिसई मांझा निवासी फतेह बहादुर यादव पुत्र रामअवध यादव ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि विपक्षीगण उसके सहन दरवाजे के सामने वाली मिट्टी खोदकर सड़क की पटाई कर रहे थे। मना किये जाने पर विपक्षीगण घर चढ़कर आये और पीड़ित को भद्दी-भद्दी गालियाँ देते हुये लाठी डण्डा से मारने लगे। हल्ला गुहार सुनकर गाँव के लोगों ने पहुंचकर बीच बचाव कराया। तब विपक्षीगण जान से मारने की धमकी देकर चले गये। मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर धारा 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं सुशीला यादव पत्नी अयोध्या यादव ने आरोप लगाया है कि विपक्षीगण रास्ते मे टहनी रखकर रास्ता अवरुद्ध करने के विवाद को लेकर गाली गलौज देते हुए उसे मुक्का थप्पड़ लाठी डंडे से मारने लगे। जिस पर आसपास के लोगों ने आकर बीच बचाव कराया, तब पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर चले गये। पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर फतेह बहादुर यादव एवं मायावती यादव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सन्तोष कुमार सरोज ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मारपीट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करके जाँच उपनिरीक्षक दिनेश रॉय को सौंपी गयी है।

इलाज के दौरान महिला की मौत

जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में एक नर्सिंगहोम में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला के परिजनों ने नर्सिंगहोम के चिकित्सक के विरुद्ध लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। साथ ही नगर कोतवाली में तहरीर भी दी है। शिकायत के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बहराइच जनपद के दरगाह थाना क्षेत्र के बड़ी दरगाह निवासिनी साहिश पत्नी मुस्ताक को शहर के एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया था।

Gonda : आज की प्रमुख घटनाओं पर एक नजर

अधिकारियों ने किया आरआर सेंटर का निरीक्षण

रुपईडीह विकास खण्ड के फरेंदा शुक्ल में हो रहे रिसोर्स रिकवरी सेंटर के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण मंगलवार को संयुक्त खंड विकास अधिकारी एवं एडीओ पंचायत ने सामूहिक रूप से करते हुए सभी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। एडीओ पंचायत प्रीतम श्रीवास्तव ने बताया कि ब्लॉक के ग्राम पंचायत फरेंदा शुक्ल में हो रहे रिसोर्स रिकवरी सेंटर के निर्माण का निरीक्षण संयुक्त बीडीओ चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव ने करते हुए गुणवत्ता कार्य करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने विद्यालय भवन और नवनिर्मित चहारदीवारी का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर एडीओ आइएसबी मो. आजम खां, ग्राम पंचायत अधिकारी श्रद्धा सिंह आदि उपस्थित रहीं।

Gonda : आज की प्रमुख घटनाओं पर एक नजर

वन दारोगा की हुई पदोन्नति

ब्लॉक रुपईडीह में कार्यरत वन दरोगा दुर्गेश मिश्रा का पदोन्नति क्षेत्रीय वन अधिकारी पद पर हो गया। उनके पदोन्नति पर प्रधान विवेक शुक्ला, रवि मिश्रा, पूर्व प्रधान वीरेंद्र कुमार राव, गोली दूबे, पुत्तन तिवारी, कप्तान शुक्ला, बृजेंद्र कुमार शुक्ला, शिव शंकर मिश्रा, मदन मोहन मिश्रा, राजेश सोनी, हनुमंत लाल मिश्रा, रिंकू पांडे, रमेश चौरसिया, अमित अवस्थी, प्रदीप तिवारी, पंकज शुक्ला ने खुशी जताई है।

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular