जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान वाहन चोर गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से छह वाहन भी बरामद किया है। एएसपी शिवराज ने बताया कि खोरहंसा निवासी आजम पुत्र महमूद और जमदरा निवासी नान्हे प्रसाद पुत्र राज बिहारी को गिरफ्तार किया गया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की छह बाइक भी बरामद की गई हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि यह बाइकों को अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर गोण्डा व आसपास के जनपदों से चोरी किए हैं और आर्थिक लाभ कमाने के लिए बाइकों के नम्बर प्लेट बदलकर बेच देते है। पुलिस टीम गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। टीम में प्रभारी निरीक्षक कमलाकान्त त्रिपाठी रहे
सड़क हादसे में एक की मौत, दूसरा जख्मी
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के सिसई माफ़ी गांव के पास हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, बहराइच जनपद के विशेश्रगंज थाना क्षेत्र के खानपुर मल्लौर निवासी दो चचेरे भाई श्रवण कुमार पुत्र शत्रोहन तथा विनोद कुमार पुत्र प्रहलाद सुभागपुर रेलवे स्टेशन के माल गोदाम में पल्लेदारी करते थे। वहीं से शाम के समय घर वापस जा रहे थे। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दिया, जिसमें श्रवण कुमार की मौत हो गई। विनोद की हालत खराब होने पर उसको लखनऊ रेफर किया गया है।
युवक ने किया आत्म हत्या
जिले के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के चंगेरी गांव निवासी हरि शंकर यादव पुत्र जगजीवन ने घर मे फाँसी लगा कर आत्हत्या कर लिया। परिजनों ने बताया कि उसके बड़े भाई की तबियत ज्यादा खराब हैं। उसका इलाज लखनऊ में चल रहा है। इसी को लेकर परेशान था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परसपुर के 48 गांवों में लगेगा हाईमास्ट
परसपुर विकास खण्ड के 48 ग्राम पंचायतों को दूधिया रोशनी से जगमगाने की कवायद शुरू हो गई है। अब ग्रामीणों को अंधेरे में आवागमन से निजात मिल सकेगी। ब्लाक प्रमुख प्रियंका सिंह ने परसपुर ब्लाक में पहले चरण में 48 गांवों में हाईमास्ट लगाए जाने की स्वीकृति हुई है। इनमें चंदापुर किटौली, सकरौर, नरायनपुर मर्दन, सुभागपुर, दुबाई, धनौरा, धनुही, लोहंगपुर, चांदपुर, दुर्गोडवा, मोहना, बेलवानोहर, मंगुरा बाजार, खरगूपुर, सुसुंडा, नरदा, बहुअन मदार मांझा, चरसडी, नरायनपुर जैसिंह, राजापुर, दुल्लापुर तरहर, पुरैना, प्योली, कडरु ,बेलमत्थर, मलांव, त्योरासी, गजसिंहपुर, सालपुर धौताल, डोमाकल्पी, मधईपुर खांडेराय, उतरौला, डेहरास, चंगेरी, पसका, नंदौर, कपनी, धमरैया, अकोहरी, मधईपुर कुर्मी, दुरौनी, भौरीगंज, हरदिहा सपौर, सिंगरिया व मिझौरा गांव के अलावा ब्लाक मुख्यालय परिसर शामिल हैं। हाईमास्ट की ऊंचाई 40 फीट होगी। इससे गांवों में उजाला रहेगा। उन्होंने कहा कि स्वीकृत गावों में हाईमास्ट लग जाने के बाद बाकी बचे 27 गावों में लगाने के लिए कार्य योजना बनाई जाएगी। सार्वजनिक व धार्मिक स्थलों को भी दूधिया रोशनी से प्रकाशमान बनाया जाएगा।
सक्रिय कोरोना मरीज बढ़कर हुए 34
शुक्रवार को जिले में कोरोना के पांच नए मरीज पाए गए हैं। नए संक्रमितों के साथ जिले में सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 34 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से निगरानी बढ़ाए जाने की बात कही जा रही है। रेलवे स्टेशन, बस स्टाप व अस्पतालों में आने वाले लोगों की जांच कराई जा रही है। जिले में मंकीपॉक्स के एक भी मरीज नहीं पाए गए। सीएमओ डॉ रश्मि वर्मा ने लोगों से कोरोनारोधी वैक्सीन की जरुरी डोज लगवाने की अपील की।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पत्नी को किया सम्मानित
आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर कर्नलगंज क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर के रहने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय मुहम्मद युनूस खान की पत्नी दारमुन्निशां व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामअचल आचार्य निवासी ग्राम पतीसा पूरेथर को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट प्रभारी नरेन्द्र पाल सिंह ने उनके आवास पर जाकर छडी़, शाल एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया। स्वत्रंतता संग्राम सेनानी रामअचल आचार्य स्वर्गीय पंडित जवाहर लाल नेहरू की अध्यक्षता में संघर्ष के दौरान 1942 में फैजाबाद जेल में नौ माह तक बंद रहे। स्वर्गीय मुहम्मद युनूस खान आजाद हिंद फौज में संघर्षरत रहते हुए चार वर्ष तक वर्मा जेल में रहे। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट से लाल साहब सिंह, विनोद कुमार शर्मा व रीना वर्मा मौजूद रहीं।
डायरिया से एक की मौत, सात बीमार
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हलधरमऊ के अंतर्गत छिटवापुर गांव में डायरिया के प्रकोप से एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के सात अन्य लोग बीमार हैं। सभी बीमार लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसडीएम हीरालाल ने बताया कि गांव निवासी रामलली सिंह (72) की उल्टी-दस्त के चलते मौत हो गई। परिवार के सात अन्य सदस्य डायरिया के लक्षण वाले बीमारी से पीड़ित बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि परिवार के मुखिया रामसूरत सिंह (52) सात अगस्त को बीमार हुए थे। उन्होंने बासी भोजन कर लिया था, जिससे उनकी तबियत बिगड़ गई थी। मेडिकल स्टोर से दवा लाकर खा रहे थे। तीसरे दिन परिवार के अन्य सदस्य किरन सिंह पत्नी रामसूरत (50) मौसमी सिंह (20) ज्योति सिंह (18), सोनाली सिंह (14), शिवम सिंह (09) रिया सिंह (04) उल्टी दस्त से पीड़ित होकर बीमार पड़ गईं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपचार चल रहा है।
नाले में डूबकर दो बच्चों की मौत
बलरामपुर जिले के हरैया सतघरवा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी दो सगे भाइयों की पहाड़ी नाले में डूबने से मौत हो गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की छानबीन में जुट गई है। ग्राम निवासी विजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर तीन बजे उनका बड़ा बेटा सुमित (17) और छोटा बेटा अमित (10) गांव के कुछ बच्चों के साथ खेलने गया था। थोड़ी देर बाद एक बच्चे ने आकर बताया कि आपके बेटे पानी में डूब गए हैं। जानकारी होने पर हम लोग ककरा नाले के पास पहुंचे और बच्चों को बाहर निकालकर सीएचसी तुलसीपुर ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तुलसीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह चौहान ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना तुलसीपुर थाने पर दे दी गई है। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
यह भी पढें : अब स्कूलों में खेल जाएंगे गिल्ली डंडा, इक्कल-दुक्कल समेत ये 75 देशी खेल
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
