अभियान चलाकर लगेगा कोरोना का प्रीकाशन डोज
संवाददाता
गोंडा। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अब कोरोना का प्रीकाशन डोज भी लगाया जाएगा। इसके लिए सात अगस्त को जिले में 200 कैम्प आयोजित किए जाएंगे। यह कैम्प जिले के सभी पीएचसी-सीएचसी, जिला अस्पताल के साथ ही चिन्हित हेल्थ वेलनेस सेंटर पर आयोजित होंगे। प्रीकाशन डोज के लिए दूसरी डोज लेने वाले ऐसे लाभार्थी जिनका छह माह पूरा हो गया हो वह पात्र होंगे। सात अगस्त को लगने वाले मेगा प्रीकाशन डोज कैम्प का उद्घाटन मंत्री, सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि व प्रधान करेंगे। आने वाले जनप्रतिनिधियों को भी प्रीकाशन डोज से आच्छादित किया जाएगा। फोन काल, निगरानी समिति, फ्रंट लाइन वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा व्यक्तिगत फालोअप करते हुए लाभार्थियों को प्रीकाशन डोज मेगा कैम्प के बारे में बताया जाएगा। इन कैम्पों में वाक इन एप्वाइंटमेंट की भी सुविधा मौजूद रहेगी। आनलाइन रजिस्ट्रेशन की भी सुविधा रहेगी। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने बताया कि जिले में लगभग 200 मेगा कैम्प आयोजित किए जाने है। एक कैम्प पर कम से कम दो कर्मचारियों को लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेगा कैम्प की तैयारियां की जा रही हैं।
करंट से मासूम की मौत
जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह सुहानी (03) पुत्री मलहू प्रसाद की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्राम पंचायत वजीरगंज के मजरा छोटा दरवाजा निवासी पीड़ित मोलहू प्रसाद ने बताया कि उसकी बेटी घर में खेल रही थी। टीन के छाजन में लगी लोहे की पाइप में उतरे बिजली करंट में अपनी आगोश में ले लिया। जब तक परिजन कुछ समझ पाते कि मासूम तीन वर्षीय बालिका की मौत हो चुकी थी।
कुत्ते के मालिक के खिलाफ रिपोर्ट
जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के सुकरौलिया गांव में एक बच्चे को पालतू कुत्ता काटने पर बच्चे की मां ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। गांव त्रिलोकपुर के मजरा सुकरौलिया निवासी सीता पत्नी लल्लू सोनकर के मुताबिक, उसके जेठ जगराम सोनकर ने एक कुत्ता पाल रखा है, जो आए दिन लोगों को काटता रहता है। बुधवार को उनका लड़का गांव के करीब एक बाग में खेल रहा था। इसी दौरान उनके जेठ का वही पालतू कुत्ता उनके चार वर्षीय लड़के को काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। लड़के का डाक्टरी परीक्षण कराया गया है।
करंट की चपेट में आकर युवक की मौत
जिले के मैजापुर चीनी मिल में करंट की चपेट में आने से भट्ठे पर काम करने वाले एक श्रमिक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। थाना कर्नलगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत परसा गोंडरी मंगल पुरवा निवासी राहुल शुक्ला पुत्र स्व. सदानन्द शुक्ला एक ईंट भट्ठे पर दिहाड़ी मजदूर था। वह गुरुवार को ईंट से लदी ट्राली के साथ वह मैजापुर मिल में ईंट उतारने गया था। बताया जा रहा है कि मिल के अन्दर ट्राली धंस गयी। इसके बाद वह ट्राली निकालने के प्रयास में नीचे उतरा। जहां पर वह करंट के चपेट में आने से उसकी हालत गंभीर हो गई। हालांकि मिल के सुरक्षाकर्मियों ने उसको तत्काल सीएचसी पहुंचाया। जहां से उसे जिला अस्पताल गोण्डा रेफर कर दिया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढें : ’बंगाल मॉडल’ के लिए केन्द्र के खिलाफ धरने पर बैठे PM के भाई!
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
