Friday, April 3, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

नोडल अधिकारी ने लिया छठ पूजा की तैयारियों का जायजा

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। आगामी छठ पूजा के मद्देनजर शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी उत्तर प्रदेश जल निगम के संयुक्त प्रबंध निदेशक ज्ञानेंद्र सिंह ने जनपद मुख्यालय पहुंचकर शहर में स्थित खैरा कुंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि त्योहार से पहले सभी छठ पूजा स्थानों पर लाइट व्यवस्था, साफ सफाई व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, चूना छिड़काव के साथ ही अन्य सभी व्यवस्थाएं करना सुनिश्चित करें, ताकि छठ पूजा के दिन किसी भी स्थान पर कोई समस्या न होने पाये। उन्होंने कहा कि यह छठ पूजा बहुत ही हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाता है। इसलिए छठ पूजा आयोजित होने से पहले ही सभी स्थानों पर सभी व्यवस्थाएं तैयार कर ली जाएं ताकि पूजा स्थल पर महिलाओं को किसी प्रकार की कोई समस्या ना होने पाये। इसके साथ ही उप जिलाधिकारी सदर विनोद कुमार सिंह ने सभी संबंधित क्षेत्र के खंड विकास अधिकारियों, लेखपालों तथा राजस्व निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों के सरोवरों, तालाबों एवं अन्य स्थानों पर बराबर भ्रमण करते रहें तथा सभी पूजा स्थलों पर सफाई व्यवस्था, लाइट व्यवस्था, चूना छिड़काव, सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी सारी व्यवस्थाएं तैयार कर लें ताकि सकुशल ढंग से छठ पूजा को मनाया जा सके। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय मिश्र, खंड विकास अधिकारी पंडरी कृपाल सहित सभी संबंधित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

अजगर निकलने से मचा हड़कम्प

जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम पंचायत बनघुसरा के बनकसिया मजरे में शुक्रवार की रात रामेश्वर चौहान के घर के सामने लगे नल के पास एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अजगर देखते ही परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान महेश सिंह मोनू ने ग्रामीणों के साथ रेस्कयू कर किसी तरह अजगर को एक बोरे में भर लिया और वन विभाग टीम को बुलाकर अजगर को टीम के हवाले कर दिया। क्षेत्रों में अजगर लगातार निकलने से ग्रामीणों में दहसत व्याप्त है। अजगर को पकड़ने में अमित कुमार पांडेय, रज्जन चौहान, शिव गोविंद चौहान व अन्य ग्रामीणों ने सहयोग किया।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

कोतवाल ने परखी छह पूजा की तैयारियां

इटियाथोक से हमारे संवाददाता प्रदीप पांडेय के अनुसार, लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा शुक्रवार को नहाय खाय के साथ प्रारंभ हो गया है। शनिवार को खरना के साथ व्रती महिलाओ का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया है। जिले के इटियाथोक कस्बे में छठ पूजा की हर तरफ धूम है। यहां पर शनिवार शाम को कस्बे के बिसुही नदी घाट का थाना के प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाड़ेय ने टीम सहित छठ पूजा के मद्देनजर जायजा लिया और स्टाफ को जरूरी दिशा निर्देश दिए। श्री पाड़ेय ने स्टाफ के लोगो को शांतिपूर्ण ढंग से अपने मौजूदगी में पूजन अर्चन सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। इसी क्रम में शनिवार को दोपहर में विसुही नदी घाट पर कस्बे के लोगो ने पहुंचकर पूजन स्थल पर रंगाई पुताई एवं साफ सफाई सहित अन्य तैयारी की है। यहां बाजार में पूजन सामग्री के साथ फल फूल आदि की तमाम दुकान सजाई गई है, जहां लोग खूब खरीददारी कर रहे है। बता दे कि यहां मौजूद बिसुही नदी घाट पर कस्बे की तमाम महिलाएं पूजन अर्चन करती है। ऐसे में उनके परिवारीजनों ने घाट की साफ सफाई की और पूजन हेतु अन्य व्यवस्थाएं यहां की है।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

पुलिस टीम ने किया बैंकों का निरीक्षण

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर के निर्देश पर शनिवार को इटियाथोक थाना के निरीक्षक रामप्रकाश यादव मय हमराह द्वारा यूपी ग्रामीण बैंक पारासराय शाखा का जायजा लिया गया। यादव ने टीम समेत बैंक में पहुंचकर सुरक्षा इंतजामात देखे। इस दौरान उन्होंने शाखा प्रबंधक से सुरक्षा इंतजामों को लेकर न सिर्फ चर्चा की बल्कि बैंक में मौजूद सीसीटीवी कैमरे, अलार्म और सुरक्षा गार्ड की तैनाती आदि के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की। इसके साथ ही बैंक में कोई संदिग्ध दिखने पर इसकी सूचना तुरंत थाना के सीयूजी नंबर पर दिए जाने की बात भी कही। इस दौरान बैंक के शाखा प्रबन्धक ने सुरक्षा के सभी मानकों को पूरा कर उपभोक्ताओं व कर्मचारियों के सुविधा का ध्यान रखते हुए कार्य किये जाने की बात कही। पुलिस ने ग्राहकों से कहा कि अपने वाहनों को लॉक करके मार्ग से हटकर खड़ा करे और बैंक में अनजान व्यक्ति से कोई मदद न लें। थाना के प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाड़ेय ने बताया कि जांच के दौरान सब कुछ दुरुस्त पाया गया।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

चोरी के सामान समेत दो गिरफ्तार

थाना इटियाथोक की पुलिस ने चोरी करने वाले दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो जोड़ी सफेद धातु की पायल व दो जोड़ी सफेद धातु की बिछुआ और 900 रुपये नकद बरामद किये है। उक्त जानकारी देते हुए थाना के प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाड़ेय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने अपराध तथा अपराधियों के विरूद्ध अभियान चलाकर गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए है। इसी के क्रम में चोरी के मामलों में कार्यवाही करते हुए पंजीकृत मुकदमो का सफल अनावरण किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में घनश्याम पुत्र जयनाथ निवासी लमुइया थाना इटियाथोक और फूलचन्द पुत्र रामहेत निवासी कोल्हुआ थाना इटियाथोक को गिरफ्तार कर अभियुक्तगणों को अग्रिम कार्रवाई हेतु न्यायालय भेजा गया है। पाण्डेय ने बताया कि हाल में ही क्षेत्र अंतर्गत कोल्हुवा और अयाह चौराहे पर चोरियां हुई थी, जिनका अनावरण किया गया। गिरफ्तारकर्ता टीम में उप निरीक्षक राकेश कुमार, आरक्षी गण संजय राय, राकेश गौतम और सत्यव्रत यादव मौजूद रहे।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

नाजायज गांजा के साथ दो गिरफ्तार

थाना इटियाथोक की पुलिस ने 2150 ग्राम नाजायज गांजा व गाजा परिवहन में प्रयुक्त एक अदद मोटर साइकिल के साथ दो नफर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सम्बंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। उक्त जानकारी देते हुए थाना के प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाड़ेय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने अवैध मादक पदार्थों व नशीली दवाओं की तस्करी व बिक्री में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दे रखे है। इसी क्रम में सतेंद्र कुमार पाण्डेय पुत्र दिलीप पाण्डेय निवासी दालीचौरी थाना श्रीदत्तगंज जनपद बलरामपुर एवं रंजीत गौतम पुत्र मंगरे निवासी आलादत्त खम्हरिया, बंजरहा थाना श्रीदत्तगंज जनपद बलरामपुर को अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार कर्ता टीम में उप निरीक्षक धर्मराज शर्मा, आरक्षी जगदीश कुमार, आरक्षी हरिओम मद्धेशिया और आरक्षी अखिलेश कुमार सामिल रहे।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

कोतवाल ने किया पैदल गश्त

इटियाथोक थाना के प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय ने टीम सहित शनिवार शाम को बकठोरवा में पैदल गस्त कर लोगो को सुरक्षा का अहसास कराया। इस दौरान पुलिस ने संदिध वाहनों व व्यक्तियों को रोककर उनकी जांच पड़ताल भी की। आपको बता दें कि शाम को यहां सड़क पर लोगों की भीड़ अधिक रही। ऐसे में पुलिस भी पैदल गश्त कर आमजनमानस के बीच सुरक्षा का एहसास करवाती रही। इस दौरान पुलिस ने दुकानदारों से बातचीत कर उनका हाल जाना और कहा कि किसी प्रकार की दिक्कत होने पर या किसी घटना दुर्घटना पर तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दें। थाना के प्रभारी निरीक्षक ने इस दौरान संभ्रांत लोगो से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में राय भी ली। यहां के लोगों ने इसे पुलिस का सही कदम बताया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था को कायम रखने व अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पैदल गश्त किया गया है।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

तीन दिवसीय प्रदर्शनी का हुआ समापन

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जिले के मुजेहना विकास खंड परिसर में उत्तर प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का आमजन में प्रचार प्रसार हेतु लगाई गई तीन दिवसीय प्रदर्शनी का समापन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शेषराम बारी ने किया। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शेषराम बारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने जो जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की थी वह यहां पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों ने चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से देखा। इस प्रदर्शनी द्वारा मुझे व क्षेत्रवासियों को सरकार की तमाम कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी मिली। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुचाना है। इस मौके पर प्रदर्शनी के संयोजक सुरेंद्र वीर सिंह, गणेश प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य दीपक यादव, पूर्व जिला मंत्री भारतीय जनता पार्टी चंद्र प्रकाश शुक्ला, गुरदास शर्मा, भोला यादव, अभय सिंह, रंजीत सिंह विनय तिवारी, उमेश पांडे, अरुण त्रिपाठी, पत्रकार बन्धु व आमजन के लोग उपस्थित रहे।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

पटेल जयंती पर होंगे विविध आयोजन

प्रभारी जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर 31 अक्टूबर को भारतरत्न, लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाये जाने के संबंध में सभी संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि सभी सरकारी कार्यालयों में सरदार वल्लभभाई पटेल के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रीय एकता पर आधारित शपथ को पढ़ा जाय। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जीवनी कार्य एवं दर्शन पर आधारित क्विज प्रतियोगिता जिला विद्यालय निरीक्षक, ग्रामीण क्षेत्रों में सरदार वल्लभभाई पटेल की जीवनी कार्य एवं दर्शन यूनिटी रन आदि पर आधारित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन जिला युवा कल्याण अधिकारी कराएंगे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी, प्रभागीय वनाधिकारी आरके त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी दिनकर विद्यार्थी, डीसी एनआरएलएम नरेश बाबू सविता, उपनिदेशक कृषि, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, उप निदेशक उद्यान, जिला गन्ना अधिकारी आदि मौजूद रहे।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

दिव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुई भागवत कथा

नगर के सुप्रसिद्ध व्यवसायी लक्ष्मी गारमेंट के प्रोपराइटर मुख्य यजमान कैलाश नाथ गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी पुष्पा गुप्ता द्वारा करायी जा रही श्रीमद भागवत कथा का शुभारम्भ दिव्य कलश यात्रा से हुई। कथावाचक श्री सीताराम पंचवटी आश्रम के संचालक पं. रविशंकर गुरु भाई द्वारा की जा रही भागवत कथा का श्रवण करने सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे है। यह जानकारी देते हुये शिवभक्त समाजसेवी संदीप मेहरोत्रा ने बताया कि कलश यात्रा बाबा दुःखहरण नाथ मंदिर से निकलकर गुरुनानक चौक होते हुये ठठेरी बाजार में स्थित लक्ष्मी गारमेंट्स पहुंची। जहां व्यास पीठ से कथावाचक महाराज जी ने परंपरागत तरीके से आरती पूजन कराकर कथा आरंभ की और सभी भक्तों को न्यौता भी दिया। लक्ष्मी गारमेंट्स के संचालक शैलेन्द्र गुप्ता उर्फ सोनू और भूपेंद्र गुप्ता ने कथा में आने वाले भक्तों का स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि कथा 29 अक्टूबर शनिवार की सायं आठ बजे से पूर्णतया आरंभ होकर आगामी चार नवम्बर को समाप्त होगी।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

देशी बन्दूक के साथ एक गिरफ्तार

जिले के परसपुर थाने की पुलिस ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्राम चन्दापुर किटौली निवासी राजकुमार सिंह उर्फ मुन्नी सिंह पुत्र रमेश सिंह को गिरफ्तार कर 01 अदद देशी बन्दूक के साथ गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के विरुद्ध स्थानीय थाने पर आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की गयी।

यह भी पढें : बालिकाओं का नव निर्मित हास्टल देख चढ़ा CDO का पारा

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular