Saturday, March 7, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

15 लाख की रंगदारी मांगने वाले चार गिरफ्तार

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस ने रविवार को 15 लाख रुपए रंगदारी मांगने के आरोप में अन्तर जनपदीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने आज यहां बताया कि पिछले दिनों थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अन्तर्गत इंद्रापुर जयनगरा के ग्राम प्रधान लक्ष्मी नारायण पाठक पुत्र श्रीपति पाठक से मोबाइल के माध्यम से उनके लड़के की जान की सलामती हेतु 15 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। इस संबंध में उन्होंने स्थानीय थाने पर अभियोग पंजीकृत कराया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने थाना कोतवाली नगर के साथ ही स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) को भी अनावरण की जिम्मेदारी दी थी। उन्होंने बताया कि रविवार को संयुक्त टीमों के प्रयास से रंगदारी मांगने के चार अभियुक्तां युवराज सिंह पुत्र यशवंत सिंह व आदित्य सिंह पुत्र गुलाब सिंह निवासीगण ग्राम मधुबन थाना गोसाईगंज जनपद सुल्तानपुर, अविनाश पाठक पुत्र राजीव पाठक निवासी धोबीभार थाना धनपत नगर जनपद सुल्तानपुर तथा अमित उर्फ आजाद सिंह पुत्र कैलाश सिंह निवासी बिठौरा थाना रामनगर जनपद बाराबंकी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक रणजीत यादव व एसओजी प्रभारी अमित कुमार की टीम शामिल रहे।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

नाबालिग से दुष्कर्म के तीन आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस ने रविवार को दुष्कर्म के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने आज यहां बताया कि जिले के वजीरगंज थाने की पुलिस ने पिछले दिनों एक नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के दो अभियुक्तों दुर्गेश उर्फ बांठे पुत्र घनश्याम चौहान तथा राम आसरे उर्फ सराऊ पाल पुत्र बृजलाल पाल निवासी गणेशपुर ग्रंट को गिरफ्तार कर लिया गया। इन अभियुक्तों के विरुद्ध पिछले दिनों एक दलित महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का अभियोग भादवि की धारा 376डी, 506 भादवि, 5छ/6 पॉक्सो एक्ट व 3(2)5 एससीएसटी एक्ट के तहत दर्ज कराया था। दोनों अभियुक्तों को आज गिरफ्तार कर जेल रवाना किया गया। इसी प्रकार परसपुर थाने की पुलिस ने भी एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पृथ्वीराज लोध पुत्र काली प्रसाद निवासी घोपतपुर दाखिला बसंतपुर थाना परसपुर को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

परिजनों के हवाले की गई गुमशुदा बालिका

बीते शनिवार को थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के खोरहंसा से पुलिस रेस्पांस वैन (पीआरवी) 0860 द्वारा बरामद की गई मानसिक रूप से बीमार एक बालिका को वन स्टॉप सेंटर द्वारा आज उसके परिजनों का पता लगाकर उनके हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, बरामद बालिका की हालत ज्यादा खराब होने के कारण उसको उपचार हेतु जिला चिकित्सालय ले जाया गया। इसके बाद वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारियों ने गुमशुदा बालिका से पूछताछ के आधार पर उसके परसपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले परिजनों से संपर्क किया। परिजनों के वन स्टॉप सेंटर पहुंचने पर उनसे वार्ता करके विधिवत संतुष्ट होने पर बालिका को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। यह जानकारी देते हुए वन स्टाप सेंटर की प्रभारी उपनिरीक्षक मंजू यादव ने बताया कि अपनों से मिलकर बालिका के चेहरे पर मुस्कान लौटी। गुमशुदा बालिका को उनके परिजनों से मिलाने पर वन स्टॉप सेंटर के कर्मियों की आम जनमानस में काफी सराहना हो रही है।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

बिना परमिट सागौन काटने पर 30 हजार का जुर्माना

शिव मंगल शुक्ला
बिना पातन अनुज्ञा पत्र के खेत में लगे सागौन के पांच पेड़ अवैध रूप से काटने के आरोप में लकड़ी के दो ठेकेदारों पर वन विभाग ने 30 हजार रुपए जुर्माना लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार, टिकरी रेंज के करौंदी बीट के अन्तर्गत ग्राम किशनुदासपुर निवासी गंगाराम उपाध्याय पुत्र स्व. श्रीराम उपाध्याय ने अपने खेत में लगे पांच सागौन के पेड़ लकड़ी के ठेकेदार को बेंच दिया था। ठेकेदार नूर मोहम्मद पुत्र जालिम एवं बरकत पुत्र जाफर अली ने वन विभाग से वैध पातन अनुज्ञा पत्र (परमिट) जारी किए बिना रविवार को पेड़ कटवाने लगे। इस बीच सागौन का पेड़ कटने की खबर मिलते ही टिकरी रेंज के अधिकारी हरकत में आ गए। रेंजर विनोद नायर ने तत्काल प्रभाव से विधिक कार्यवाही करते हुए वृक्ष संरक्षण अधिनियम 1976 की धारा 4/10 के अंतर्गत 30 हजार रुपए का जुर्माना ठोका। उन्होंने बताया कि बिना परमिट के काटे जा रहे सागौन के बोटों को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।

Gonda : आज की प्रमुख खबरों पर एक नजर

आधे परीक्षार्थियों ने छोड़ दी वन रक्षक परीक्षा

जनपद में रविवार को आयोजित वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक सामान्य चयन प्रतियोगितात्मक परीक्षा-2019 में 50 फीसद से अधिक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जनपद में कुल कुल 42 परीक्षा केंद्रों पर 16056 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी, जिसमें 8298 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी। जिलाधिकारी डॉ उज्ज्वल कुमार ने रोजवुड इंटर कॉलेज, सेंट थॉमस स्कूल अंबेडकर चौराहा, फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में चल रही परीक्षाओं का औचक निरीक्षण किया। परीक्षा शांतिपूर्ण रही।

यह भी पढें : घर में घुसकर मां और बेटी की पिटाई, मुकदमा दर्ज

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular