जयपुर से बरामद किया गया लापता युवक
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के साइबर सेल व कोतवाली देहात थाने की पुलिस द्वारा 48 घंटे के अंदर लापता युवक को राजस्थान के जयपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपने के बाद सोमवार को बच्चे के परिजन एसपी से मिले और गोंडा पुलिस को बुके भेंटकर धन्यवाद दिया। पुलिस मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 16 मार्च 2023 को थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम माधवपुर निवासी कृष्ण देव त्रिपाठी द्वारा स्थानीय थाने पर सूचना दी गयी कि 15 मार्च 2023 को दोपहर में साईकिल से घर से निकला उनका 17 वर्षीय लड़का अब तक वापस नहीं लौटा है। इस सूचना को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के नेतृत्व में टीम बनाकर बालक की सकुशल बरामदगी हेतु निर्देशित किया गया। संयुक्त टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य के आधार पर काफी खोजबीन की गयी तो उक्त गुमशुदा बालक का राजस्थान में होना पाया गया। साइबर सेल टीम द्वारा राजस्थान पुलिस से समन्वय स्थापित कर उक्त बालक को सकुशल बरामद कराया गया। साइबर सेल टीम व कोतवाली देहात पुलिस द्वारा गुमशुदा बालक की सूचना के महज 48 घण्टे के अन्दर गैर प्रान्त (राजस्थान के जयपुर जिला) से सकुशल बरामद कर नियमानुसार परिजनों को सुपुर्द किया गया। बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौटी। इस क्रम में बालक के परिजन सोमवार को एसपी आकाश तोमर से मिले और गोंडा पुलिस के कार्य की सराहना करते हुए बुके भेटकर हृदय से धन्यवाद दिया।

दहेज हत्या के दोषी पति को सात वर्ष की सजा
जिले में एक अदालत ने सोमवार को दहेज हत्या के तीन वर्ष पुराने मामले में पति को दोषी करार देते हुए सात वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 20 हजार रुपए के अर्थदंड से भी दंडित किया है। जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) बसंत शुक्ला ने बताया कि जिले के कटरा बाजार थाने में मौजा बनगांव के कटहवा निवासी भगवान दयाल पुत्र शीतला प्रसाद ने 10 अक्टूबर 2019 को अपने दामाद श्याम जी पुत्र कृष्ण कुमार व उनके दो सगे भाइयों अमित कुमार व पदुम तथा अमित की पत्नी रविता उर्फ शिम्पी के खिलाफ अपनी पुत्री रूबी देवी को दहेज के लिए प्रताड़ित करके मार डालने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। स्थानीय पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना के उपरान्त आरोप पत्र न्यायालय प्रेषित किया। शुक्ला ने बताया कि सत्र परीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ब्रजेन्द्र मणि त्रिपाठी ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का परिशीलन करते हुए बचाव व अभियोजन पक्ष के गवाहों व अधिवक्ताओं के तर्कों को सुनकर मृतका के पति श्यामजी को दोषी करार देते हुए सात वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 20 हजार रुपए के अर्थदंड से भी दंडित किया। जुर्माने की रकम अदा न करने पर आठ माह का अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतना होगा। अदालत ने आदेश दिया कि विचारण के दौरान जेल में बिताई गई अवधि कुल सजा की अवधि में समायोजित की जाएगी। साक्ष्य के अभाव में अन्य आरोपियों को दोषमुक्त करार दिया गया।

कोरोमण्डल ने कराया किसानों का स्वास्थ्य परीक्षण
जिले के झंझरी विकास खण्ड के अन्तर्गत ग्राम हनुमंत नगर पांडेय पुर में सोमवार को कोरोमंडल इंटरनेशनल लिमिटेड द्वारा किसानों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में पहुंचकर उद्घाटन किया। इस मौके पर अपने सम्बोधन में इस कार्यक्रम को कोरोमण्डल इंटरनेशनल द्वारा किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे अनेक गरीब किसानों की मदद की जा सकेगी। यह जानकारी देते हुए छाबड़ा खाद भण्डार के महेन्द्र सिंह छाबड़ा ने बताया कि अपोलो हॉस्पिटल दिल्ली से आए डॉ मुकेश पुरी एवं डॉ योगेंद्र तिवारी ने शिविर में करीब 300 किसानों का स्वास्थ्य परीक्षण करके उचित सलाह दिया। कोरोमंडल इंटरनेशनल लिमिटेड द्वारा किसानों को स्वास्थ्य किट भी उपलब्ध कराई गई। चिकित्सा जांच शिविर से लौटते किसानों ने बताया कि उन्हें जांच करवाने से अपने शरीर के अंदर छपी छिपी अनेक बीमारियों के बारे में जानकारी मिली है। अब हम इससे निजात पाने की दिशा में कदम उठा सकते हैं। निःशुल्क जांच एवं स्वास्थ्य सलाह मिलने से किसान उत्साहित रहे। जांच शिविर के आयोजन में छाबड़ा खाद भंडार गोंडा के सोनू छाबड़ा तथा तिवारी खाद भंडार हनुमंत नगर ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस मौके पर मुख्य रूप से गुप्ता खाद भंडार, बजरंग बली पांडेय खाद भंडार, कम्पनी के एरिया इंचार्ज विपिन कुमार सिंह एवं फील्ड ऑफिसर अखिलेंद्र प्रताप सिंह, बृजेश सिंह फर्टिलाइजर, अनुराग शुक्ला, उमाकांत तिवारी, वरुण पांडेय, ग्राम प्रधान विवेक शुक्ला आदि उपस्थित रहे।

धौंस जमाकर रेल यात्रा करना वर्दीधारियों को पड़ेगा मंहगा
अब पुलिस वालों के लिए बिना टिकट यात्रा करना महंगा पड़ सकता है। यही नहीं, वर्दी की धौंस रेल कर्मियों पर जमाई तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। प्रदेश के डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान ने पुलिसकर्मियों को अपने कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश जारी किया है। इसका पालन सख्ती से कराने का निर्देश सभी पुलिस आयुक्तों व कप्तानों को दिया है। बीते दिनों ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा को लेकर रेलकर्मियों और वर्दीधारियों के बीच कई मामले सामने आए। इस पर लखनऊ मंडल के डीआरएम आदित्य कुमार ने एक पत्र यूपी के पुलिस महानिदेशक देवेंद्र सिंह चौहान को भेजा था, जिसमें छपरा, गोरखपुर से लखनऊ के बीच होने वाली घटनाओं का जिक्र किया गया था। पत्र में एसी कोच में वर्दीधारियों द्वारा रेलकर्मियों से की जा रही अभद्रता का हवाला भी दिया गया था। इसका सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ था। इसे गंभीरता से लेते हुए डीजीपी ने सभी पुलिस आयुक्त और कप्तानों को पत्र लिखकर निर्देश जारी किया है। इसके मुताबिक भविष्य में ट्रेनों में ऐसी घटनाएं न हो जिससे पुलिस और शासन की छवि धूमिल हो। पत्र में उन्होंने कहा है कि यूपी से होकर लाखों लोग ट्रेन से यात्रा करते है। उन्होंने पुलिस के अनुशासित बल होने की बात भी कही है। लिखा है कि ऐसी घटनाओं से पुलिस की कार्यशैली पर असर पड़ता है।

15 वारंटी गिरफ्तार
धानेपुर थाने की पुलिस ने क्षेत्र के अलग-अलग गांव के 15 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि दो लोगों की ओर से रिकाल प्रस्तुत करने के बाद थाने से छोड़ दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि न्यायालय की ओर से जारी वारंट के क्रम में थाना क्षेत्र के ही महेशभारी मूर्तिहवा के रहने वाले हनुमान, अकबाल व नवल किशोर गिरफ्तार किया गया है। त्रिलोकपुर गंगापुर के रहने वाले राजित राम वर्मा, दत्त नगर माफी के लिल्लाही, शुकुलपुर के केसरी, लखनीपुर के नकछेद व तुलसीराम, झगरुपुरवा के किराईलाल, जानकीनगर के वीपतराम, रेतवागाड़ा के सिकंदर को गिरफ्तार कर चालान भेजा गया।
प्रधान ने पत्नी व भाई के नाम किया चारागाह का पट्टा
चारागाह की जमीन को ग्राम प्रधान द्वारा अपनी पत्नी व भाइयों के नाम पट्टा करने की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच करके आवश्यक कार्यवाही की मांग की है। प्रकरण तहसील तरबगंज गांव रांगी का है। जहां के जगजीवन उर्फ बहेतू पुत्र बरसाती ने ग्राम प्रधान के विरुद्ध मुख्यमंत्री को शिकायत प्रार्थना पत्र भेजकर उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों व पट्टे की जांच करा कर कार्यवाही की मांग की है। शिकायत कर्ता का आरोप है कि ग्राम प्रधान सांठगांठ करके गांव के विकास के लिए आये सरकारी पैसे की बंदरबांट कर लेते हैं। वहीं, चरागाह की भूमि को अपने पत्नी व भाई के नाम पट्टा कर दिया है। जिसकी शिकायत डीएम से भी की गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

140 दिव्यांगों को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल
शहर के अदम गोडवी मैदान में सोमवार को दिव्यांगजन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 140 दिव्यांगजनों मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल दी गई। इसे पाकर दिव्यांगजनों के चेहरे खिल उठे। इससे पहले जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, विधायक मेहनौन विनय कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी डॉ उज्जवल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी एम. अरुनमौली, सांसद गोंडा के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर जिले के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

खस्ताहाल सड़कें खोल रहीं विकास के दावों की पोल
अतुल तिवारी
उमरी बेगमगंज, गोंडा। जिले के ग्रामीण इलाकों की खस्ताहाल सड़कें विकास के दावों की पोल खोल रही हैं। आलम यह है कि कहीं सड़क पर गड्ढा तो कहीं गड्ढे में सड़क हो गई है। इसके बाद भी जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे है। हैरत की बात तो यह है कि जिले में भारतीय जनता पार्टी के सात विधायक, एक एमएलसी, दो सांसद होने के बावजूद सड़कें बदहाल पड़ी हैं। चुनाव के दौरान किए गए वायदों को पूरा होता न देख क्षेत्रीय जनता भी अपने को ठगा महसूस कर रही है। मानसून के दस्तक देते ही अधिकांश सड़कों पर पैदल निकलना भी दूभर हो जाएगा। विकास क्षेत्र बेलसर में डिकसिर से सूर्यवंश पुरवा के बीच करीब चार किलोमीटर सड़क दो दशक पहले बनाई गई थी, लेकिन अब यह सड़क चलने लायक नहीं रह गई है। इस रोड से डिकसिर, नौरंग पुरवा, विंध्या तिवारी पुरवा, पंडित पुरवा, राम पाल सिंह चौराहा, मंगल पुरवा, बेगमगंज बाजार, सूर्यवंश पुरवा सहित कई गांव जुड़े हैं। सड़क जर्जर होने से हालत यह है कि बाइक सवारों तक को आने जाने में दिक्कत होती है। आए दिन लोग गिरकर चुटहिल हो जाते हैं। गांव के लोगों ने बताया कि विधान सभा चुनाव के समय भाजपा प्रत्याशी प्रेम नारायण पाण्डेय ने जीतने पर सड़क बनवाने का आश्वासन दिया था। सरकार ने दोबारा कब्जा जमाया और दूसरी बार विधायक होने के बावजूद रोड नहीं बन पाई। लोगों ने बताया कि लोकसभा चुनाव के समय भाजपा प्रत्याशी बृज भूषण शरण सिंह ने भी सड़क बनवाने की बात कही थी, लेकिन जीतने के बाद वह भी जनता का दर्द भूल गए। पंडित पुरवा निवासी राम लगन कनौजिया के अनुसार रोड जर्जर पड़ी हैं। करीब चार किलोमीटर लंबा डिकसिर सम्पर्क मार्ग 12 साल पहले बनाया गया था। तब से आज तक इस रोड की मरम्मत नहीं हुई है। कस्बे से करीब 6-7 गांवों को जोड़ने वाला ये प्रमुख मार्ग है। सड़क जर्जर होने से करीब 10 हजार आबादी को आने-जाने में खासी दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों द्वारा बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान सभी दलों के प्रत्याशियों ने सड़क दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया था, चुनाव बाद कोई देखने तक नहीं आया। करीब 10 हजार की आबादी के लिए कस्बे का आवागमन मुसीबत भरा साबित हो रहा है। बारिश होने पर तो आवागमन बहुत ही मुश्किल हो जाता है। पीड़ित लोगों का कहना है कि चुनाव के समय तो नेता बड़े बड़े वायदे करते हैं लेकिन बाद में कोई नहीं आता। यहां की सड़कों पर जगह-जगह बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्रीय विधायक व सांसद को समस्या से कई बार अवगत कराया गया, लेकिन उन्होंने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।
जरूरी अनुरोध
*अपने शहर गोंडा की आवाज “रेडियो अवध” को सुनने के लिए इस लिंक
पर क्लिक करके अपने एंड्रॉयड फोन पर डाउनलोड करें Radio Awadh 90.8 FM ऐप* https://play.google.com/store/apps/details?id=com.radioawadh.radioawadh ’और रोजाना प्रातः 06 बजे से आरजे राशि के साथ सुनें भक्ति संगीत का कार्यक्रम “उपासना“ और 07 बजे से आरजे सगुन के साथ “गोनार्द वाणी“ में सुनें निर्गुण भजन, दोपहर 1 बजे से आरजे खुशी के साथ सुनें महिलाओं पर आधारित कार्यक्रम “आधी दुनिया“, रोज शाम को 6 बजे से सुनें फरमाइशी फिल्मी नगमों का प्रोग्राम ‘हैलो अवध’, रात 9 बजे से आरजे कनिका के साथ करिए प्यार मोहब्बत की बातें कार्यक्रम “सुधर्मा“(देवराज इंद्र की सभा का नाम जिसमें अप्सराएं रंगारंग प्रस्तुति देती थीं) में।’’इसके अलावा दिन भर सुनिए आरजे विजय, आरजे शजर, आरजे अभिषेक, आरजे राहुल द्वारा प्रस्तुत रंगारंग और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम। तो App डाउनलोड करना न भूलें और दिन भर आनंद लें विविध कार्यक्रमों का।’’ ऐप के SCHEDULE पर जाकर दिन भर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों का विवरण देख सकते हैं। साथ ही अपने मन पसंद गाने सुनने के लिए रेडियो अवध के ऐप पर CHAT में जाकर हमें मैसेज कर सकते हैं।’
Informer की आवश्यकता
गोंडा में जल्द लॉन्च हो रहे Radio Awadh को जिले के सभी कस्बों और न्याय पंचायतों में सूचनादाता (Informer) की आवश्यकता है। गीत संगीत व रेडियो जॉकी के रूप में अपना कैरियर बनाने के इच्छुक जिले के निवासी युवक युवतियां भी संपर्क कर सकते हैं : संपर्क करें : 9554000908 पर! (केवल वॉट्स ऐप मैसेज 9452137310) अथवा मेल jsdwivedi68@gmail.com
रेडियो अवध पर प्रचार के लिए सम्पर्क करें :
रेडियो अवध के माध्यम से अपने संस्थान व प्रतिष्ठान का प्रचार कराने तथा अपने परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों व शुभचिंतकों को उनके जन्म दिवस तथा मैरिज एनिवर्सरी आदि पर शुभकामनाएं देने के लिए 955400905 और 7800018555 पर संपर्क करें!
