Tuesday, March 31, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : आज की घटनाओं पर एक नजर….

Gonda : आज की घटनाओं पर एक नजर….

चाचा का हत्यारोपी भतीजा गिरफ्तार

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिले के कर्नलगंज थाने की पुलिस ने दो दिन पूर्व मामूली कहासुनी के बाद कुदाल मारकर चाचा की हत्या करने वाले भतीजे को आज गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुदाल भी बरामद कर ली है। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पिछले दिनों गनवलिया गांव में जमीन विवाद को लेकर भरतराम शुक्ला (56) की उनके भतीजे आकाश शुक्ला द्वारा कुदाल मारकर हत्या कर दी गई थी। बुधवार को भंभुआ चौकी प्रभारी वेद प्रकाश की टीम ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान आकाश को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुदाल भी बरामद कर ली गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।

दिल का दौरा पड़ने से हाईजीनिस्ट की मौत

बाबू ईश्वर शरण सिंह जिला अस्पताल के डेंटल विभाग में तैनात हाईजीनिस्ट संतोष कुमार मिश्रा की हृदयाघात होने से इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि वह मंगलवार को अस्पताल में ड्यूटी के बाद घर गए थे। देर शाम उनकी तबियत अचानक बिगड़ने लगी। इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार को जिला अस्पताल के सह कर्मियों ने दो मिनट का मौन रहकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

सड़क हादसे में आधा दर्जन जख्मी

जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत आजाद नगर बाजार के पास एसयूवी और कार की टक्कर से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। बताया जाता है कि डिडिसिया कला के जुगराज पुरवा निवासी ममता, हिमांशु वर्मा, सचिन वर्मा और कार चालक रवि घायल हो गए हैं। हिमांशु की हालत गंभीर है। एसयूवी सवार दो लोगों को भी चोटें आई है।

बीजा बनवाने के चक्कर में युवक ठगा गया

वजीरगंज थाना क्षेत्र का एक युवक वीजा बनवाने के चक्कर में ठगी का शिकार हो गया। वीजा बनवाने के नाम पर कथित एजेंट ने उससे 40 हजार रुपये ढाई साल पहले ऐंठ लिया। जालसाजी का शिकार हुए युवक ने रुपये वापस मांगा तो उसे तारीख पर तारीख देने के बाद अब जान से मारने की धमकी मिल रही है। पीड़ित ने थाने पर कथित एजेंट के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।

यह भी पढें :  खिलाड़ियों के उत्साहवर्द्धन हेतु आगे आया ICIT

महत्वपूर्ण सूचना

गोंडा जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।

https://www.facebook.com/YOGA-DAY-GONDA-104340082292555

RELATED ARTICLES

Most Popular