Wednesday, February 25, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : अस्पतालों, स्कूलों में सुरक्षा मानकों की जांच करें थाना प्रभारी

Gonda : अस्पतालों, स्कूलों में सुरक्षा मानकों की जांच करें थाना प्रभारी

पुलिस लाइन सभागार में एसपी आकाश तोमर ने पढ़ाया जिम्मेदारी का पाठ

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने कहा है कि सभी थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी अपने_अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर होटल, माल, अस्पताल, स्कूल, औद्योगिक संयंत्र, आवासीय मल्टी स्टोरी अपार्टमेन्ट एवं बड़े व्यावसायिक काम्पलेक्सों की जांच करके यह सुनिश्चित कर लें कि वहां आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध हैं अथवा नहीं। वह बीती रात पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों व शाखा प्रभारियों के साथ कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण की समीक्षा कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक ने शासन के निर्देश पर बीते 24 अगस्त से मादक पदार्थ एवं आबकारी अधिनियम के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बीते पांच सितंबर से पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे स्कूलों, अस्पतालों, बड़े प्रतिष्ठानों व भवनों में अग्नि से बचाव संबंधी सुरक्षा उपकरणों के सत्यापन को शीघ्र पूर्ण कराए जाने तथा लोगो को अग्नि से बचाव व रोकथाम हेतु अधिक से अधिक जागरुक करने के निर्देश भी दिए। एसपी ने कहा कि अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण किया जाय। चोरी, लूट व नकबजनी की घटनाओं की रोकथाम हेतु कस्बा व ग्रामीण इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ाया जाय। बैंक व लेनदेन वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए गश्त बढ़ाया जाए। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ हो तथा बैंक ड्यूटी में जाने वाले कर्मचारियों को ड्यूटी के सम्बन्ध में प्रतिदिन
ब्रीफ किया जाय। सभी पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के दौरान दृश्यता, गतिशीलता, सजगता एवं सतर्कता बनाये रखने हेतु निर्देशित किया।
एसपी ने कहा कि लंबित विवेचनाओं विशेषकर अनावरित अभियोगो के निस्तारण, वांछित अभियुक्तों, इनामिया, जिला बदर, एनबीडब्ल्यू के विरूद्ध अभियान चलाकर गिरफ्तारी करने, एनएसए व गैंगेस्टर के प्रकरणों में अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 14(1) के तहत सम्पत्ति जब्तीकरण की कार्यवाही की जाय। नगरों और कस्बों में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाय। पुलिस अधीक्षक ने अपहृत बालिकाओं व महिलाओं तथा गुमशुदा लोगों की तलाश सर्विलांस की मदद से कराएं। महिला संबंधी अपराधो व पास्को एक्ट में प्रभावी पैरवी कर आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाय। मिशन शक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिये थानो पर गठित एण्टीरोमियो टीमों की क्रियाशीलता निरंतर जारी रखने, आम जनमानस में सुरक्षा की भावना को बढ़ाने हेतु पैदल गश्त को और अधिक क्रियाशील करने का निर्देश दिया। महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला पुलिस कर्मियों द्वारा पीड़ित महिला फरियादियों की समस्याओं को सहानुभूति पूर्वक सुनने तथा उनका तत्काल निस्तारण कराने, थाने पर महिलाओं के साथ गोष्ठी कर मिशन शक्ति के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए। जनता द्वारा दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्रों, लंबित जन शिकायतो एवं आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों की गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण व आम जनता के साथ अच्छा बर्ताव करते हुए उनकी समस्याओं को सुनकर तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, संयुक्त निदेशक अभियोजन राम अचरज चतुर्वेदी, क्षेत्राधिकारी गण लक्ष्मीकांत गौतम, विनय कुमार सिंह, मुन्ना उपाध्याय, संजय तलवार, संसार चंद राठी, शिल्पा वर्मा, समेत सभी प्रभारी निरीक्षक व थानाध्यक्ष, शाखा प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक, अग्निशमन अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Gonda : अस्पतालों, स्कूलों में सुरक्षा मानकों की जांच करें थाना प्रभारी
RELATED ARTICLES

Most Popular