एनएचएम के तहत संविदा पर भर्ती करके दूर की जाएगी डाक्टरों की कमी-उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी को देखते हुए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में तैनात अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों को भी ओपीडी करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत आवश्यकता के अनुसार संविदा पर चिकित्सकों की भर्ती करने का निर्देश दिया है। देवीपाटन मण्डल के तीन दिवसीय शासकीय भ्रमण पर निकले गुरुवार को गोंडा पहुंचे उप मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सभी को चिकित्सा, शिक्षा आदि बुनियादी सुविधाएं देने के लिए कटिबद्ध है। हम इसके लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश के अधिकांश जिलों में मेडिकल कालेज खोले जा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ही उन्होंने गोंडा के निर्माणाधीन मेडिकल कालेज का भी निरीक्षण किया है। इसके निर्माण की गति थोड़े विलम्ब से चल रही है। इसके लिए कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर को इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि मण्डलायुक्त तथा जिलाधिकारी को भी निर्देश दिया है कि वे चिकित्सालयों का नियमित रूप से स्वयं भी निरीक्षण करें तथा अस्पताल आने वाले पीड़ित व्यक्तियों को अधिकाधिक सहूलियतें दिलवाना सुनिश्चित कराएं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सीएमओ को उनके कार्यालय में तैनात अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को प्रतिदिन प्रातः आठ बजे से तीन घंटे ओपीडी करने को कहा है।

उन्होंने कहा कि जिले के भ्रमण पर आते समय रास्ते में इटियाथोक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अन्तर्गत आने वाले उपकेन्द्र करुआपारा का औचक निरीक्षण किया तो वह केन्द्र बंद पाया गया। डिप्टी सीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इस सम्बंध में पूछे जाने पर इटियाथोक सीएचसी के अधीक्षक डा. मेराज अहमद ने बताया कि करुआपारा केन्द्र पर एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री और आशा की तैनाती है। गुरुवार को सभी कर्मचारी क्षेत्र में थे। इसलिए निरीक्षण के समय उपस्थित नहीं पाए गए। उन्हांने कहा कि कर्मचारियों ने अपने फील्ड विजिट की फोटो उन्हें भेजी थी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश प्राथमिक विद्यालयों का कायाकल्प किया जा चुका है। शिक्षा व्यवस्था में तेजी से सुधार हो रहा है। एक सवाल के जवाब में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार भ्रष्टाचार के दलदल में फंसती जा रही है। शराब घोटाले की जांच पूरी होने पर यह देश का बड़ा घोटाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि आप सरकार शुचिता का नाटक कर रही है। अगला विधानसभा चुनाव बुरी तरह से हारेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरफ से डीरेल हो चुकी है। जो पार्टी कई वर्षों से अपना पूर्णकालिक अध्यक्ष न तय कर पाई हो, उसका भविष्य भगवान भी नहीं बता सकता। कांग्रेस एक परिवार की पार्टी होकर रह गई है।

उप मुख्यमंत्री ने जनपद भ्रमण के दौरान विकास खंड इटियाथोक के ग्राम पंचायत संझवल में अमृत सरोवर तालाब, पारासराय में पंचायत भवन, करुवापारा में शौचालय, स्कूल व पानी टंकी का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर में स्थित गांधी पार्क में राष्ट्रीय पोषण माह का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। वहां पर उपस्थित गर्भवती महिलाओं का गोद भराई व बच्चों का अन्न प्राशन कार्यक्रम किया गया। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय, निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज आदि का निरीक्षण करते हुए जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा किया तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर शासकीय योजनाओं एवं उपलब्धियों को ज्यादा से ज्यादा जनता के बीच पहुंचाने का मंत्र दिया। इस अवसर पर विधायक गण बावन सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, प्रतीक भूषण सिंह, विनय कुमार द्विवेदी, प्रभात वर्मा, अजय सिंह, मण्डलायुक्त एमपी अग्रवाल, जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह व रमा शंकर मिश्र, जिला विकास अधिकारी दिनकर विद्यार्थी, डीसी एनआरएलएम एनवी सविता, डीसी मनरेगा संत कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम मुकीम अहमद, भाजपा नेता पुष्कर मिश्रा, केके श्रीवास्तव, राजा बाबू गुप्ता, राजेश रायचंदानी, सोनी सिंह, प्रदीप मिश्रा, दीपक गुप्ता, राघवेन्द्र ओझा, शत्रुघ्न मिश्रा, सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण तथा संबंधित कार्यदाई संस्था के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

यह भी पढें : गेस्टहाउस पर छापे के मामले में FIR, तीन गिरफ्तार

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
