Sunday, February 15, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : अब सरकारी मशीनरी से संवाद करेंगी डीएम

Gonda : अब सरकारी मशीनरी से संवाद करेंगी डीएम

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने ग्राम चौपाल और नगर चौपाल के के बाद अब सरकारी मशीनरी से संवाद करने का निर्णय लिया है। अब वह ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, संग्रह अमीन, लेखपाल, आशा बहू, उचित दर विक्रेता से लेकर जनपद में जमीनी स्तर पर काम कर रहे हर विभाग के कर्मचारियों से सीधे रूबरू होगी। इसकी शुरुआत आगामी 13 अक्टूबर को नेहरू युवा केन्द्र से की जाएगी। जिलाधिकारी कार्यालय ने इस संवाद कार्यशाला के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत 13 अक्टूबर से 28 नवम्बर तक 13 अलग-अलग विभागों में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों से जिलाधिकारी खुद संवाद करेंगी। इस संवाद के तहत आने वाले कार्मिकों में शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के जिम्मेदार ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव, संग्रह अमीन, लेखपाल, पंचायत सहायक, सफाई मित्र, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा बहू, स्वयं सहायता समूह, सीएससी ऑपरेटर्स, उचित दर विक्रेता, एफपीओ, होमगार्ड्स, पीआरडी जवान, नेहरू युवा केन्द्र व युवक मंगल दल के स्वयं सेवक व अन्य ग्राम स्तरीय कर्मचारी शामिल हैं। कार्यक्रम में लोकसभा निर्वाचन 2024 के पूर्व की तैयारियों में विभागों की भूमिका के साथ ही सतत विकास लक्ष्यों की पूर्ति में सहभागिता पर चर्चा होगी।

एक माह से गैरहाजिर है आरोग्य मित्र

जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि आरोग्य मित्र राज मिश्रा पिछले एक माह से अनुपस्थित चल रहे हैं। उन्होंने पर्चा काउंटर पर जाकर पंजीकरण कराने के बारे में जानकारी ली। डीएम ने प्रसव कक्ष, जननी सुरक्षा वार्ड, रिकॉर्ड रुम, दवा वार्ड, कोल्डचेन वार्ड, वैक्सीनेशन वार्ड, कम्प्यूटर कक्ष आदि का पूरी गहनता के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक को अस्पताल की साफ-सफाई और बेहतर करने के निर्देश दिये। डीएम ने जननी सुरक्षा वार्ड में जाकर वार्ड में भर्ती जच्चा व बच्चा के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा वहां पर प्रसव वाली मरीजों को मिलने वाले खानपान व अन्य सुविधाओं के संबंध में मरीजों से जानकारी ली। इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक कटरा बाजार, यूनिसेफ के पदाधिकारी डाक्टर शेषनाथ सिंह आदि उपस्थित रहे।

आयुक्त ने दिए जांच के आदेश

नगर पालिका परिषद गोंडा के सफाई कर्मचारी संतोष कुमार जायसवाल द्वारा आयुक्त कार्यालय के नजारत के सरकारी अभिलेख व उपकरण अपने घर ले जाने पर मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने अपर आयुक्त प्रशासन को जांच करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मंडलायुक्त ने सफाई कर्मचारी की संपत्तियों की जांच के भी निर्देश दिए हैं। साथ उन्होंने कहा है कि यदि कर्मी द्वारा आलोच्य अवधि में अवैध ढंग से संपत्तियां अर्जित करने की पुष्टि होती है, तो इस प्रकरण को भ्रष्टाचार निवारण संगठन व सतर्कता विभाग को कार्रवाई हेतु भेजा जाएगा। मंडलायुक्त द्वारा सफाई कर्मचारी द्वारा कितनी अवधि तक नजारत में कार्य करने, उसे किस प्रकार अनियमित रूप से नाजिर का प्रभार देने एवं उसके द्वारा नजारत संबंधी किये गये कार्यों की जांच कर एक सप्ताह में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त ने बताया कि नजारत की कई पत्रावलियां व अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर आदि वर्तमान नाजिर को प्राप्त न होने पर शासकीय कार्यों के सम्पादन में बाधा आ रही है।

डीएम ने पांच को किया जिला बदर

जिला मजिस्ट्रेट नेहा शर्मा ने कई अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट व जिला बदर की कार्रवाई की है। उन्होंने छोटू निवासी ग्राम सिंगारीपुरवा थाना मोतीगंज, तिलकराम सिंह एवं रामसागर निवासी माधवपुर चकत्ता थाना कोतवाली नगर को गुंडा घोषित करते हुए उनके खिलाफ छह माह के लिए जिला बदर की कार्यवाही की है। इसके अलावा सीताराम निवासी ग्राम कुड़िया ठकुरापुर थाना कोतवाली देहात व शरीफ अली निवासी मंशापुरवा थाना धानेपुर को तो गुण्डा घोषित करते हुए 6 माह की अवधि तक प्रत्येक माह की 15 व 30 तारीख को सम्बंधित थाने के प्रभारी निरीक्षक के समक्ष उपस्थित होने के आदेश दिए हैं।

छात्र पंचायत कर लगाई गई चौपाल

गोंडा में विश्वविद्यालय स्थापना की मांग को लेकर चलाए जा रहे आन्दोलन के 36वें दिन रोजबुड इंटर कालेज, नारी ज्ञानस्थली, सिटी मॉन्टेसरी आदि स्थानों पर छात्र पंचायत के माध्यम से चौपाल लगाकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखवाया गया। इस अवसर पर छात्र पंचायत के संयोजक शिवम पांडेय ने कहा कि विश्वविद्यालय हमारा हक है और हम अपने अधिकार को पाने के लिए एकजुट होकर प्रदेश सरकार को जगाने का काम करेंगे। मीडिया संयोजक धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि सभी छात्र, छात्राओं व शिक्षकों को बताया गया कि विश्वविद्यालय आपके लिए कितना आवश्यक है। अगर विश्वविद्यालय गोंडा में ही बनता है तो हमारी बहनों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सूरज शुक्ला ने कहा कि आगामी 16 अक्टूबर को गांधी पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक निकलने वाली छात्र महारैली में अधिक से अधिक संख्या में लोग शामिल हों। इस अवसर पर नीरज मिश्रा, प्रिंस गुप्ता, सतीश मिश्र, हर्षित सिंह, आदर्श पांडेय, मुकेश तिवारी आदि उपस्थित रहे।

प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी

उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज के सत्र जुलाई 2023-24 में प्रवेश की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2023 तक बढ़ा दी गई है। यह जानकारी विश्वविद्यालय के स्थानीय केंद्र श्री लाल बहादुर बहादुर शास्त्री डिग्री कालेज गोंडा के समन्वयक व भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो.जितेंद्र सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति में दी। प्रो. सिंह ने बताया कि मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा अपने विभिन्न केंद्रों सहित स्थानीय केंद्र पर स्नातक (कला, विज्ञान, वाणिज्य), परास्नातक (कला, विज्ञान, वाणिज्य), डिप्लोमा, सर्टिफिकेट कोर्स, लाइब्रेरी साइंस में स्नातक व परास्नातक, एकल विषय में स्नातक, बीबीए., एमबीए, एमसीए, पत्रकारिता, चाइल्ड केयर, फ़ूड एवं न्यूट्रीशन, बीएड इत्यादि जैसे लगभग 120 पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें कक्षा आठ से लेकर स्नातक उत्तीर्ण सभी प्रकार के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रकार के रोज़गार परक कार्यक्रम उपलब्ध हैं। प्रो.सिंह ने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा ट्रांसज़ेंडर, जेल क़ैदी, सैनिक आश्रितों को प्रवेश फ़ीस में विशेष सुविधा उपलब्ध है। कालेज के प्राचार्य प्रो. रवींद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के दूरस्थ शिक्षा ब्यूरो द्वारा प्रवेश की तिथि 20 अक्टूबर 2023 तक बढ़ने से विश्वविद्यालय की छात्र संख्या सहित केन्द्र पर प्रवेश लेने वाले छात्रों की संख्या में आशातीत वृद्धि होगी। साथ ही जनपद के ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से घर बैठे रोज़गार परक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्राप्त होगा। जुलाई सत्र में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ने से प्रवेशार्थियों में काफी उत्साह है। स्थानीय केंद्र पर इस वर्ष एकल विषय से स्नातक में प्रवेशार्थियों की संख्या में काफ़ी वृद्धि हुई है।

नवाबगंज में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

गोंडा जिले के नवाबगंज कस्बे में गुरुवार की शाम तरबगंज एसडीएम भरत भार्गव के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन तथा नगर पालिका की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण विरोधी अभियान की शुरुआत नगर पालिका के सामने बनी अवैध दुकानों के हटाने से की। टीम ने घंटा घर होते हुए जवाहर चौक तथा तिकोना पार्क तक अभियान चलाया। इस दौरान दुकानदार टीम के पहुंचने के पहले खुद अपने सामानों को दुकान के अंदर करने लगे। एसडीएम ने सभी दुकानदारों को कस्बे के अंदर सड़क के किनारे दोनों तरफ बनी नाली के अंदर दुकान लगाने के लिए चेतावनी दी। उन्होंने तीन दिन की मोहलत देते हुए कहा कि तय सीमा के अंदर बनी सीढ़ी व चबूतरे को दुकानदार खुद तोड़ कर अतिक्रमण को हटा लें। इसके बाद अतिक्रमण पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह जानकारी देते हुए हमारे सहयोगी श्याम त्रिपाठी ने बताया कि एसडीएम के साथ नायब तहसीलदार, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय, कस्बा चौकी इंचार्ज कामेश्वर राय, लेखपाल ओम प्रकाश वर्मा, नगरपालिका कर्मचारी आदि मौजूद रहे।

राजापुर में लगाया गया कैम्प

गोंडा जिले के परसपुर विकास खण्ड के ग्राम पंचायत राजापुर में कैम्प का आयोजन किया गया। सहायक विकास अधिकारी डॉ अनूप सिंह चौहान ने उपस्थित किसानों को पराली न जलाने की अपील की व फसल के प्रबंधन हेतु जानकारी दी। प्राविधिक सहायक विपुल सिंह व श्रीराम राजवंशी ने किसानों को फसल अवशेष को सड़ा कर खेत मे ही खाद बनाने एवं वेस्ट डिकंपोजर के प्रयोग के बारे में जानकारी दी। साथ ही फसल अवशेष जलाने से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों एवं मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले व्यापक असर के बारे में बताया। इस अवसर पर चंदन सिंह, रमेश सिंह, बेंचन सिंह, अमर सिंह, विनोद कुमार, शैल कुमारी आदि उपस्थित रहे।

सीएचसी पर कन्या जन्मोत्सव आयोजित

गोंडा जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटियाथोक में गुरुवार को महिला कल्याण विभाग द्वारा कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। सीएचसी अधीक्षक डा. सुनील कुमार ने इस मौके पर कहा कि लैंगिक असमानता दूर करने के लिए यह आयोजन किया जाता है। संरक्षण अधिकारी चन्द्रमोहन वर्मा ने कहा कि बेटा बेटी में असमानता नहीं करनी चाहिए, बल्कि उन्हें समान भाव से शिक्षा व प्यार देना चाहिए। प्रभारी महिला कल्याण अधिकारी ज्योत्सना सिंह ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भारत में निरंतर घट रही महिलाओं की जनसंख्या के अनुपात को संतुलित करने के साथ-साथ उनके हक एवं अधिकारों की पूर्ति करना भी है। जिला समन्वयक राज कुमार आर्य ने कहा कि जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी के निर्देशन में उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अधीक्षक ने हमारे इटियाथोक सहयोगी प्रदीप पांडेय को बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना भारत सरकार द्वारा संचालित है, जिससे बेटियों व महिलाओं के उत्थान हेतु जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इटियाथोक में जन्म लेने वाली बच्चियों को हिमालय बेबी किट एवं कपड़े वितरित किया गया एवं उनकी माताओं को बधाई दी गई। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता पंकज राव, अभिषेक वर्मा, गुंजन सिंह, दिनेश कुमार, एसपी द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न

गोंडा जिले के परसपुर विकास खण्ड प्रांगण में जल जीवन मिशन के तहत आठ दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन गुरुवार को हो गया। इस प्रशिक्षण में सात ग्राम पंचायतों कटैला, मोहना, गोगिया, धमरैया, पुरैना, खरगूपुर व सेमरी के वार्ड सदस्यों को जल के संरक्षण व शुद्धता हेतु प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षक अमर वर्मा ने बताया कि प्रशिक्षुओं को जल संरक्षण, बचाव तथा शुद्ध पेयजल के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर सहायक प्रशिक्षक कमलेश प्रसाद, ग्राम प्रधान सालिक राम, स्वामीनाथ पाण्डेय, बाल्मीकि सिंह, काली प्रसाद, घनश्याम मौर्या, राजू गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।

धरना प्रदर्शन पर बनी रणनीति

उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक कटरा बाजार की बीआरसी पर राम चन्द्र तिवारी की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित बैठक में नौ अक्टूबर को लखनऊ में धरना प्रदर्शन के बारे में रणनीति तैयार की गई। बैठक में शिक्षक को उपार्जित अवकाश, समय से वेतन न मिलने, 17140 एवं 18150 का लाभ न मिल पाने, विद्यालय में डेक्स बेंच का अभाव, बिजली आपूर्ति की समस्या, द्वितीय शनिवार का अवकाश आदि 21 सूत्रीय मांगां पर धरना प्रदर्शन किया गया। बैठक में संघर्ष समिति के अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश शुक्ल, मंत्री मोहित तिवारी, अरुण तिवारी, जय प्रकाश अवस्थी, अरविंद शुक्ल, दिनेश शर्मा, रंजीत सिंह यादव, हरि कृष्ण यादव, बृजेन्द्र कुमार यादव, दिवाकर शुक्ल, मनीष यादव तथा जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष महेश्वर बख्श सिंह उपस्थित रहे।

मारपीट का मुकदमा दर्ज

गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चंदापुर गुरेटी निवासी हनुमान शरण सिंह ने परसपुर थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश को लेकर विपक्षियों ने उनके परिजनों के साथ मारपीट की। गांव के लोगां के बीच बचाव करने पर वे जान माल की धमकी देते हुए चले गए। इस दौरान उसकी जेवर भी गिर गए। थानाध्यक्ष शेषमणि पाण्डेय ने बताया कि प्रकरण में प्रदीप सिंह, संतोष सिंह, राम नरायन सिंह व सूर्यांश सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। इसी प्रकार भौरीगंज मंगलौसा निवासी बिट्टू ने भी घर पर चढ़कर मारपीट करने व नल की चौकी तोड़कर नुकसान करने का मुकदमा दर्ज कराया है। यह जानकारी देते हुए हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय ने थानाध्यक्ष के हवाले से बताया कि गांव निवासी सुरेश सोनी, उमेश सोनी, कप्तान सोनी व अन्ना सोनी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच की जा रही है।

सपा अधिवक्ता सभा के प्रदेश सचिव नामित

समाजवादी अधिवक्ता सभा के प्रदेश अध्यक्ष सिकंदर यादव ने मनकापुर ब्लॉक के ग्राम मूसेगंज निवासी विजय कुमार आजाद (एडवोकेट) को अधिवक्ता सभा का प्रदेश सचिव नामित किया है। यह जानकारी देते हुए हमारे सहयोगी श्याम त्रिपाठी ने बताया कि उनके मनोनयन पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अभिषेक सिंह, विजय पासवान, जितेन्द्र यादव, सुरेश यादव, आरपी पटेल, शैलेन्द्र सिंह, बलराम यादव, रंजीत पासवान, पप्पू पांडेय, सफीक, बब्बन यादव, पंकज श्रीवास्तव, अयाज खान आदि ने खुशी जाहिर करते हुये बधाई दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular