Saturday, April 4, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : अब पुलिस के चाल, चरित्र और चेहरे में दिखेगा बदलाव

Gonda : अब पुलिस के चाल, चरित्र और चेहरे में दिखेगा बदलाव

राजपत्रित अधिकारियों की बैठक में एसपी ने बताई अपनी मंशा

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। सभी पर्यवेक्षणीय अधिकारी सुनिश्चित करें कि थानों पर आने वाले फरियादियों की प्रथम दृष्टया सत्य प्रतीत होने वाली शिकायतों के पंजीयन में कंजूसी न किया जाय। अपराधों के पंजीयन में धाराओं का न्यूनीकरण (मिनिमाइजेशन) बिल्कुल न किया जाय। यदि कोई मुकदमा दर्ज होने के बाद प्रथम दृष्टया जांच में फर्जी प्रतीत होता है तो तत्काल उसका निस्तारण कराया जाय तथा ऐसा करने वाले के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाय। यह निर्देश पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने शनिवार को विभाग के राजपत्रित अधिकारियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए दिए। वह कैम्प कार्यालय पर दनके साथ सावन सोमवार पर्व, एफआइआर पंजीकरण, जन शिकायतों के निस्तारण, दर्ज अभियोगों के अनावरण और अभियुक्तों की गिरफ्तारी इत्यादि की समीक्षा कर रहे थे। एसपी ने स्पष्ट कहा कि शासन स्तर से अभियोगों का पंजीकरण कराए जाने का स्पष्ट निर्देश होने के बावजूद अनावश्यक रूप से फरियादियों को इधर-उधर भटकाने का कोई औचित्य नहीं है। यदि प्रथम दृष्टया फरियादी से पूछताछ में शिकायत सत्य प्रतीत होती हो, तो थाना प्रभारी अभियोग अवश्य पंजीकृत करें। उन्हांने कहा कि कई बार थाना प्रभारियों द्वारा गंभीर किस्म के अपराधों को हल्की धाराओं में दर्ज किया जाता है। यह पीड़ित व्यक्ति के साथ अन्याय है तथा दोषी व्यक्ति के साथ अप्रत्यक्ष रूप से सहानुभूति है। ऐसा करने से बचें। अपराध वास्तव में जिस श्रेणी का है, उसी के अनुरूप प्राथमिकी दर्ज हो। गंभीर अपराधों को एनसीआर लिखकर कत्तई टाला न जाय। उन्होंने कहा कि अभियोग पंजीकरण के बाद यदि कोई ऐसा प्रकरण संज्ञान में आता है, जो प्रथम दृष्टया जांच में झूठा प्रतीत होता हो, तो थाना प्रभारी तत्काल उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर उसका समुचित और विधि सम्मत निराकरण कराएं। साथ ही झूठा अभियोग दर्ज कराने वाले के खिलाफ कार्रवाई भी करें। उन्होंने थानों पर बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त कराए जाने का निर्देश भी सभी पुलिस क्षेत्राधिकारियों को दिया। एसपी ने दर्ज अभियोगों की गुणवत्ता पूर्ण विवेचना समय से पूर्ण करने तथा वांछित अभियुक्तों व वारंटियों की गिरफ्तारी अभियान चलाकर किए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जमीन सम्बंधी विवादों का निपटारा राजस्व विभाग की टीम के साथ किया जाय। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम, सीओ सदर विनय कुमार सिंह, सीओ कर्नलगंज मुन्ना उपाध्याय, सीओ तरबगंज संसार चन्द राठी, सीओ मनकापुर संजय तलवार, प्रशिक्षु सीओ सुश्री शिल्पा वर्मा मौजूद रहे।

17 जुलाई से फिर शुरू होगा परिवार परामर्श केन्द्र

पारिवारिक विवादों को सुलझाने के लिए प्रत्येक रविवार को आयोजित किया जाने वाला परिवार परामर्श केन्द्र 17 जुलाई से दुबारा शुरू हो जाएगा। गत वर्ष मार्च माह में कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद इसका आयोजन स्थगित कर दिया गया था, तब से अब तक इसका आयोजन बंद था। रविवार से ‘महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन’ के अन्तर्गत इसका आयोजन दुबारा शुरू होगा।

Gonda : अब पुलिस के चाल, चरित्र और चेहरे में दिखेगा बदलाव

यह भी पढें : तीसरे दिन कब्र से पोस्टमार्टम के लिए भेजी गई लाश

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular