जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में मंगलवार को पूर्वान्ह एक अनियंत्रित कार की टक्कर से दो सगी बहनों समेत तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि जिले के कर्नलगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर मंगलवार को पूर्वान्ह करीब नौ बजे चौरी गांव के सूबेदार पुरवा निवासी कुछ बच्चे गांव के ही विद्यालय में पढ़ने के लिए जा रहे थे। इस बीच गोंडा लखनऊ राजमार्ग पार करते समय वे गोंडा से लखनऊ की तरफ जा रही एक अनियंत्रित कार की चपेट में आ गए। परिणाम स्वरूप सत्यम (10) पुत्र राम सागर, तनवी (7) व शिवांजलि (11) पुत्रीगण विजय शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से जख्मी शिवांशी (14) पुत्री विजय शुक्ला को उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया है। दो बच्चे चौरी स्थित प्राथमिक विद्यालय तथा दो जूनियर हाईस्कूल में पढ़ रहे थे। उन्होंने बताया कि तीनों शवों का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। सड़क हादसे के बाद ऐहतियातन घटना स्थल के आसपास पर भारी फोर्स तैनात कर दी गई है। घटना की सूचना पाते ही स्थानीय पुलिस के अलावा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी तत्काल मौके पर पहुंच गए। एक संदिग्ध कार को हिरासत में लेकर चालक से पूछताछ की जा रही है। कर्नलगंज के एसडीएम हीरालाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी मुन्ना उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज नीरज सिंह समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है। जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार, एसपी आकाश तोमर, एडीएम सुरेश कुमार सोनी ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर भर्ती बालिका का हालचाल लिया तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को बेहतर इलाज प्रदान करने का निर्देश दिया। चिकित्सकों ने बालिका की हालत खतरे से बाहर बताई है। एसपी ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली अल्टो कार बरामद कर ली गई है। प्रकरण में सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढें : 18 साल बाद मिली दोषी को किए की सजा

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
