जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिला जज बृजेन्द्र मणि त्रिपाठी शनिवार को परसपुर विकास खण्ड के अन्तर्गत जन कवि रामनाथ सिंह “अदम गोंडवी“ के पैतृक गांव गजराज पुरवा पहुँचकर उनकी समाधि स्थल अदम पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। उन्होंने कहा कि अदम जी अपनी रचनाओं के कारण हमेशा सूरज की तरह चमकते रहेंगे। जिला जज ने समाधि स्थल पर दो मिनट का मौन रखा तथा स्व. अदम जी के घर जाकर उनकी पत्नी कमला सिंह, बेटे आलोक सिंह व भतीजे दिलीप सिंह से मिलकर कुशल क्षेम जाना। जिला जज ने स्व. अदम जी के पुत्र आलोक सिंह को अंग वस्त्र भेंट किया। इस अवसर पर परसपुर विकास मंच के अध्यक्ष अरुण सिंह, बृजेश सिंह आदि उपस्थित रहे।
पीड़ित परिवार से मिले भाजपा सांसद
कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण ने शनिवार को इटियाथोक थाना क्षेत्र के सरहरा गांव निवासी मृतक दिव्यराज पांडेय के परिवार से मिलकर शोक जताया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बता दें कि बीते 18 अक्टूबर को नगर कोतवाली के सामने एक बैंक के पास ऋण न मिलने से आहत दिव्यराज पांडेय ने खुद को आग लगा ली थी। उसे बचाने के दौरान गांव के ही प्रदीप पांडेय भी झुलस गया था। दोनो को गम्भीर हालात में गोंडा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दिव्यराज को लखनऊ रेफर कर दिया। 19 अक्टूबर को इलाज के दौरान दिव्यराज की मौत हो गई थी जबकि प्रदीप पांडेय का अभी लखनऊ में इलाज चल रहा है। सांसद ने कहा कि घटना बेहद दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। सांसद ने मृतक दिव्यराज पांडेय के पिता मुन्ना लाल पांडेय व घायल प्रदीप पांडेय के पिता विश्वनाथ पांडेय को सहायता राशि भेंट की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, विकास पांडेय, धर्मराज दीक्षित उपस्थित रहे।
कालेजों में मतदाता हेल्प डेस्क स्थापित करने का निर्देश
अपर जिला मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी ने जनपद के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त व निजी स्नातक एवं परास्नातक शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने कॉलेज में एक वोटर रजिस्ट्रेशन कक्ष बनवा लें। इस वोटर रजिस्ट्रेशन कक्ष में कंप्यूटर यूपीएस एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा हो। ऐसे छात्र छात्राएं जिनकी आयु एक जनवरी 2024 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो गई है, और अभी तक मतदाता नहीं बने हैं, वे पासपोर्ट साइज फोटो, हाईस्कूल के प्रमाण पत्र एवं अभिभावक के मतदाता फोटो पहचान पत्र, आधार कार्ड की छाया प्रति के साथ प्रारूप छह भरकर वोटर रजिस्ट्रेशन कक्ष से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा दें। शिक्षण संस्थान में मतदाता रजिस्ट्रेशन हेतु एक कोआर्डिनेटर एवं हेल्प डेस्क की स्थापना भी की जाए। प्रत्येक कक्षा के लिए फॉर्म भरने हेतु अलग-अलग तिथि व समय निर्धारित कर दिया जाये।
महिला का शव कुएं से बरामद
गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के खड़ौआ निवासी सीमा का शव शनिवार को एक कुएं में बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय के हवाले से हमारे सहयोगी श्याम त्रिपाठी ने बताया कि प्रकरण में सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित
उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से इच्छुक व पात्र अभ्यर्थियों से मल्लिका-ए-गजल बेगम अख्तर पुरस्कार के लिए आवेदन मांगे गए हैं। 40 साल से अधिक आयु वाले कलाकार पुरस्कार के लिए निर्धारित प्रारूप पर 15 नवम्बर तक आवेदन कर सकते हैं। पुरस्कार के तहत पांच लाख रुपए की धनराशि प्रदान की जाएगी। गोंडा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने आज यहां बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा मल्लिका-ए-गजल बेगम अख्तर की स्मृति में दादरा, ठुमरी व गजल विधाओं में ऐसी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित और सम्मानित किया जाएगा। बेगम अख्तर पुरस्कार प्रत्येक वर्ष एक सुयोग्य गायक कलाकार को दिया जाता है, परन्तु योग्यता के आधार संख्या बढ़ाई भी जा सकती है। चयनित कलाकार को पांच लाख रुपये नगद धनराशि, अंग वस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। यह पुरस्कार उन कलाकारों को दिया जाएगा जो उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हैं या उसकी कर्मभूमि उत्तर प्रदेश है। यह पुरस्कार कलाकार के गायन के क्षेत्र में संपूर्ण उपलब्धियों के आधार पर प्रदान किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि आवेदन का प्रारूप कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित जिला सूचना कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस में प्राप्त किया जा सकता है।
सिक्किम जाकर अध्ययन करेंगे रवि
स्कूली बच्चों के सुरक्षा एवं संरक्षा को लेकर भारत सरकार द्वारा गठित की गई टीम में गोंडा जिले के एक आदर्श शिक्षक को भी शामिल किया गया है। कर्नलगंज शिक्षा क्षेत्र के एक विद्यालय में शिक्षण कार्य करने वाले रवि प्रताप सिंह सिक्किम के गंगटोक जिले का अध्ययन करने वाली टीम का हिस्सा होंगे। यह टीम अपनी रिपोर्ट भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय को देगी। रवि प्रताप सिंह ने बताया कि इस अध्ययन को पूरा करने के लिए सिक्किम के शिक्षा विभाग के अधिकारियों, अभिभावकों और बच्चों से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे तथा आंकड़ा एकत्रित किया जाएगा। उनसे ग्रुप डिस्कसन करते हुए रिपोर्ट बनाई जाएगी। पूरी रिपोर्ट बनने के बाद सरकार को इससे कार्य करने में मदद मिलेगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेमचंद यादव समेत अनेक शिक्षकों ने इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
दो शिक्षक बने चयनकर्ता
प्रदेशीय विद्यालयी एथलेटिक्स चयन के लिए गोंडा के दो खेल शिक्षकों प्रियंका सिंह और संजय कुमार को चयनकर्ता बनाया गया है। लखनऊ के गुरुगोविंद सिंह स्पोर्ट्स कालेज में एक से चार नवम्बर तक प्रदेश स्तरीय टीम व खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। विभिन्न खेलों के चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। चयनकर्ता बनाये गये गोण्डा के दो शिक्षकों में से प्रियंका सिंह परसपुर ब्लाक के कम्पोजिट विद्यालय में, जबकि संजय कुमार वजीरगंज के प्राथमिक विद्यालय लालपुर में सहायक अध्यापक हैं। जनपद के दो शिक्षकों को एथलेटिक प्रतियोगिता के लिए चयनकर्ता बनाए जाने पर बीएसए प्रेम चन्द्र यादव, डायट प्राचार्य अतुल कुमार तिवारी, वरिष्ट बीईओ राम खेलावन सिंह, एसपी पाठक, कोमल यादव, शिक्षक अवनीश पाण्डेय, आनन्द देव सिंह, सुशील मिश्र, मनोज शर्मा, कन्हैया लाल मौर्य, अशोक मौर्य, शमभूदत्त त्रिपाठी आदि ने खुशी जताई है।
बिना टिकट पकड़े गए 186 यात्री
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल रेल प्रबंधक आदित्य कुमार के निर्देश पर सीनियर डीसीएम आशुतोष गुप्ता के आदेशानुसार क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष कुमार के नेतृत्व में प्लेटफॉर्म निरीक्षक केएल यादव ने आरपीएफ के सहयोग से विभिन्न रेल प्रखंडों पर चेकिंग अभियान चलाकर 186 लोगों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा। इनसे 55800 रुपए जुर्माना वसूल किया गया। यह जानकारी देते हुए हमारे सहयोगी पंकज भारतीय ने बताया कि अधिकारियों ने सभी रेल प्रखंडों पर बराबर अभियान चलाकर टिकट चेकिंग करने का निर्देश दिया है।
मेधावी छात्र किए गए सम्मानित
गोंडा जिले के वजीरगंज शिक्षा क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय बाबा मठिया में भाभा विज्ञान क्लब विपनेट के समन्वयक सुनील कुमार आनन्द द्वारा राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर चयनित जिले के दो छात्रों जितेन्द्र कुमार भारती व शिवा को सम्मानित किया गया। छात्रों का चयन राज्य स्तर पर होने पर जिला समन्वयक राष्ट्रीय बाल विज्ञान अभय सिंह, बीईओ हर्षित पाण्डेय, जिला समन्वयक हरि गोविन्द यादव व बीएसए प्रेमचन्द यादव ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं। जिला समन्वयक ने बताया कि जूनियर स्तर पर दो विजेता बच्चों का नाम राज्य स्तर पर गया है। इसमें जितेंद्र कुमार भारती कम्पोजिट विद्यालय बाबा मठिया व आद्रिका पाण्डेय सेंट जेवियर्स का छात्र है। बच्चों का मार्गदर्शन कर रहे विज्ञान शिक्षक सुनील कुमार आनंद को भी स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
डुमरियाडीह में हटाया गया अतिक्रमण
गोंडा-अयोध्या राजमार्ग पर शनिवार को डुमरियाडीह बाजार में दोनों पटरियों पर हुए अवैध अतिक्रमण को पीडब्ल्यूडी विभाग ने पुलिस प्रशासन के साथ जेसीबी से हटवाया। एसडीएम भारत भार्गव ने बताया कि अवैध अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस देकर अवैध अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद अतिक्रमणकारी अवैध कब्जा जमाए रहे। उन्होंने नाले, पटरी के अलावा टीन शेड काफी आगे तक स्थायी रूप से लगा लिया था। बिल्डिंग मैटेरियल वालों ने तो आसपास कहीं जगह ही नहीं छोड़ी थी।
शिक्षा मित्र संघ की बैठक रविवार को
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के जिला इकाई की बैठक 29 अक्टूबर को दोपहर 11 बजे गोंडा के गांधी पार्क में स्थित प्राथमिक विद्यालय में होगी। यह जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष अवधेश मणि ने बताया सदस्यों के साथ विचार विमर्श कर संघर्ष की अगली रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि लखनऊ के ईको गार्डन में 18 अक्टूबर को हुए धरना प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी।
नहर में मिला नवजात का शव
गोंडा जिले के मनकापुर थाना क्षेत्र के बनकसिया शिवरतन सिंह गांव के पास सरयू नहर में शनिवार को एक नवजात बच्ची का शव उतराता हुआ पाया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। लोगों का मानना है कि लोकलाज के डर से कोई बच्ची के जन्म लेते ही नहर में फेंक गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक राज कुमार सरोज ने बताया कि प्रकरण में सुसंगत तरीके से कार्रवाई की जा रही है।
धूमधाम से मना शरद पूर्णिमा महोत्सव
गोंडा जिले के छपिया में स्थित भगवान घनश्याम महराज की जन्म स्थली पर शरद पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर के महंत देवस्वामी गुरु जगत प्रकाश स्वामी कोठरी विष्णु स्वामी ने शनिवार की सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नये बर्तन, वस्त्र और अन्न का परम्परागत ढंग से पूजन कराया। भक्तों ने पवित्र नारायण सरोवर में डुबकी लगायी। जन्म भूमि और निज मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया। भगवान का स्वर्ण मुकुट के साथ दिव्य श्रृंगार किया गया। हरि भक्तों के संगीतमय भजन कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो गया। महिलाओं ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर खुशियाँ मनायी। महंत स्वामी ने बताया कि चंद्र ग्रहण के कारण सुबह कार्यक्रम किया गया। सूतक के कारण शाम को मंदिर बंद चल रहा है। पर्व की परम्परा के अनुसार चूरा और दूध का प्रसाद वितरित किया गया।
एनसीसी कैडेट्स को दी गई साइबर फ्राड की जानकारी
साइबर क्राइम ऑफिसर हरि ओम टंडन ने शनिवार को महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज बेलसर में 48 यूपी बटालियन एनसीसी के कैडेट्स को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। अपने उद्बोधन के दौरान उन्हें इंटरनेट बैकिंग, एटीएम कार्ड, डेविट व क्रेडिट कार्ड, ओलेक्स फ्राड, वालेट व यूपीआई से सम्बन्धित धोखाधड़ी के मामलों में सावधानियां, फेसबुक हैकिंग, बारकोड के माध्यम से होने वाले फ्राड, व्हाटसअप हैकिंग से बचाव, फर्जी वेबसाइट से होने वाले फ्राड के सम्बन्ध में सावधानियां के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फेसबुक, इंस्ट्राग्राम, वाट्सऐप आदि सोशल साइट्स पर हनी ट्रैप होने से बचने के लिए क्या तरीके अपनाएं एवं साइबर अपराध घटित होने पर तत्काल क्या कदम उठाएं। कैडेट्स को साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 व साइबर क्राइम रिपोर्टिंग वेबसाइट के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
भाजपा का नारी शक्ति वंदन सम्मेलन आयोजित
भारतीय जनता पार्टी द्वारा शनिवार को परसपुर में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन आयोजित किया गया। बाराबंकी के एमएलसी अंगद सिंह एवं बलरामपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बीना राय राजभर द्वारा की गई। सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह, विधायक अजय कुमार सिंह, गोंडा के जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप आदि ने कार्यक्रम में अपने विचार रखें। यह जानकारी देते हुए हमारे सहयोगी राजेश पाण्डेय ने बताया कि इस मौके पर ऋचा पाण्डेय, श्रेयशी सिंह, बिट्टू तिवारी, साधना साहू, तृप्ति पाण्डेय, डॉ एसपी सिंह, सूरज सिंह, संदीप सिंह मोनू, राकेश सिंह, कुँवर बहादुर सिंह, अमरेंद्र सिंह, आदि उपस्थित रहे।
समाधान दिवस में नहीं निपटा एक भी मामला
गोंडा जिले के नवाबगंज थाने पर शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में एक भी मामले का निस्तारण नहीं हुआ। समाधान दिवस में आधा दर्जन लेखपाल नदारद रहे। अनुपस्थित रहने वाले लेखपालों में करीब दर्जन भर गांवों का प्रभार संभाले बलवंत गुप्ता, सिद्धार्थ द्विवेदी आदि शामिल रहे। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि समाधान दिवस में कुल 14 मामले आये थे, जिनके निस्तारण के लिए संबधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर एसएसआई त्रियुगी नरायन शर्मा, उपनिरीक्षक साहब सिंह यादव, सुनील सिंह, महिमा पांडे, कामेश्वर राय, दूधनाथ चतुर्वेदी, लेखपाल राहुल अग्रहरी, हीरामणि मिश्रा, संदीप यादव, दिनेश यादव, संध्या शुक्ला, दुर्गावती आदि मौजूद रहे।
रामलीला में भगवान जन्म की प्रस्तुति
गोंडा जिले के कटरा शिवदयाल गंज बाजार में चल रहे 12 दिवसीय श्री रामलीला महोत्सव के दूसरे दिन रावण अत्याचार एवं राम जन्म की मनमोहक लीला का मंचन किया गया। मंचन में परमानंद गुप्ता ने राजा दशरथ, बसंत लाल गुप्ता ने गुरु वशिष्ठ, ओम प्रकाश गुप्ता ने श्रृंगी ऋषि, अनूप कुमार गुप्ता ने शंकर, महेंद्र कसौधन ने रावण का अभिनय किया। इस मौके पर राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, इंद्रपाल गुप्ता, मनोज, गौरी शंकर, रजनीश कमलापुरी, गणेश चंद गुप्ता आदि मौजूद रहे। रामलीला के दौरान विनोद कुमार, अरुण सिंह, बनारसी लाल, मोनू गुप्ता, सचिन, कृष्णा ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।
