जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस ने अंतर जनपदीय पशु तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार कर 15 राशि गोवंश, परिवहन में प्रयुक्त एक अदद ट्रक व कार बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने आज यहां बताया कि उमरी बेगमगंज थाने की पुलिस ने मंगलवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुखबिर खास की सूचना पर समधी पुरवा तिराहा के पास से गोवंश की तस्करी करने वाले तीन अभियुक्तों पप्पू उर्फ मकसूद निवासी जनपद संत कबीर नगर, सलमान निवासी जनपद अमेठी तथा अशरफ निवासी जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 राशि गोवंश व परिवहन में प्रयुक्त एक अदद ट्रक व एक अदद मारुति सुजुकी कार व जामा तलाशी के दौरान अभियुक्त पप्पू के कब्जे से एक अदद तमंचा 315 बोर मय जिन्दा कारतूस व अभियुक्त सलमान के कब्जे से एक अदद नाजायज चाकू बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध स्थानीय थाने पर गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम व आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर जेल रवाना किया गया।
