जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। अदालतों में प्रभावी पैरवी करके अपराधियों को सजा दिलाने वाले थाने के पैरोकारों को देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक इन दिनों खुले हाथ से पुरस्कार दे रहे हैं। उनका कहना है कि पैरोकार पूरी मेहनत, लगन एवं निष्ठा से पैरवी करके अपराधियों को सजा दिलाएं। विभाग की तरफ से उनको पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। डीआइजी उपेन्द्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को बलरामपुर जिले के अपर जिला सत्र न्यायाधीश द्वारा रमेश उर्फ छोटकऊ पुत्र सीताराम निवासी बेनीडीह रतनपुर थाना ललिया जनपद बलरामपुर को दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के तहत दोषी पाते हुये 10 वर्ष सश्रम कारावास व 10 हजार रुपये के अर्थदंड से दण्डित किया गया। ज्ञातव्य हो कि थाना ललिया क्षेत्रांतर्गत 11 वर्षीय बालिका को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के सम्बन्ध में थाना ललिया पुलिस द्वारा वर्ष 2016 में आईपीसी व पाक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कराते हुये दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। उक्त मुकदमे की डीआइजी के स्तर से निरंतर मानीटरिंग की जा रही थी। आज अदालत से उसे सजा मिलने पर डीआइजी के द्वारा प्रभावी पैरवी करने वाले विशेष लोक अभियोजक कुलदीप सिंह व पवन कुमार वर्मा को प्रशस्ति पत्र व पैरोकार हेड कांसटेबल गामा प्रसाद को प्रशस्ति पत्र व 1000 रुपए नकद पुरस्कार से एवं मानीटरिंग सेल में नियुक्त कर्मचारी गण को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। डीआइजी ने कहा कि उनके द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं से सम्बन्धित अभियोगों को परिक्षेत्र स्तर पर चिन्हित किया गया है, जिसमें समय-समय पर इन मुकदमों की स्थिति की जानकारी ली जाती है। साथ ही सम्बन्धित को प्रभावी पैरवी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी निर्गत किये जा रहे हैं।
यह भी पढें : चेयरमैन के आदेश के खिलाफ प्रदेश भर में रही हड़ताल
महत्वपूर्ण सूचना
गोंडा जिले के युवा जिलाधिकारी डा. उज्ज्वल कुमार और नवागत सीडीओ गौरव कुमार की अगुवाई में जिले में बड़े बदलाव की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। दोनों युवा अधिकारी Transforming Gonda के नारे के साथ जिले के चाल, चरित्र और चेहरे में आमूल चूल परिवर्तन लाना चाहते हैं। जिले के विकास के लिए शुरू की गई अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे कोशिशों का परिणाम है। आगामी 21 जून को जब पूरा विश्व योग दिवस मना रहा होगा, तब योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि की जन्म स्थली पर इन दोनों अधिकारियों ने कुछ विशेष करने का निर्णय लिया है। लक्ष्य है कि जिले की बड़ी आबादी को उस दिन योग से जोड़ा जाय। इस क्रम में अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जनपद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए YOGA DAY GONDA नाम से एक फेसबुक पेज बनाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी सूचनाएं, गतिविधियों आदि की जानकारी व फोटोग्राफ इत्यादि इसी पेज पर शेयर किए जाएंगे। कृपया आप इसका महत्वपूर्ण हिस्सा बनते हुए इससे जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पेज को LIKE करें तथा अपने परिचितों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।
