देवेश शर्मा
इटावा। जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम ललितपुर में एक माह पूर्व एक किसान के यहां हुई लख्खी चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए चोरी की घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपित पुलिस को चकमा देकर मोटर साइकिल पर सवार होकर भाग जाने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा व दो छुरे के अलावा चुराये गये सोने चांदी के जेवरात और एक चोरी की मोटर साइकिल भी बरामद किये है।
प्रभारी निरीक्षक अंजन कुमार सिंह को मुखबिर के जरिये सूचना मिली की तकरीबन आधा दर्जन लोग मोटर साइकिल पर सवार होकर व्यासपुरा बम्बिया के पास स्थित आम के बाग में आकर रुके है और वह लोग कोई अपराधिक घटना अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस पर उन्होंने उपनिरीक्षक सुबोध सहाय व अन्य पुलिस कर्मियों के साथ आम के बाग मे पंहुचे, जहां आधा दर्जन के करीब संदिग्ध लोग बैठकर लूट की योजना बना रहे थे। पुलिस टीम ने उनकी घेराबंदी शुरु कर दी। वहीं मौके पर पुलिस को आया देख तीन लोग एक मोटर साइकिल पर सवार होकर भाग निकले। वहीं तीन लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस उनको अपने साथ पुलिस स्टेशन लायी और उनसे कड़ाई के साथ पूछताछ की तो पकड़े गये। तीनों युवक ने अपने नाम अमन पुत्र अनिल नागर निवासी गोविंद नगर गिरधारी पुरा भरथना सागर बाल्मीकि पुत्र शंकर, मोंटी कंजड़ पुत्र शम्मी कंजड़ निवासी गिहार नगर कांशीराम कालोनी बताया। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे तीनों आरोपियों ने एक माह पूर्व थाना क्षेत्र के ग्राम ललितपुर मे किसान विकास कुमार पुत्र सुग्रीव सिंह के यहाँ घटी चोरी की घटना भी स्वीकारने के साथ बताया कि 20 अक्टूबर की रात में हम तीनों लोगों के अलावा मौके से पुलिस को देखकर भागे जीतू बाल्मीकि पुत्र शंकर बाल्मीकि, सोनू पाल पुत्र अखिलेश निवासी कांशीराम कालोनी के अलावा बृजेश पुत्र हाकिम सिंह निवासी खुशहाल पुर भरथना ने मिलकर चोरी की घटना अंजाम दी थी। इसमें चोरी किये सामान में से कुछ सामान तो उन लोगों ने मिल बांट कर ठिकाने लगा दिया। कुछ सामान ठिकाने लगा पाते, इससे पूर्व ही पुलिस ने उनको धर पकड़ा। पकड़े गये आरोपियों ने यह भी बताया कि वह आम के बाग मे बैठकर लूट की योजना बना रहे थे कि तभी वह लोग पुलिस की गिरफ्त में आ गये। जामातलाशी लेने पर पुलिस ने पकड़े गये आरोपियों के पास से एक अदद 315 बोर तमंचा और उसके दो जिन्दा कारतूस, एक लोहे का सरिता व दो.छुरे बरामद करने के साथ ग्राम ललित पुर मे किसान के घर से चोरी किये गये दो पीली धातु की जंजीर एक अंगूठी चार झुमकिया,तोड़िया व बिछिया भी बराद की । पुलिस ने पकड़े गये आरोपियों के पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। प्रभारी निरीक्षक अंजन कुमार सिंह ने बताया कि मौके से भागे तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गयी जिनको पुलिस द्वारा शीघ्रातिशीघ्र गिरफ्तार किया जाऐगा।
