सुरभि सिन्हा
वरुण धवन, कियारा आडवाणी, नीतू कपूर और अनिल कपूर की आगामी फिल्म ‘जुग जुग जियो’ इन दिनों चर्चा में है। हाल ही में चंडीगढ़ में चल रही फिल्म के पहले शेड्यूल की शूटिंग पूरी हुई है। इस बात की जानकारी खुद अभिनेता वरुण धवन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर दी।इस वीडियो में वरुण ‘जुग-जुग जियो’ वाली टीशर्ट पहने हुए हैं, वीडियो में उनका फेस नजर नहीं आ रहा है। वीडियो को शेयर करते हुए वरुण ने लिखा-”चंडीगढ़ में फिल्म जुग-जुग जियो का पहला शेड्यूल पूरा हुआ। मैं कोविड से ठीक हुआ और फिर से वापसी कर ली है।’

हाल ही में अभिनेत्री नीतू कपूर ने फिल्म के पहले शेड्यूल में अपने हिस्से की शूटिंग कम्प्लीट की थी। हालांकि शूटिंग के दौरान नीतू कपूर और वरुण धवन दोनों कोरोना पॉजिटिव भी हो गए थे, लेकिन जल्द दोनों ने इसे मात देकर सावधानी और सुरक्षा के साथ काम पर वापसी की और फिल्म की शूटिंग को पूरा किया। फिल्म ‘जुग जुग जियो’ एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म हैं। खास बात यह है कि लम्बे समय से फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के बावजूद अनिल कपूर और नीतू कपूर की जोड़ी पहली बार रुपहले पर्दे पर सबके सामने होगी। फिल्म में वरुण और कियारा पति-पत्नी के किरदार में होंगे। फिल्म जुग-जुग जियो का निर्देशन राज मेहता कर रहे हैं।
