जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले में तरबगंज से भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय ने सोशल मीडिया पर उनका फर्जी अकाउंट बनाए जाने को लेकर स्थानीय थाने में अभियोग दर्ज कराया है। तरबगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी सौरभ वर्मा ने सोमवार को बताया कि भाजपा विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय द्वारा स्थानीय थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसमें कहा गया है कि सोशल मीडिया फेसबुक पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ‘तरबगंज की आवाज’ नाम से अकाउंट बनाकर इस पर न केवल भड़काऊ पोस्ट किए जा रहे हैं, बल्कि कवर पेज पर उनकी फोटो लगाकर समाजवादी पार्टी को वोट देने की अपील की जा रही है। शिकायत के अनुसार, इस फर्जी अकाउंट के प्रोफाईल पर लोकसभा क्षेत्र कैसरगंज से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी भगत राम मिश्र के चुनाव प्रचार वाले स्टीकर की तरह का फोटो लगा है, जिसमें कैसरगंज संसदीय सीट पर आगामी 20 मई 2024 को होने वाले मतदान के दिन समाजवादी पार्टी के पक्ष में वोट देने की अपील की गयी है। विधायक ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी से तरबगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। ऐसे में कूटरचित फर्जी फेसबुक अकाउंट से स्पष्ट है कि किसी अज्ञात शरारती तत्व के द्वारा भारतीय जनता पार्टी व उनकी छवि को धूमिल करने का कुचक्र रचा जा रहा है। यह संज्ञेय अपराध है। सीओ ने बताया कि विधायक की तहरीर पर तरबगंज थाने में भादवि की धारा 419, 171जी, 171एफ व आइटी एक्ट की धारा 66डी के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
फेसबुक अकाउंट पर विधायक ने दी सफाई
तरबगंज की आवाज के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट के जरिए कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र के सपा प्रत्याशी भगतराम मिश्र के पक्ष में वोट करने की अपील करने मामले में विधायक तरबगंज प्रेमनरायन पांडेय ने सफाई दी है। विधायक ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा है…’तरबगंज की आवाज’ के नाम से मुझे व भारतीय जनता पार्टी को बदनाम करने के लिए भ्रामक पोस्ट करने का मामला संज्ञान में आने पर थाना तरबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और कैसरगंज से भाजपा प्रत्याशी व प्रिय भतीजे करण भूषण को प्रचंड मतों से कमल खिलाकर विजयी बनाएं।
यह भी पढें : वोट देने में चूके तो अयोध्या में लगेगा ‘बाबरी’ ताला-गृहमंत्री
हमारी अन्य खबरों को सीधे पोर्टल पर जाकर भी पढ़ सकते हैं। इसके लिए क्लिक करें : www.hindustandailynews.com
कलमकारों से ..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी सम्पादक मोबाइल 09452137310 E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com
