श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे पर जाम लगाकर सीडीओ को सौंपा मांग पत्र
रोहित कुमार गुप्ता
उतरौला, बलरामपुर। स्थानीय तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग को लेकर पिछले महीने की 16 तारीख से चल रहा अधिवक्ताओं का आंदोलन गुरुवार को सड़क पर आ गया। जिला प्रशासन व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वकीलों ने उतरौला श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे के चारों तरफ के मार्ग पर जाम लगाकर आवागमन बंद कर दिया। चिलचिलाती धूप में लगभग डेढ़ घंटे के जाम के बाद वकीलों ने मुख्य विकास अधिकारी रिया केजरीवाल को मांगों का ज्ञापन दिया। चौराहे पर वकीलों को संबोधित करते हुए अधिवक्ता संघ अध्यक्ष प्रहलाद यादव ने कहा कि तहसीलदार का आचरण वादकारियों व अधिकारियों के हित मे नहीं है। डीएम ऐसे भ्रष्ट अधिकारी को संरक्षण देकर वकीलों के आक्रोश को बढ़ा रही हैं। अगर हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो आने वाले समय में उतरौला में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन भी नहीं होने दिया जाएगा। महामंत्री अखिलेश सिंह ने कहा कि तहसीलदार न्यायालय पर हुए विवादित फैसलों की न्यायिक जांच कराई जाए व तहसीलदार की संपूर्ण संपत्ति की जांच कराई जाए। कार्यक्रम को राम सूरत यादव, सुधीर श्रीवास्तव, मुस्तफा हुसैन, वीरेंद्र सिन्हा, रघुवंश सिंह, गिरीश पांडेय, सियाराम मिश्र ने भी संबोधित किया। राकेश श्रीवास्तव, सुशील कुमार, अनीसुल हसन, अब्दुल मुईद सिद्दीकी, आलोक कुमार गुप्त, दिनकर श्रीवास्तव, विजय प्रकाश, आशीष कसौधन समेत सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे। वकीलों के आंदोलन के दृष्टिगत पांच थानों की फोर्स के साथ एसडीएम संतोष ओझा, सीओ उदयराज सिंह पूरे समय तक डटे रहे। जाम के कारण मनकापुर, बस्ती व बलरामपुर राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आवागमन बहाल करने में पुलिस को लगभग दो घंटे कड़ी धूप में मेहनत करनी पड़ी।

यह भी पढ़ें : हाथ जोड़कर माफी मांगे बिना राज ठाकरे को अयोध्या में घुसने नहीं दूंगा : बृजभूषण
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
