संवाददाता
बलरामपुर। नई रायफल खरीदकर हर्ष फायरिग करना दो भाइयों को महंगा पड़ गया। गर्मजोशी से फायरिग करते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने पर पुलिस ने रेहराबाजार थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद निवासी फरहान खां व फरहत सूरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दोनों भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रेहरा बाजार थानाध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि हुसैनाबाद निवासी फरहान खां ने चार दिन पहले लाइसेंस मंजूर होने के बाद रायफल खरीदी थी। 19 जनवरी की शाम फरहान व उसके भाई ने अपने घर की छत पर रायफल से फायरिग की। उत्साह इतना था कि फायरिग का वीडियो बनाकर खुद ही इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो फैलते ही हुसैनाबाद चौकी प्रभारी शंभू सिंह ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए दोनों के खिलाफ थाने पर तहरीर दी। मुकदमा लिखकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
