Tuesday, March 3, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलबलरामपुरBalrampur News:प्लाईवुड फैक्ट्री का बॉयलर फटा, एक की मौत, दो झुलसे

Balrampur News:प्लाईवुड फैक्ट्री का बॉयलर फटा, एक की मौत, दो झुलसे

संवाददाता

बलरामपुर। जिले के पचपेड़वा थाना क्षेत्र के मधवानगर सेमरहना में लगे प्लाईवुड फैक्ट्री का ब्वायलर फटने से झुलसे एक श्रमिक की मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे दूसरे मजदूर को संयुक्त जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना मंगलवार सुबह करीब सवा नौ बजे हुई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। जैतापुर-गनेशपुर मार्ग स्थित मधवानगर सेमरहना गांव में पूर्व विधायक बिंदूलाल के बेटे राजेश कुमार ने प्लाईवुड फैक्ट्री लगा रखी है। बताया जाता है कि यह फैक्ट्री राजेश ने सीतापुर के तंबौर निवासी आरिफ अन्नू, सफीक व कलीम को 80 हजार रुपए प्रतिमाह की दर से किराए पर दे रखा है। फैक्ट्री में करीब 50 श्रमिक काम करते हैं, जिसमें अधिकांश सीतापुर के निवासी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ठेकेदार ने श्रमिकों को प्लाई एकत्रित करने में लगा रखा था। ग्राम सुरेवाला थाना तंबौर जिला सीतापुर निवासी गंगाराम (45) पुत्र मुरली व 50 वर्षीय हारुन पुत्र वारिस ब्वायलर को हीट करने में लगे थे। अधिक गर्म होकर ब्वयालर अचानक फट गया। फैक्ट्री के चारों ओर धुंआ फैल गया। अधिकांश मजदूर काम छोड़कर भाग निकले। धुंआ हटने के बाद पहुंचे श्रमिकों ने देखा कि गंगाराम व हारुन बुरी तरह झुलसे पड़े हैं। दोनों को पचपेड़वा सीएचसी ले जाया गया। चिकित्सक ने गंगाराम को मृत घोषित कर दिया। हारुन की हालत गंभीर देखकर उन्हें संयुक्त जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा ने बताया कि मौके पर प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सरोज को भेजा गया था। प्लाईवुड फैक्ट्री जरवा रोड थाना तुलसीपुर निवासी राजेश पुत्र बिंदूलाल के नाम है। शांति व्यवस्था बनी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
वन विभाग का मानना है कि प्लाईवुड फैक्ट्री का लाइसेंस कालातीत हो चुका है। जबकि फैक्ट्री मालिक राजेश कुमार ने वर्ष 2024 तक लाइसेंस शुल्क विभाग में जमा होने की बात कही है। बताया जाता है कि प्लाईवुड फैक्ट्री पहले दूसरे स्थान पर लगी थी। वह एरिया जंगल से दस किलोमीटर की क्षेत्र में था। वन विभाग की आपत्ति पर करीब छह साल पहले पूर्व विधायक बिंदूलाल ने फैक्ट्री को मधवानगर सेमरहना में स्थापित करवा दिया। भांभर रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी कोटेश त्यागी का कहना है कि लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं हुआ था, इसलिए फैक्ट्री अवैध है। राजेश ने बताया कि उन्होंने विभाग में वर्ष 2024 तक रिनीवल का पैसा जमा किया है। फैक्ट्री बंद करने की नोटिस विभाग ने नहीं दी।

RELATED ARTICLES

Most Popular