Wednesday, February 11, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलबलरामपुरBalrampur News:पुलिस टीम से भिड़े अवैध खनन के आरोपी पिता-पुत्र

Balrampur News:पुलिस टीम से भिड़े अवैध खनन के आरोपी पिता-पुत्र

संवाददाता

बलरामपुर। जिले के महराजगंज तराई थाना क्षेत्र में पहाड़ी नाला से बालू का अवैध खनन करते पकड़े जाने पर पिता-पुत्रों व पुलिस कर्मियों से झड़प हुई। प्रभारी निरीक्षक व हमराहियों से भी मनबढ़ पिता-पुत्रों की काफी देर तक बहस होती रही। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने मनबढ़ों पर काबू पाया। कांस्टेबल की तहरीर पर पिता व उसके दो पुत्रों के विरुद्ध बालू के अवैध खनन तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज हुआ है। घटना स्थानीय थाना अंतर्गत डफालीपुरवा गांव के पास सोमवार सुबह लगभग 11 बजे हुई है। पुलिस ने पिता-पुत्रों को गिरफ्तार कर लिया है। बालू भरी ट्राली व दो मोटर साइकिल कब्जे में ली है। जोधीपुरवा थाना ललिया निवासी जगदम्बा पाठक ने हर्रैया थाने के भुजेहरा गांव में आठ साल पहले पक्का मकान बनाया है। पूर्व में वह पुत्रों के साथ चंडीगढ़ में रहकर कमाई करते थे। तीन साल पहले वह सपरिवार भुजेहरा आकर रहने लगे हैं। लगभग दो माह पूर्व जगदम्बा पाठक ने नई ट्रैक्टर-ट्राली खरीदी है। गांव के ठीक बगल खैरहनिया पहाड़ी नाला है। ग्रामीणों की माने तो वह नियमित बालू का अवैध खनन करते थे। सोमवार सुबह महराजगंज तराई थाने में तैनात कांस्टेबल राजू, ललित व उत्तम ने जगदम्बा के पुत्रों सुभम पाठक (26) व सूरज पाठक (22) को चिरौंजीपुर के निकट पहाड़ी नाले से बालू का अवैध खनन करते देखा। कुछ श्रमिक नाले का बालू ट्राली में लोड कर रहे थे। पुलिस कर्मियों को देख मजदूर भाग निकले। शुभम व सूरज भी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर डफालीपुर गांव की ओर जाने लगे। पुलिस कर्मियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। उनके पास बालू का कोई कागज नहीं था। बातचीत चल रही थी कि उसी बीच जगदम्बा पाठक भी पहुंच गए। जगदम्बा ने पहुंचते ही तेज आवाज में पुलिस कर्मियों से बहस शुरू कर दी। उनके ललकारने पर दोनों बेटों ने पुलिस कर्मियों से अभद्रता की। दबाव में आए पुलिस कर्मी पीछे हट गए। मौका देखकर मनबढ़ पिता-पुत्र ट्रैक्टर लेकर भाग निकले। ट्राली में लदा अधिकांश बालू खेत में गिरा दिया। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक पीएन तिवारी हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पिता-पुत्रों ने बालू का अवैध खनन करने की बात से इनकार कर दिया। पुलिस कर्मियों ने पकड़कर उन्हें गाड़ी में बैठाना चाहा तो वे उनसे भिड़ गए। पिता-पुत्रों पर काबू पाने में पुलिस को 20 मिनट लगा। पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने बताया कि पिता-पुत्रों के विरुद्ध बालू के अवैध खनन व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया गया है। शाम ढलते ही खैरहनिया व उसके आस-पास बालू के अवैध खनन का काम शुरू हो जाता है। महराजगंज तराई, हर्रैया व ललिया थाना क्षेत्र की सीमा नाले से सटी है। बताया जाता है कि दर्जनभर लोग बालू के अवैध खनन में लिप्त हैं। दस ट्रैक्टर-ट्रालियां बलरामपुर से बालू ढुलाई के लिए जाती हैं। बालू सिंडीकेट से जुड़े लोग हर नाके पर खड़े रहते हैं। पुलिस की गाड़ी देखते ही अवैध खनन में लगे लोगों को सूचना दे देते हैं। ग्रामीणों की माने तो शाम ढलने के बाद नाले की ओर पुलिस कर्मियों का आना-जाना बढ़ जाता है। बावजूद इसके बालू का अवैध खनन करने वाले लोग प्रतिदिन बेखौफ होकर अपने काम को अंजाम देते हैं। यह काम पिछले कई वर्षों से चल रहा है। अवैध तरीके से खोदा गया बालू नगर मुख्यालय पर सस्ते दर पर बिक रहा है।

यह भी पढें : 50 दिन से लापता युवक का नर कंकाल बरामद

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना Application निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular