रोहित कुमार गुप्ता
उतरौला, बलरामपुर। स्थानीय प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भू-माफियाओं से करीब तीन करोड़ की सरकारी जमीन खाली कराई है। उपजिलाधिकारी सन्तोष कुमार ओझा ने बताया कि उतरौला तहसील के ग्राम जनुका गुजर में सरकारी तालाब व बंजर जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। जानकारी मिलने पर मामले की जांच कराई। मामला सही पाने पर उपजिलाधिकारी ने भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई शुरू की। प्रशासन की कार्रवाई में 17.67 एकड़ की तालाब, परती, बंजर भूमि पर खातुन्निशा मोहम्मद कलीम जसराम वर्मा आदि के नाम पर अनाधिकृत रूप से कब्जा कर रखा था। उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में लगभग तीन करोड़ रुपए की भूमि मुक्त कराई गई।
उप जिलाधिकारी उतरौला द्वारा अपने न्यायालय में सरकार बनाम खातूननिशा आदि अंतर्गत धारा 38 (1) उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 तथा सरकार बनाम कमरून जहां आदि के अंतर्गत धारा 38 (1) उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 आदेश द्वारा तलाब बंजर परती भूमि पर अनाधिकृत रूप से दर्ज खातेदारों का नाम निरस्त कर पूर्ववत तालाब बंजर परती भूमि के खाते में दर्ज कर दिया गया है। एसडीएम के इस कार्रवाई से भू-माफियाओं में हड़कम्प मच गया है। उन्होंने बताया कि भूमाफियाओं को चिन्हित करने का काम किया जा रहा है। आगे भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
