Saturday, March 28, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलबलरामपुरBalrampur : बेटा ही निकला मां का हत्यारा

Balrampur : बेटा ही निकला मां का हत्यारा

संवाददाता

बलरामपुर। जिले के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के रघवापुर गांव में बीते दिनों हुई महिला की हत्या का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। महिला को उसके ही बेटे ने सिर पर लाठी मारकर मौत के घाट उतारा था। महिला द्वारा निर्वंशी कहने पर बेटे ने गुस्से में ये वारदात अंजाम दी थी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में पूर्व में नामजद किए गए चार आरोपी बेकसूर निकले हैं। विदित हो कि गत चार अगस्त को रघवापुर निवासी प्रेम नारायण की पत्नी प्रेमा देवी (50) का शव गांव के बाहर गन्ने के खेत में मिला था। मृतका के सिर पर चोट के निशान थे। प्रेम नारायण ने भूमि विवाद का हवाला देते हुए गांव के ही बैजनाथ, भगवती गिरि, लवकुश तथा संजय के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन घटना के समय उस स्थान के आसपास भी नहीं पाई गई। इस पर पुलिस ने अन्य पहलुओं पर भी तफ्तीश की। पुलिस ने प्रेमा के बेटे नंदलाल से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। नंदलाल ने बताया कि उसके कोई संतान नहीं है। मां बार-बार निर्वंशी होने का ताना देती थी। तीन अगस्त को घर में दूध फटने पर मां-बेटे में कहासुनी हुई थी। तभी नंदलाल ने गुस्से में मां के सिर पर लाठी से प्रहार कर दिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। उसने परिजनों से हत्या की बात छिपा ली थी। एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी बेटे की निशानदेही पर कोतवाली देहात के इंस्पेक्टर राजकुमार सरोज की टीम ने घटना में प्रयुक्त लाठी बरामद कर ली है। केस दर्ज कर आरोपी नंदलाल को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया है। जबकि पूर्व में नामजद किए गए चारों आरोपी बेकसूर साबित हो गए हैं।

करंट लगने से युवक की मौत

बलरामपुर जिले में तुलसीपुर विकास खण्ड के अन्तर्गत ग्राम नेबोरिया में शनिवार की रात प्रधान राधेश्याम चौरसिया के भाई का करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, स्वामी नाथ (42) पुत्र धनीराम ने बीती रात घर के सामने लगे बिजली खंभा की लाइट जलाने के लिए जैसे ही स्विच ऑन किया तो उसमें करंट उतर आया। उसके चपेट में आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस दुःखद घटना को सुनते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह उनके घर पहुंच कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। परिजनों से मिलकर परिवार के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त की।

घारी जलने से दो भैसें मरीं

बलरामपुर जिले के पचपेड़वा थाना क्षेत्र के नारायणपुर जुलवानिया ग्राम पंचायत के नारायणपुर में शनिवार की रात राम नारायन उर्फ भदई कहार पुत्र सुकई की घारी जलने से उसमें बंधी दो भैंस की झुलसकर मौत हो गई। वही दो बैल व दो भैंस के बच्चे भी झुलस गए। झुलसे जानवरों का इलाज पशु चिकित्सक की ओर से किया जा रहा है। मौके पर हल्का लेखपाल राजीव पटेल ने पहुंचकर घटना का जायजा लिया। क्षति का आकलन कर शीघ्र ही उन्हें सहायता राशि दिलाने की बात कही।

यह भी पढें : छह वर्ष से फरार CO व SO को नहीं खोज पा रही पुलिस

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular