गली, मोहल्ले में घूमकर राहगीरों, वाहन चालकों को कर रहे घायल
रोहित गुप्ता
बलरामपुर। जनपद में आवारा गोवंशों की भरमार है। हर गली हर मोहल्लों में आवारा पशु घूमते नजर आ जायेंगे। नगर के गली मोहल्लों में घूमते ये आवारा गोवंश नागरिकों का चलना दुश्वार किये हैं, बल्कि इनके हमलों से लोग एक के बाद एक घायल, यहां तक कि मौत का शिकार हो रहे हैं। नगर के गदुरहवा, बलुहा, सराय फाटक, नौशहरा, भगवतीगंज, खलवा, पूरबटोला, पहलवारा, सिविल लाइन, टेढ़ी बाजार, बड़ा पुल, वीर विनय चौराहा, अलिजान पुरवा, नई बस्ती और तुल्सीपार्क आदि में शाम होते ही छुट्टा पशुओं का जमावड़ा लग जाता है। इसी तरह उतरौला बाजार में आसाम रोड चौराहा, बाबा पक्कड़ दास चौराहा, सुभाष नगर, गांधी नगर, आर्य नगर, हाटन रोड, गोंडा मोड़ तिराहा, बड़ी मस्जिद के पास जैसे मोहल्लों में बड़ी संख्या में आवारा गोवंश देखे जा सकते हैं, जो लगातार नागरिकों को अपना निशाना बना रहे हैं। पिछले दिनों दो सांड़ों में हो रही लड़ाई से एक बाइक सवार हादसे का शिकार हो गया। इन आवारा गौवंशों को पकड़ने की जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन की लापरवाहियों की वजह से यह आवारा मवेशी नगर में घूम घूमकर नागरिकों को अपना निशाना बनाते रहते हैं। मुख्यमंत्री या किसी बड़े नेता या किसी बड़े अधिकारी के बलरामपुर आगमन पर मुख्य सड़कों पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगा कर आवारा पशुओं को मुख्य सड़कों पर आने से रोक दिया जाता है, लेकिन उनके चले जाने के बाद यह आवारा पशु सड़कों और गलियों में घूम कर लोगों को अपना निशाना बनाते रहते हैं। पिछले कुछ हफ़्तों में आवारा पशुओं के हमले में कई लोग घायल हो चुके हैं। आवारा गोवशों (सांड) ने शनिवार को पूरबटोला पुलिस चौकी के सामने गली में हमला करके एक युवक को घायल कर दिया, जिसका इलाज एक प्राइवेट चिकित्सक के यहाँ चल रहा है। आवारा सांड़ गदुरहवा मोहल्ले में हमला कर दो महिलाओं को घायल कर चुके हैं। भगवतीगंज में सांड़ ने हमला करके खलवा मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति को गम्भीर रूप से घायल कर दिया था, जिन्हें बहराइच के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गयी।
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
