बलरामपुर(हि.स.)। ऑनलाइन व विभिन्न माध्यमों से आए जाति, आय, निवास, जन्म-मृत्यु, एवं दिव्यांग प्रमाण पत्रों को समय से जारी न किए जाने पर गुरुवार को डीएम ने नाराजगी जताते हुए 16 अधिकारियों के एक दिन का वेतन रोकते हुए तीन दिन के अन्दर स्पष्टीकरण मांगा है।
डीएम कृष्णा करुणेश ने बताया कि गुरुवार को लम्बित आवेदनों की समीक्षा में यह पाया गया कि 1438 आवेदन निस्तारण हेतु लम्बित है, जिनके निस्तारण में संबन्धित अधिकारी द्वारा विशेष रुचि नहीं ली जा रही है। जिनका समय से निस्तारण किया जाना आवश्यक है।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के समीक्षा में पाया गया कि 722 आवेदन संबन्धित अधिकारी स्तर पर निस्तारण हेतु लम्बित है। निवास प्रमाण पत्र में उपजिलाधिकारी बलरामपुर स्तर से 116, उप जिलाधिकारी उतरौला 159 व उप जिलाधिकारी तुलसीपुर स्तर से 83, जबकि तहसीलदार बलरामपुर स्तर से 38 जाति व 131 आय प्रमाण पत्र, तहसीलदार उतरौला 30 जाति व 64 आय प्रमाण पत्र, तहसीलदार तुलसीपुर स्तर से 31 आय प्रमाण पत्र लम्बित पाये गये हैं।
इसी प्रकार सहायक विकास अधिकारी बलरामपुर, हर्रैया-सतघरवा, तुलसीपुर, गैंसड़ी पचपेड़वा, रेहरा बाजार, श्रीदत्तगंज, गैण्डास बुजुर्ग, उतरौला स्तर से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र लम्बित पाये गये व मुख्य चिकित्साधिकारी बलरामपुर स्तर से 62 दिव्यांग प्रमाण पत्र लम्बित पाये गये है।
डीएम ने बताया कि आय, जाति, निवास सहित अन्य प्रकरणों के समय से निस्तारण न किए जाने को लेकर संबंधित 16 अधिकारियों के एक दिन के वेतन रोकने का निर्देश दिया गया है। सभी से तीन दिवस के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक स्पष्टीकरण ना मिलने पर विभागीय कार्यवाही की जाएगी।
Balrampur : डीएम ने 16 अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोका
RELATED ARTICLES
